अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास पर नई मुसीबत, अब SC/ST एक्ट में फंसे
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार देश में अघोषित आपातकाल थोप रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार देश में आपातकाल लगाना चाहती है तो आधिकारिक तौर पर लगाए।

अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका एक बार फिर फंस गए हैं। पुलिस ने बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी के इन नेताओं और कुछ स्वतंत्र पत्रकारों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में स्वतंत्र पत्रकार रोजी, गजेंद्र सिंह और सीजेपी के दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह को नामजद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के कनॉट प्लेस सब-डिवीजन के एसीपी विवेक भगत की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। एफआईआर में एसीपी को लेकर अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। बता दें कि आशुतोष रांका और सौरभ दास को बुधवार को ही 5 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। कोर्ट ने पाबंदी के बावजूद जंतर-मंतर में जबरन घुसने और सुरक्षा घेरा तोड़ने के मामले में गिरफ्तार होने के बाद दास और रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उन्हें तिहाड़ जेल ले जाया गया है।
गिरफ्तारी के खिलाफ कल मार्च करेगी सीजेपी
सौरभ दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद CJP ने 16 अक्तूबर को कनॉट प्लेट में तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट में ये जानकारी दी। अभिजीत दीपके ने लोगों से शुक्रवार शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में एकत्र होने की अपील करते हुए कहा है कि हम झंडा फहराएंगे। दीपके ने कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते वो अपने शहर में तिरंगा फहराएं। दीपके ने कहा कि अपील करने के बाद जेल जाने की संभावना को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इससे पहले नागपुर में मीडिया से बात करते हुए दीपके ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश में अघोषित आपातकाल थोप रही। उन्होंने कहा सरकार देश में आपातकाल लगाना चाहती है तो आधिकारिक तौर पर लगाए। वहीं सीईसी के खिलाफ इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन पर पूछे जाने पर दीपके ने कहा, सीजेपी एक स्वतंत्र समूह है और हमेशा ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहा कि लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सीजेपी इंडिया गठबंधन के खिलाफ है। इंडिया गठबंधन और सीजेपी का आंदोलन एक ही उद्देश्य के लिए है।
विदेशी फंडिंग के सबूत सरकार को दें
इस बीच भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे के इस दावे पर कि भारत में हाल के विरोध प्रदर्शनों को विदेश से आर्थिक मदद मिल रही है, अभिजीत दीपके ने कहा कि वह वरिष्ठ वकील से इसका सबूत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपने का अनुरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय यह साबित नहीं कर सका। अगर साल्वे के पास सबूत हैं, तो सरकार को सौंप दें।

