ज्ञानेश कुमार से पहले वाले ने भी ऐसा किया, बाद में मिला बड़ा पद; प्रशांत किशोर ने लिया नाम
ज्ञानेश कुमार यानी भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब बिहार के बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने पूर्व सीईसी राजीव कुमार पर भी सवाल उठा दिए हैं। साथ ही कहा है कि उन्हें रिटायरमेंट पर बैंक चेयरमैन बना दिया था।

जन सुराज विधायक प्रशांत किशोर ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अलावा पूर्व अधिकारी को भी निशाना बनाया है। उन्होंने कहा है कि राजीव कुमार के कार्यकाल में भी ऐसा ही होता था। साथ ही रिटायरमेंट के बाद उन्हें प्राइवेट सेक्टर में बड़ा पद देने की बात कही है। उनका बयान ऐसे समय पर आया है, जब बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं, INDIA अलायंस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। राजीव कुमार साल 2025 में रिटायर हो गए थे।
प्रशांत किशोर ने गुरुवार को कहा, 'ज्ञानेश कुमार के आने के पहले राजीव कुमार थे। उन्होंने भी चुनाव आयोग को ऐसे ही चलाया है। जब वह रिटायर हुए, तो उनको देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC का चेयरमैन बना दिया गया। चुनाव आयोग की जो छवि है, विश्वसनीयता है, वो दांव पर है। वो दांव पर किसी एक व्यक्ति के वजह से नहीं है, एक घटना की वजह से नहीं है। पिछले 7-8 सालों से लगातार।'
SIR के अलावा भी उठाए सवाल
विपक्ष SIR यानी विशेष मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ भी प्रदर्शन कर रहा है। इसी बीच किशोर ने कहा, 'चाहे वोट रोल बनाने का मामला हो, चुनाव की समय सारणी का मामला हो, आचार संहिता को लागू कराने का मामला हो। बिहार में आपने देखा कि 10-10 हजार रुपये देकर वोट खरीदने का मामला हो या मतगणना में धांधली का मामला हो। हर स्तर पर चुनाव आयोग खुलेआम सरकार और सत्तारूढ़ दल के पक्ष में दिख रहा है।'
डिमांड रख दीं
किशोर ने कहा, 'इसलिए जनता को ऐसा लग रहा है कि चुनाव जो हो रहे हैं, वो निष्पक्ष नहीं हो रहे हैं। आंदोलन हो रहा है, ज्ञानेश कुमार को जाना चाहिए। उससे बढ़कर चुनाव आयोग में सुधार होना चाहिए, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में सुधार होना चाहिए, वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया में सुधार होना चाहिए। मतगणना से पहले फॉर्म 17 को पब्लिक डोमेन में रखना चाहिए। काउंटिंग की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए, ताकि जनता का पूरी चुनाव प्रक्रिया पर विश्वास बढ़े।'
बिहार में होने हैं विधान परिषद चुनाव
खास बात है कि बिहार में विधान परिषद चुनाव होने हैं। किशोर दावा कर चुके हैं कि दोनों सीटों पटना स्नातक और पटना शिक्षक पर उनके प्रत्याशी जीतेंगे। खास बात है कि जन सुराज पार्टी सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
बांकीपुर विधायक ने बुधवार को कहा था कि परिषद चुनाव में राज्य के 'सबसे शिक्षित मतदाता' मतदान करते हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे 10,000 रुपये के लिए अपने वोट नहीं बेचेंगे। किशोर ने कहा कि बिहार में बदलाव की शुरुआत बांकीपुर से हुई है और उसे मजबूत करना मतदाताओं की जिम्मेदारी है।
INDIA अलायंस क्या चाहता है
विपक्षी गठबंधन बीते तीन दिनों से लगातार राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। इसमें प्रमुख मांग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा एसआईआर पर रोक है। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैलेट पेपर पर चुनाव की मांग की है। साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी भी 10 अक्टूबर से प्रदर्शन की शुरुआत कर रही है।

