'फ्री में मिलेगा पेट्रोल', लंगर के नाम पर भारी बारिश में घंटों खड़े रहे लोग; फिर आया ट्विस्ट
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में ‘पेट्रोल लंगर’ के ऐलान के बाद भारी बारिश में बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल लेने पहुंचे। घंटों इंतजार के बाद ईंधन नहीं मिला। जानिए एक ऐलान, लोगों की नाराजगी और अब क्या है नई तारीख।

सोशल मीडिया पर वायरल एक ऐलान के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार को बड़ी संख्या में वाहन मालिक ‘पेट्रोल लंगर’ की उम्मीद में पहुंच गए। भारी बारिश के बीच लोग घंटों तक कतार में खड़े रहे, लेकिन मौके पर फ्री पेट्रोल नहीं मिल पाया। कई लोगों का कहना है कि वे इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो देखकर यहां पहुंचे थे।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब लोगों को पेट्रोल मिलने के बजाय वापस लौटने को कहा गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि मुफ्त पेट्रोल बांटने की अनुमति नहीं है।
इंस्टाग्राम वीडियो देखकर पहुंची महिला
मौके पर पहुंची बेबी नाम की एक महिला ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद पेट्रोल लेने के लिए सेक्टर-10 पहुंची थीं। उन्होंने कहा, “मैं यहां पेट्रोल लेने आई थी। मैंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा था, जिसके बाद यहां पेट्रोल लेने पहुंची। लेकिन हमें पेट्रोल नहीं मिला। अटेंडेंट ने मना कर दिया और कहा कि उनके पास इसकी अनुमति नहीं है।”
महिला के मुताबिक, कुछ लोगों को टोकन भी दिए गए थे, लेकिन उनकी संख्या बेहद सीमित थी। उन्होंने बताया कि करीब 10-15 लोगों को ही टोकन दिए गए और बाकी लोगों को इंतजार करने के बाद भी पेट्रोल नहीं मिला।
दो घंटे तक बारिश में खड़ा रहा शख्स
वहीं, अंशू नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि वह करीब दो घंटे से मौके पर मौजूद थे। लगातार हो रही बारिश के बावजूद लोग पेट्रोल मिलने की उम्मीद में वहां डटे रहे। अनशु ने कहा, “मैं यहां दो घंटे से हूं। यहां बहुत तेज बारिश हो रही है। लेकिन अब हमें वापस भेजा जा रहा है और कहा जा रहा है कि शनिवार या रविवार को आएं। यह गलत है। जब किसी ने कुछ देने की बात कही है तो फिर अपनी बात से पीछे हटना ठीक नहीं है।” उन्होंने कहा कि लोग उम्मीद लेकर यहां आए थे, लेकिन अंत में उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
क्या था ‘पेट्रोल लंगर’ का ऐलान?
दरअसल, सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से चंडीगढ़ में अनोखे ‘पेट्रोल लंगर’ की चर्चा चल रही थी। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को इस तरह के आयोजन की घोषणा करते देखा गया था। वीडियो में दावा किया गया था कि ‘जय माता दी’ का नाम लेने वाले लोगों को मुफ्त पेट्रोल के कूपन दिए जाएंगे।
पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोपहिया वाहन मालिकों के लिए ₹500 और चारपहिया वाहनों के लिए ₹1,000 तक के पेट्रोल के कूपन देने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया कि आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों पर किया जाना था।
हालांकि, भारी बारिश के कारण आयोजन को टालने की बात भी सोशल मीडिया वीडियो में कही गई थी और बाद में इसे सेक्टर-10 में शुक्रवार को करने का दावा सामने आया था।
पेट्रोल पंपों ने आयोजन से किया किनारा
इस पूरे मामले में अहम बात यह है कि सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के जिन पेट्रोल पंपों का नाम इस कथित ‘पेट्रोल लंगर’ से जोड़ा जा रहा था, उन्होंने खुद को इस आयोजन से अलग बताया है। पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका कारोबार सामान्य खुदरा बिक्री का है और जो भी ग्राहक भुगतान करता है, उसे पेट्रोल दिया जाता है। उन्होंने किसी तरह की कूपन व्यवस्था या संबंधित व्यक्ति के साथ मुफ्त पेट्रोल वितरण की कोई व्यवस्था होने से इनकार किया।
पहले भी ‘मनी लंगर’ का दावा
यह मामला अचानक सामने नहीं आया है। इससे पहले अगस्त की शुरुआत में चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित शनि देव मंदिर में ‘मनी लंगर’ की पहल की खबर सामने आई थी। इसमें जरूरतमंद लोगों को भोजन के साथ नकद सहायता देने का दावा किया गया था। आयोजन से जुड़े लोगों ने आगे पेट्रोल लंगर आयोजित करने की संभावना भी जताई थी।


