NEET पेपर लीक में दिल्ली से बाहर जा सकती है जांच, CBI ने आरोपी की 14 की मांगी हिरासत
CBI के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी धनंजय लोखंडे का संपर्क मुख्य आरोपी मनीषा वाघमारे से लगातार बना हुआ था। एजेंसी का दावा है कि वाघमारे ने गोपनीय परीक्षा सामग्री लोखंडे को उपलब्ध कराई, जिसने बाद में उसे शुभम खैरनार तक पहुंचाया।

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई ने दिल्ली की अदालत में आरोपियों की 14 दिन की हिरासत मांगी है। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अब दिल्ली से बाहर कई राज्यों तक फैल सकती है और आरोपियों से पूछताछ के लिए उन्हें दूसरी जगहों पर भी ले जाना पड़ सकता है। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि यह सिर्फ एक स्थानीय स्तर का मामला नहीं है, बल्कि इसके तार महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
CBI के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी धनंजय लोखंडे का संपर्क मुख्य आरोपी मनीषा वाघमारे से लगातार बना हुआ था। एजेंसी का दावा है कि वाघमारे ने गोपनीय परीक्षा सामग्री लोखंडे को उपलब्ध कराई, जिसने बाद में उसे शुभम खैरनार तक पहुंचाया। जांच में यह भी सामने आया कि प्रश्नपत्र सबसे पहले पुणे में लीक हुआ और वहां से अलग-अलग माध्यमों से अन्य राज्यों तक पहुंचाया गया। एजेंसी को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क में कोचिंग संस्थानों, बिचौलियों और कुछ टीचर्स की भी भूमिका रही है।
केमिस्ट्री लेक्चरर की बड़ी भूमिका आई सामने
मामले में सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब CBI ने पीवी कुलकर्णी नामक केमिस्ट्री लेक्चरर को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने उसे इस पेपर लीक कांड का सरगना बताया है। कुलकर्णी पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था और उसे प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया तक पहुंच हासिल थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी पहुंच का दुरुपयोग कर पेपर बाहर पहुंचाया गया। इसके अलावा पुणे की बॉटनी शिक्षिका मनीषा मंधारे पर भी आरोप है कि उसने छात्रों को ऐसे सवाल पहले से पढ़ाए थे, जिनमें से कई प्रश्न बाद में परीक्षा में आए।
इस बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। अनियमितताओं के आरोपों के मद्देनजर सुधारों के तहत अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। प्रधान ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। नीट-यूजी परीक्षा के संचालन में पाई गई अनियमितताओं के खिलाफ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाएगी और सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोबारा परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए अपनी सुविधा के अनुसार शहर चुनने का मौका फिर से मिलेगा और उन्हें 14 जून तक प्रवेश पत्र मिल जाएगा।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

