CEC पर विभाजित फैसले को वापस लेने की मांग पर विचार करेगा SC, CJI सूर्यकांत बोले- जल्द जांच कर लेंगे निर्णय

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

केंद्र सरकार ने इन याचिकाओं को पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेजने की मांग की थी। 23 सितंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता ने केंद्र के इस अनुरोध को खारिज कर दिया था, जबकि जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने मामले को संविधान पीठ को भेजने का समर्थन किया था।

Chief Justice of India (CJI) Surya Kant
मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत। (फाइल फोटो)

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और अन्य चुनाव आयुक्तों (EC) की नियुक्ति से जुड़े वर्ष 2023 के कानून को पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेजने के अनुरोध पर आए विभाजित फैसले को रद्द करने की मांग करने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने इस मामले का उल्लेख किया। उन्होंने पीठ को बताया कि जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ के 23 सितंबर को सुनाए गए विभाजित फैसले और साझा आदेश को वापस लेने के लिए एक अंतरिम आवेदन दायर किया गया है।

इसके साथ ही मुख्य याचिकाकर्ता जया ठाकुर ने भी इस संबंध में एक क्युरेटिव याचिका दाखिल की है। मुख्य न्यायाधीश ने दलीलें सुनने के बाद कहा, "हम इस मामले का परीक्षण करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।" याचिकाकर्ताओं ने जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा को लेकर पक्षपात की आशंका जताई है। याचिका में कहा गया है कि उनके पुत्र मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में चुनाव आयोग के वकील के रूप में कार्यरत हैं, जिससे इस मामले में हितों का प्रत्यक्ष टकराव उत्पन्न होता है।

जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा पर 'हितों के टकराव' का आरोप

याचिका में पीठ में शामिल रहे एक जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा पर 'हितों के टकराव' का आरोप लगाते हुए इस फैसले को वापस लेने की मांग की गई है। यह पूरा मामला मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा 7 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने से जुड़ा है। इस नए कानून के तहत चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को शामिल किया गया है। इस प्रावधान ने मार्च 2023 के संविधान पीठ के उस आदेश को प्रतिस्थापित कर दिया था जिसमें चयन समिति में भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया गया था।

केंद्र ने संविधान पीठ को भेजने की मांग की थी

केंद्र सरकार ने इन याचिकाओं को पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेजने की मांग की थी। 23 सितंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता ने केंद्र के इस अनुरोध को खारिज कर दिया था, जबकि जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने मामले को संविधान पीठ को भेजने का समर्थन किया था। हालांकि, मतभेद के बावजूद दोनों न्यायाधीशों ने मामले को उपयुक्त पीठ के गठन हेतु प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत के पास भेजने का साझा निर्देश दिया था। अब इस साझा आदेश और जस्टिस शर्मा के रुख पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट से इसे वापस लेने का अनुरोध किया गया है।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsCEC मामले में खंडित आदेश पर सुनवाई को तैयार CJI, बोले- जल्द जांच कर लेंगे फैसला