शरीर पर 51 जख्म, सिगरेट से जलाया, दोनों हाथ तोड़े; दूधमुंहे बच्चे संग मां की ऐसी हैवानियत; नहीं बची जान

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के साथ पिछले 2 से 3 हफ्तों से लगातार क्रूरता की जा रही थी। मासूम के शरीर पर सिगरेट से जलाने के कई निशान मिले हैं। वहीं उसके दोनों हाथ भी टूट गए थे।

शरीर पर 51 जख्म, सिगरेट से जलाया, दोनों हाथ तोड़े; दूधमुंहे बच्चे संग मां की ऐसी हैवानियत; नहीं बची जान

केरल से मानवता को झकझोर कर रख देने वाली एक ऐसी खबर आई है, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। यहां तिरुवनंतपुरम में एक मां ने अपने डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे संग इस कदर हैवानियत की, कि उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। बच्चे की सगी मां ने अपने लिव-इन पार्टनर संग मिलकर इस क्रूरता को अंजाम दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मासूम के शरीर पर प्रताड़ना के इतने निशान मिले हैं कि डॉक्टरों की टीम भी दंग रह गई।

जानकारी के मुताबिक घटना 31 मई की है। मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्चे को खून की उल्टी और तेज खांसी होने के बाद तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल ले जाया गया। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्चे के नाना नानी ने गंभीर आरोप लगाते हुए मां की प्रताड़ना का खुलासा किया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खौफनाक खुलासे

मासूम के शव के पोस्टमॉर्टम में खौफनाक खुलासे हुए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के साथ पिछले 2, 3 हफ्तों से लगातार क्रूरता की जा रही थी। मासूम के शरीर पर 51 चोटों के निशान मिले हैं। वहीं उसकी मौत सिर में लगी गंभीर चोट और शरीर के अंदरूनी अंगों में रक्तस्राव की वजह से हुई। क्रूरता का आलम यह था कि बच्चे के दोनों हाथ पूरी तरह फ्रैक्चर थे। पुलिस को संदेश है कि वह मासूम बच्चा अपनी मां और उसके प्रेमी की जिंदगी में रोड़ा बन रहा था, इसलिए उसे इस तरह प्रताड़ित किया गया।

बुजुर्गों ने खोले और भी राज

बच्चे के नाना-नानी इस घटना से सदमे में हैं। बच्चे के नाना ने आरोप लगाया कि मासूम के पूरे शरीर पर जलने के निशान थे। उन्होंने कहा, "बच्चे के शरीर का एक भी ऐसा हिस्सा नहीं बचा था, जहां चोट के निशान न हों।” वहीं नानी ने एक टीवी चैनल को बताया कि प्रेमी के उकसावे में आकर उनकी बेटी ने इस हरकत को अंजाम दिया। उन्होंने कहा, “जब मेरी बेटी मेरे घर से बच्चे को लेकर गई थी, तब उसके शरीर पर एक भी खरोंच नहीं थी। अपने इस प्रेमी के उकसावे में आकर मेरी ही बेटी ने पुलिस में मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी कि मैं उनके निजी मामलों में दखल दे रही हूँ।”

आरोपी प्रेमी पर कई आरोप

इस मामले के सामने आने के बाद मुख्य आरोपी यानी महिला के लिव इन पार्टनर के काले अतीत के भी कई पन्ने खुल गए हैं। आरोपी की पहली पत्नी अमीना के परिवार ने सामने आकर गंभीर वाले आरोप लगाए हैं। अमीना के परिवार का आरोप है कि आरोपी अभी भी कानूनी रूप से शादीशुदा है। उसने अपनी पहली पत्नी अमीना की इस कदर पिटाई की थी कि वह पिछले एक साल से बिस्तर पर पड़ी है। अमीना के पिता शरीफ ने यह भी कहा न कि 2 साल पहले उनके 15 साल के बेटे मोहम्मद की डूबने से मौत हो गई थी। उन्होंने शक जताया है कि उसकी मौत के पीछे भी इसी आरोपी का ही हाथ था और इस मामले की नए सिरे से गहन जांच होनी चाहिए।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें