अभिजीत दीपके का कनॉट प्लेस से है बड़ा प्लान? साथियों की रिहाई तक बैठने की तैयारी
अभिजीत दीपके के मुताबिक आशुतोष रांका और सौरभ दास को महज तिरंगा फहराने के लिए जेल भेज दिया गया है। इसका विरोध जताने के लिए वे दिल्ली में तिरंगा मार्च निकालेंगे। लेकिन खुफिया सूत्रों ने इस पर एक बड़ी चिंता जाहिर की है।

अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी पिछले दरवाजे से बड़े कांड को अंजाम दे सकती है। खुफिया सूत्रों ने इसकी आशंका जाहिर की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली के कनॉट प्लेस के पास शुक्रवार को CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसियों को आशंका है कि तिरंगा फहराने के बाद भी CJP वहीं अड़ी रहेगी। यह भी कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम के बहाने दीपके और उनकी टीम यहां दास और रांका की रिहाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर सकती है।
न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने कहा है कि संभव है प्रदर्शन की आड़ में CJP नेता रांका और सौरभ दास की रिहाई की मांग को लेकर डटे रहने की योजना बना रहे हैं। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर में जबरन घुसने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका और सौरभ दास को गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें बीते बुधवार को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
भड़के हुए हैं दीपके
अपने साथियों की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दीपके भड़के हुए हैं। दीपके के मुताबिक आशुतोष रांका और सौरभ दास को महज तिरंगा फहराने के लिए जेल भेज दिया गया है। इसका विरोध जताने के लिए उन्होंने दिल्ली में तिरंगा मार्च निकालने का आह्वान किया है। लेकिन खुफिया सूत्रों का कहना है कि शाम 5 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी CJP समर्थक सेंट्रल पार्क खाली करने से इनकार कर सकते हैं।
जून में भी हुआ था यही खेल
यह आशंका इसीलिए भी है क्योंकि बीते जून में हुए नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान भी केवल शाम 5 बजे तक ही कार्यक्रम की इजाजत थी, लेकिन बाद में यह प्रदर्शन एक महीने से अधिक समय तक धरने में बदल गया था। अब एक बार कॉकरोचों ने भारी संख्या में लोगों से जुटने की अपील की है। ऐसे में चिंताएं बढ़ गई हैं। फिलहाल सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए NDMC ने सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर के लिए बंद कर दिया है।
दिल्ली पुलिस ने कसी कमर
इस बीच विरोध प्रदर्शन से पहले राजधानी के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले से ही तैनात हैं। दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि पुलिस ने रणनीतिक स्थानों पर कर्मियों को तैनात किया है, बैरिकेड लगाए गए हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों और यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी।

