अचानक कंडक्टर बन गए CM विजय, खुद काटने लगे टिकट; महिलाओं के लिए फ्री- VIDEO
पार्थिबन ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन लागत महिलाओं और ट्रांसजेंडरों की शिक्षा, रोजगार, आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण के रास्ते में बाधा न बने।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने शुक्रवार को राज्य भर में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा का विस्तार करते हुए वेट्री पयनम तोट्टम योजना के नए चरण का शुभारंभ किया। इसके तहत अब और भी कई श्रेणियों की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। गांधी जयंती के अवसर पर इस योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई में खुद बस से यात्रा की। इस दौरान उन्होंने खुद मुफ्त टिकट भी काटे। बस में सफर कर रही कॉलेज छात्राओं ने मुख्यमंत्री को टिकट के बदले चॉकलेट दिए।
इस योजना से प्रतिदिन लगभग 84.32 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। लाभार्थी राज्य परिवहन निगमों (STC) द्वारा संचालित 12,695 बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। इसमें एक्सप्रेस और डीलक्स श्रेणी की सेवाएं भी शामिल की गई हैं। पहले यह सुविधा केवल कुछ सीमित श्रेणी की साधारण बसों तक ही सीमित थी, लेकिन अब इसमें एक्सप्रेस, डीलक्स और चुनिंदा पहाड़ी क्षेत्रों की सेवाएं भी शामिल हैं।
एक दिन में कितनी यात्रा कर सकती हैं महिलाएं?
राज्य सरकार के अनुसार, इस योजना का लाभ उठाने के लिए कोई आय सीमा तय नहीं की गई है और एक दिन में यात्राओं की संख्या पर भी कोई प्रतिबंध नहीं है। आपको बता दें कि वेट्री पयनम नाम सत्ताधारी दल तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) से प्रेरित है, जिसका अर्थ विजयी यात्रा होता है।
राज्य के परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन लागत महिलाओं और ट्रांसजेंडरों की शिक्षा, रोजगार, आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण के रास्ते में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि यह कदम समानता को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है और यात्रा के अधिकारों में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।


