
3 घंटे तक सुनहरी मस्जिद के पास खड़ी थी दिल्ली धमाके वाली कार, सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह विस्फोट एक i20 कार में हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई वाहनों में आग लग गई और कुछ के परखच्चे उड़ गये
दिल्ली में सोमवार को लालकिले के पास हुए भीषण धमाके की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और NIA सहित कई राष्ट्रीय एजेंसियां जांच में जांच में जुट गई है। इस बीच धमाके में इस्तेमाल हुई कार की पहली सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फुटेज में विस्फोट से कुछ देर पहले घटनास्थल पर एक सफेद हुंडई i20 दिखाई दे रही है।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि यह कार लगभग तीन घंटे तक सुनहरी मस्जिद पार्किंग क्षेत्र के पास खड़ी रही। कार दोपहर लगभग 3 बजकर 19 मिनट बजे अंदर आई और विस्फोट से कुछ मिनट पहले शाम 6:48 बजे यहां से बाहर निकली।
घटना का पुलवामा कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक जिस हुंडई i-20 कार में ब्लास्ट हुआ, उसका नम्बर HR26-CE7674 था। यह कार मोहम्मद सलमान s/o मोहम्मद शाहिद के नाम पर रजिस्टर्ड थी। कार की RC के अनुसार साल 2014 में इसका रजिस्ट्रेशन हुआ था। हालांकि पुलिस पूछताछ में सलमान ने बताया कि उसने इस कार को बेच दिया था। उसने लगभग डेढ़ साल पहले ओखला के देवेंद्र नाम के एक व्यक्ति को यह गाड़ी बेच दी थी।
आगे की जांच और पूछताछ के जरिए दिल्ली धमाके का पुलवामा कनेक्शन सामने आया। घटना में इस्तेमाल की गई कार सलमान और देवेंद्र के हाथों से होकर अंत में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक को बेची गई थी। जानकारी के मुताबिक इस कार को तारिक ने 24 फरवरी को खरीदा था।
पूरे देश में हाई अलर्ट
लालकिले के पास हुए इस धमाके में अब तक दस लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 20 से ज्यादा घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि कई मिनट तक उन्हें कुछ भी साफ सुनाई नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया कि तेज धमाके की आवाज़ आईटीओ तक, लगभग दो किलोमीटर तक, एक बड़े इलाके में सुनाई दी। इससे कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियों के शीशे और लाल किला मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए। धमाके के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।



