कोर्ट क्यों आ गए, जाकर प्रदर्शन करते, आरक्षण में बदलाव की याचिका पर बोले CJI सूर्यकांत
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने लोकसभा और विधानसभा सीटों पर आरक्षण में बदलाव को लेकर आई याचिका पर सुनवाई की। उन्होंने याचिकाकर्ता से मजाकिया लहजे में कहा कि वह कोर्ट क्यों आए हैं, उन्हें प्रदर्शन करना चाहिए था।

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश में चल रहे प्रदर्शनों पर थोड़े मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी। लोकसभा और विधानसभा सीटों पर आरक्षण पर बदलाव की मांग करने वाली एक याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने याचिका कर्ता से कहा कि वह इसके लिए कोर्ट क्यों आए हैं, वह विरोध प्रदर्शन कर सकते थे। इस पर याचिका कर्ता के वकील ने भी मजाकिया लहजे में अपनी बात को रखते हुए कहा कि उनका विरोध प्रदर्शन का कोई इरादा नहीं है, वैसे भी याचिका कर्ता का गला खराब है।
यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट में विधानसभा और लोकसभा सीटों में मिलने वाले आरक्षण के खिलाफ लगी एक याचिका के दौरान हुआ। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की 191 कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदाता ने दायर की गई याचिका में कहा कि 1952 से लेकर अभी तक यह सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए ही आरक्षित है। इसमें बदलाव किया जाए। याचिका कर्ता के मुताबिक, पिछले सात दशक से इस सीट पर केवल एससी समुदाय के लोग ही चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में विधानसभा क्षेत्र के केवल चार या पांच परिवारों को ही राजनीतिक फायदा हुआ है।
लोकसभा, विधानसभा सीटों में रोटेशन की मांग
इस याचिका की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस वी. मोहना और जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने की। सीजेआई सूर्यकांत ने हल्के-फुल्के अंदाज में शुरुआत करते हुए कहा, "आप गलत नंबर डायल कर रहे हैं। यह तो विरोध प्रदर्शनों का दौर है। शायद आपको भी ऐसा ही करना चाहिए।" इसके बाद याचिकाकर्ता ने भी गला खराब होने की बात कही।
याचिका कर्ता ने तर्क दिया कि रोटेशन प्रणाली लागू न होने की वजह से संविधान के आर्टिकल 14,15 और 19 का उल्लंघन होता है। इसके अलावा इससे मतदाताओं के पास भी चुनने के विकल्प सीमित हो जाते हैं। क्योंकि उम्मीदवार केवल अनुसूचित जाति समुदाय से ही आते हैं।
याचिका कर्ता की तरफ से दिए गए इस तर्क पर जस्टिस बागची ने कहा कि “यह तर्क इस अवधारणा पर आधारित है कि बहुसंख्यक समुदाय जाति के आधार पर वोट देगा। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। अदालत लोकतांत्रिक विकल्पों को लेकर कोई फैसला नहीं सुना सकती। यह तय करना मतदाताओं का काम है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि उम्मीदवार के किसी भी समाज के होने से वोट देने के अधिकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति किसी भी जगह से चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है। ऐसे में अगर कोई चाहता है, तो वह दूसरे निर्वाचन क्षेत्रों से भी चुनाव लड़ सकता है।
हम संसद का तीसरा सदन नहीं- सुप्रीम कोर्ट
याचिका कर्ता की तरफ से तर्क दिया गया कि नगर पालिकाओं और पंचायतों में रोटेशन प्रणाली लागू है। ऐसे में इसी तरह की प्रणाली को लोकसभा और विधानसभा में भी लागू किया जाना चाहिए।
इस तर्क पर जवाब देते हुए जस्टिस बागची ने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव संविधान के एक अलग ढांचे के तहत काम कर करते हैं। इस मुद्दे पर अदालत संवैधानिक प्रावधानों को दोबारा से नहीं लिख सकती। अदालत ने कहा कि वह संसद के तीसरे सदन की भूमिका नहीं निभा सकती। यह तय करना विधायिका का काम है।
याचिका कर्ता के तर्क पर टिप्पणी करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा,"आप गलत जगह आ गए हैं। आजकल तो विरोध प्रदर्शनों का दौर चल रहा है। शायद आपको भी वहीं जाना चाहिए।" इसका जवाब देते हुए वकील ने कहा कि उनका विरोध प्रदर्शन का कोई इरादा नहीं है। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "आप निश्चित रूप से अपनी आवाज उठा सकते हैं। यह तर्क दे सकते हैं कि संसद के लिए इस मुद्दे पर फिर से विचार करने का समय आ गया है। लेकिन यह काम केवल विधायिका ही कर सकती है।


