सबकुछ रोक नहीं सकते, तुरंत कुछ करो; दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद रहने पर बरसे CJI सूर्यकांत
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद करने के फैसले पर सीजेआई सूर्यकांत ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आप सबकुछ रोक नहीं सकते। मेट्रो की फ्रीक्वेंसी कम की जा सकती है, लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं। हम चाहते हैं कि आप तुरंत कुछ करें।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शनिवार से जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रोटेस्ट से पहले राजधानी में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद करने का फैसला लिया गया है, जबकि दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को भी कैंसल किया गया। सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को इससे जुड़ी याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें सीजेआई सूर्यकांत सरकार पर बरस पड़े। उन्होंने दो टूक कहा कि सबकुछ रोक नहीं सकते, तुरंत कुछ करना होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि मेट्रो ट्रेनों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक नहीं होगी। अधिकारियों से कहा है कि वे 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों से पहले मेट्रो और दूसरी रेलवे सेवाओं को सही तरीके से रेगुलेटेड तरीके से चलने दें। सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए अपने फैसले का बड़े पैमाने पर प्रचार करें, और प्रोपोर्शनैलिटी के सिद्धांत को ध्यान में रखें।
CJI सूर्यकांत बोले- आप सबकुछ रोक नहीं सकते…
लाइव लॉ के अनुसार, वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सीजेआई सूर्यकांत की बेंच के सामने बताया कि सरकार ने दिल्ली मेट्रो की सेवाओं को बंद कर दिया है। इसके अलावा, ट्रेनों को भी कैंसल कर दिया गया। ऐसा कैसे हो सकता है कि पूरी दिल्ली बंद की जा रही है। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने दिल्ली मेट्रो की सेवाएं बंद करने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, ''हम मेट्रो सेवाएं बंद होने से परेशान हैं। सॉलिसिटर जनरल, हमें इस बारे में चिंता है। हमारी चिंता उन हजारों यात्रियों के बारे में है, स्टूडेंट्स, आम नागरिक जो ग्रेटर नोएडा, साउथ दिल्ली से रोजी रोटी कमाने आते हैं। हम कह रहे कि इसे नहीं रोका जाना चाहिए। आप सबकुछ रोक नहीं सकते। मेट्रो की फ्रीक्वेंसी कम की जा सकती है, लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं। वकीलों के पास कारें हैं, लेकिन क्लर्क वगैरह का क्या होगा? हम चाहते हैं कि आप तुरंत कुछ करें।''
'बेटियां, सीनियर सिटिजन्स ट्रैवल करते हैं, प्रोटेक्ट करने की जरूरत'
सुप्रीम कोर्ट से याचिकाकर्ताओं ने 10 अक्टूबर को होने वाले सीजेपी प्रोटेस्ट के लिए इजाजत मांगने की अपील की। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया है। सिब्बल ने कहा, "इसका मतलब है कि अगर केरल की ट्रेन दिल्ली पहुंच रही है, तो वह यहां नहीं आ सकती।" इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि प्रोपोर्शनैलिटी के प्रिंसिपल को मानना होगा, जबकि एक मशहूर प्रिंसिपल प्रोपोर्शनैलिटी का है। सिर्फ उतना ही करें... जितना उस प्रिंसिपल को ध्यान में रखना है। हो सकता है कि बहुत ज्यादा सावधानी के तौर पर आपने वह किया हो, आप वह करते हैं। लॉ एंड ऑर्डर आपकी जिम्मेदारी है। यह सिर्फ स्टेट प्रॉपर्टी नहीं है। बेटियां हैं, सीनियर सिटिजन्स हैं। वे ट्रैवल करते हैं, उन्हें भी प्रोटेक्ट करने की जरूरत है।''
सब कुछ रुका न रहे, यह पक्का करें: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा कि उपायों में कोई मुश्किल नहीं है, लेकिन यह पक्का करें कि सब कुछ रुका न रहे। जस्टिस बागची ने कहा कि नोटिस के मुताबिक, आज रात 9 बजे से अगले ऑर्डर तक कई मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। जज ने सुझाव दिया कि फ्रीक्वेंसी कम करना एक रेगुलेशन हो सकता है, लेकिन सर्विस को पूरी तरह से बंद करना एक बहुत बड़ा कदम होगा। जस्टिस बागची ने कहा, "ट्रेनों की आवाजाही को रेगुलेट करें, लेकिन इसे पूरी तरह से न रोकें।" इसके बाद एसजी ने जवाब दिया कि हालात के आधार पर, ट्रेनों को पूरी तरह से रोकना एक सही कदम हो सकता है।


