चेरुवायल रमन: धान की 45 किस्मों को बचाने वाले पद्म श्री विजेता किसान का निधन, राहुल-प्रियंका गांधी ने जताया दुख
धान की 45 किस्मों को बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले आदिवासी किसान चेरुवयाल रमन का बुधवार को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। राहुल गांधी ने उनके निधन पर शोक जताया है।

केरलम में पारंपरिक धान की किस्मों को बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने वाले एवं पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित आदिवासी किसान चेरुवयाल रमन का बुधवार को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। मनानथावडी स्थित कम्मनम के रहने वाले रमन, धान की ऐसी 45 से अधिक देसी किस्मों को बचाने के लिए जाने जाते हैं, जिनके विलुप्त होने का खतरा था।
उन्होंने दशकों तक पारंपरिक जैविक खेती के तरीकों को अपनाया और इलाके की खेती-बाड़ी से जुड़ी पंरपरा को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने का काम किया। रमन कम्मनम नवोदय लोअर प्राइमरी स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद, 10 साल की उम्र से खेती-बाड़ी में अपने परिवार का हाथ बंटाने लगे थे। खेती के प्रति उनका जुनून इतना ज्यादा था कि उन्होंने 1969 में कन्नूर डीएमओ कार्यालय में सरकारी नौकरी ठुकरा दी।
कुरिचिया आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले रमन ने अपने खेत में पारंपरिक सब्जियों, औषधीय पौधों और पेड़ों की विभिन्न किस्मों को भी संरक्षित किया। देशज पौधों की किस्मों के संरक्षण और पर्यावरण-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए उन्हें 2023 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इससे पहले, उन्हें कई सम्मान मिल चुके थे, जिनमें 2016 का राष्ट्रीय पौधा जीनोम रक्षक पुरस्कार भी शामिल है।
राहुल गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चेरुवयाल रमन ने निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा,"पद्म श्री चेरुवयाल रमन, यानी हमारे प्यारे रामेट्टन के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने अपना जीवन वायनाड के पारंपरिक धान के बीजों को बचाने और आदिवासियों के ज्ञान की पीढ़ियों-पुरानी परंपरा को जीवित रखने में लगा दिया। मैं उनके निधन पर वायनाड के लोगों के दुख में शामिल हूँ। उनके परिवार और उन्हें चाहने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ।"
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी जताया दुख
कांग्रेस नेता ने चेरुवयाल के साथ अपनी पुरानी मुलाकात को साझा किया। उन्होंने लिखा, "जब मैं चेरुवयाल रमन से मिली, तो उन्होंने मुझे अपनी बेटी कहा और मेरा दिल जीत लिया। तब से, मैं उन्हें मजाक में अपना 'मलयाली अच्चन' (मलयाली पिता) कहती थी। जब हमारी आखिरी बार एक महीने पहले बात हुई थी, तो वह चाहते थे कि मैं उनसे मिलने जाऊँ। मैंने वादा किया था कि मैं जाऊँगी, लेकिन दिल्ली में कुछ घटनाओं के कारण मुझे वायनाड की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़नी पड़ी। मुझे लगा कि मैं जल्द ही वापस आऊँगी, इसलिए उनसे मिल नहीं पाई। आज जब उनके गुजर जाने की खबर सुनी, तो मेरा दिल बैठ गया।"
प्रियंका गांधी ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि उनका मन भेदभाव और अन्याय को बर्दाश्त नहीं कर पाता था। उन्होंने लिखा, "मेरे 'मलयाली अच्चन' समझदार, गरिमापूर्ण और सोच-विचार व काम में निडर थे। वह अपने लोगों के लिए बेहतर चाहते थे और उससे कम कुछ भी मंज़ूर नहीं करते थे। उनका मन भेदभाव और अन्याय को बर्दाश्त नहीं कर पाता था। उन्होंने अपनी आँखों में उदासी के साथ मुझे अपने पुरस्कार और सम्मान दिखाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनके लोग बेहतर जिंदगी नहीं जी पाते, तब तक इन पुरस्कारों का उनके लिए कोई मतलब नहीं है। धान और खेती के बारे में उन्हें ज़बरदस्त जानकारी थी और वह अपनी संस्कृति और परंपरा के महत्व को अच्छी तरह समझते थे। उन्हें अपनी विरासत पर गर्व था और वह अपनी हर साँस के साथ उसे जीते थे।
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने रमन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें वायनाड की कृषि विरासत का संरक्षक बताया, जिन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए धान की पारंपरिक किस्मों को संजोकर रखा।

