बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही करवाई शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या? CBI को बड़ी कामयाबी
सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश के मामले में दो मुख्य संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है। इस मामले में राज्य की एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी के पदाधिकारी से संभावित संबंध भी सामने आए हैं।

सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश के मामले में दो मुख्य संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दोनों बीजेपी के ही कार्यकर्ता हैं और रथ के साथ ही काम करते थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दोनों के संपर्क एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल से थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए आरोपी दो भाई हैं, जिनकी पहचान सागर सोनकर और साहिब सोनकर के तौर पर हुई है। वे रथ के साथ काम करते थे।
प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी से संपर्क
अधिकारियों के अनुसार, जांच से पता चला कि रथ के साथ काम करने के दौरान सागर सोनकर लैंडलाइन फोन के ज़रिए प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस के नियमित संपर्क में था। उन्होंने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को कोलकाता की एक विशेष अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। रथ की छह मई को उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के पास कार में यात्रा करते समय मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
फोन कॉल पर गौर
अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने सागर और पार्टी कार्यालय के बीच लगातार हो रही फोन कॉल पर गौर किया है और उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिसके संपर्क में वह था। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को यह भी पता चला है कि 2020 तक सागर भाजपा में शामिल होने से पहले प्रतिद्वंद्वी पार्टी के एक विधायक के साथ काम करता था। उन्होंने कहाकि सागर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के दौरान शक पैदा हुआ, जिसमें प्रतिद्वंद्वी पार्टी के स्थानीय कार्यालय में कई कॉल किए जाने का पता चला।
दिसंबर 2025 से साजिश
अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी को पता चला कि 2026 के बंगाल चुनावों से पहले कोलकाता के भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के चुनाव अभियान के मुख्य व्यक्ति रथ को खत्म करने की साजिश दिसंबर 2025 से थी, लेकिन किसी न किसी वजह से इसे टालना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि जांच में सीबीआई को सागर के उन हमलावरों के साथ कथित संबंधों का पता लगाने के लिए पर्याप्त सबूत मिले, जिन्हें रथ की हत्या के लिए सुपारी दी गयी थी। उन्होंने कहाकि आरोप है कि सागर ने हत्या को अंजाम देने के लिए हमलावरों को पैसे दिए थे।
इस मामले में सीबीआई ने अब तक छह हमलावरों– मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और नवीन कुमार सिंह– के अलावा सुपारी लेने वाले विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि एक आरोपी फरार है।


