जनगणना 2027 में नहीं गिने जाएंगे ‘भिखारी’, सूची से हटा नाम; 2011 में कितने थे?
अब ऐसे लोगों को अलग से गिनने के बजाय 'अन्य' की श्रेणी में ही गिना जाएगा। जनगणना की आधिकारिक सूची में उम्र, धर्म, शिक्षा या राज्य के हिसाब से भिखारियों का अलग डेटा शामिल नहीं होगा।

जनगणना 2027 में कुछ अहम बदलावों की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक इस बार प्रश्नों की सूची से भिखारी का कॉलम हटा दिया गया है। इसके बाद देश के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय जनगणना में भीख मांगने वालों का आंकड़ा अलग से दर्ज नहीं किया जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बार गैर-आर्थिक गतिविधियों की सूची से 'भिखारी और आवारा' की श्रेणी को हटा दिया गया है। अधिकारियों के हवाले से जानकारी मिली है कि पिछली जनगणनाओं में बेहद कम आंकड़ों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस कैटेगरी में लोगों द्वारा दी जाने वाली जानकारी भरोसेमंद नहीं थी क्योंकि सामाजिक झिझक और बदनामी के डर से लोग खुद को 'भिखारी' के रूप में दर्ज कराने से कतराते थे।
2011 में कितने थे?
रिपोर्ट के मुताबिक 2011 की जनगणना में महज 3.8 लाख गैर-कामकाजी कामगारों ने खुद को इस श्रेणी में दर्ज कराया था। वहीं 2001 की बात करें तो उस समय यह संख्या 6.3 लाख और 1991 में 5.4 लाख थी। यानी आंकड़ों में तेजी से बदलाव देखने को मिले थे। अब सरकार ने फैसला लिया है कि ऐसे व्यक्तियों को अलग से वर्गीकृत करने के बजाय 'अन्य' की श्रेणी में गिना जाएगा। इसके कारण अब जनगणना की आधिकारिक सूची में उम्र, धर्म, शिक्षा या राज्य के हिसाब से भिखारियों का अलग डेटा शामिल नहीं होगा।
और भी कई बदलाव
केंद्रीय गृह मंत्रालय और रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा कराए जा रहे इस जनगणना में सवालों की सूची में और भी कई नीतिगत बदलाव किए गए हैं। इस बार माइग्रेशन यानी पलायन के कारणों में काम, व्यापार, शिक्षा, विवाह जैसी वजहों के अलावा अब पहली बार 'प्राकृतिक आपदा' को भी एक अलग विकल्प के रूप में जोड़ा गया है। वहीं प्रश्नावली में 'पिता का ब्योरा' और 'माता का ब्योरा' दर्ज करने के नए कॉलम होंगे। हालांकि, यह कॉलम केवल उन्हीं मामलों में भरना अनिवार्य होगा जहां माता-पिता उस घर में साथ नहीं रहते हों या उनकी मृत्यु हो चुकी हो।
पूछे जाएंगे 40 सवाल
बता दें कि केंद्र सरकार ने इस महीने ही जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों की सूची जारी की थी। यह पहली बार होगा जब जनगणना में लोगों से उनकी जाति भी पूछी जाएगी। हालांकि प्रश्न में जातियों की कोई सूची दिए जाने की संभावना नहीं है। लोग अपनी जाति के बारे में जो जानकारी दी जाएगी, उसे उसी के आधार पर दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा पारिवारिक जानकारी, शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों के अलावा कोविड टीकाकरण को लेकर भी सवाल पूछे जाएंगे।

