'मेरे रिटायर होने का इंतजार है क्या, दिन-रात काम करो'; अब किस पर भड़क गए CJI सूर्यकांत

लाइव हिन्दुस्तान
share

अदालत ने समिति को अंतिम रिपोर्ट 30 नवंबर तक दाखिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा कि अगर किसी विशेष मुद्दे पर तत्काल फैसले की जरूरत हो तो समिति अलग-अलग विषयों पर अंतरिम रिपोर्ट भी दाखिल कर सकती है।

Chief Justice Surya Kant rejects Aravalli panel February deadline Waiting for my retirement
भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत।

सुप्रीम कोर्ट ने अरावली पहाड़ियों की परिभाषा और सीमांकन तय करने के लिए गठित समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया है। समिति ने फरवरी 2027 तक का समय मांगा था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि समिति ने जैसे उनके रिटायर होने तक का समय मांग लिया हो। सीजेआई 9 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। पीठ ने साफ किया कि अब समिति को कोई और समय नहीं दिया जाएगा और जरूरत पड़े तो वह दिन-रात काम करके तय समयसीमा में अपनी रिपोर्ट पूरी करे। मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ में जज जॉयमाल्या बागची और जज वी. मोहन भी शामिल हैं। अदालत ने समिति को अंतिम रिपोर्ट 30 नवंबर तक दाखिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा कि अगर किसी विशेष मुद्दे पर तत्काल फैसले की जरूरत हो तो समिति अलग-अलग विषयों पर अंतरिम रिपोर्ट भी दाखिल कर सकती है। केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि समिति ने एक अंतरिम रिपोर्ट तैयार कर ली है, लेकिन प्रभावित पक्षों से प्रभावी तरीके से बातचीत और उनकी आपत्तियां सुनने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है।

समिति ने क्यों मांगा 6 महीने का समय

समिति ने राजस्थान और गुजरात के आदिवासी समुदायों समेत सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करने का हवाला देते हुए 6 महीने का अतिरिक्त समय मांगा था। यह मामला अरावली पर्वतमाला की एक समान परिभाषा और उसके सही सीमांकन से जुड़ा है, जिसका सीधा संबंध भविष्य में खनन गतिविधियों के नियमन और पर्यावरण संरक्षण से है। सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्यवाही शुरू की थी। अदालत ने मई 2026 में पांच सदस्यीय उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया था।

समिति को अरावली पहाड़ियों और पूरी पर्वतमाला की ऐसी समान परिभाषा तैयार करने का काम सौंपा गया है, जिसके आधार पर भविष्य में खनन गतिविधियों को नियंत्रित किया जा सके। अदालत ने पहले समिति को 31 अगस्त तक संरक्षण संबंधी रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। अरावली पर्वतमाला उत्तर-पश्चिम भारत के लिए बेहद अहम पारिस्थितिक क्षेत्र मानी जाती है। यह उत्तर-पश्चिम के शुष्क और रेगिस्तानी इलाकों व उत्तर भारत के उपजाऊ मैदानी क्षेत्रों के बीच प्राकृतिक अवरोध का काम करती है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'मेरे रिटायर होने का इंतजार है, दिन-रात काम करो'; किस पर भड़के CJI सूर्यकांत