Explainer: जाति जनगणना पर केंद्र सरकार में ही खटपट? आमने-सामने क्यों आ गए दो विभाग, OBC लिस्ट से क्या कनेक्शन

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

पिछले महीने जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अगले साल फरवरी में पूरे देश में जाति जनगणना के साथ-साथ जनसंख्या की गिनती की जाएगी। पहाड़ी और बर्फ़बारी वाले इलाकों में यह प्रक्रिया 1 सितंबर को शुरू हो चुकी है।

Caste Census
पहाड़ी और बर्फ़बारी वाले इलाकों में यह प्रक्रिया 1 सितंबर को शुरू हो चुकी है।

देश में 2027 की जाति जनगणना को लेकर केवल सियासी संग्राम ही नहीं छिड़ा हुआ है, बल्कि सरकार के भीतर ही दो बड़े विभागों के बीच एक तीखी और गुप्त जंग चल रही है। एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता विपक्ष राहुल गांधी जाति जनगणना में जातियों को अंकित करने के लिए 'ओपन-एंडेड सवाल' की बजाय ड्रॉप-डाउन मेन्यू के इस्तेमाल की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इसी संवेदनशील मुद्दे पर केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के तहत आने वाला महारजिस्ट्रार कार्यालय (ORGI) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (MoSJE) आमने-सामने आ चुके हैं। बहरहाल, मामला नियंत्रण में है।

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में कहा गया है कि जाति गणना को लेकर ऑफिस ऑफ़ द रजिस्ट्रार जनरल ऑफ़ इंडिया (ORGI) और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय (MoSJE) के बीच भी हमेशा एक जैसी राय नहीं थी। मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ORGI ने मिनट्स ऑफ मीटिंग्स में हेराफेरी कर मंत्रालय को फंसाने की एक तरह से साजिश रची थी।

आंतरिक युद्ध की शुरुआत 1 जून को

दरअसल, ORGI और MoSJE के बीच इस आंतरिक युद्ध की शुरुआत 1 जून को हुई एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक से हुई, जिसकी अध्यक्षता भारत के रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण कर रहे थे। इस बैठक में सामाजिक न्याय मंत्रालय ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) द्वारा तैयार की गई ओबीसी (OBC) सूची को साझा करने की इच्छा जताई थी लेकिन असली खेल तब शुरू हुआ जब 8 जून को रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय (ORGI) ने इस बैठक का जो विवरण (Minutes) जारी किया, उसमें मंत्रालय के प्रस्ताव को पूरी तरह गायब कर दिया गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि उस नोट में यह लिख दिया गया था कि “मंत्रालय के अधिकारियों ने सूचित किया है कि उनके पास जाति की सूची बनाए रखने का कोई संवैधानिक जनादेश नहीं है, इसलिए यह उनके पास उपलब्ध नहीं है।” इसके साथ ही ORGI ने यह निष्कर्ष भी निकाल दिया कि चूंकि कोई पूर्वनिर्धारित सूची उपलब्ध नहीं है, इसलिए 2027 की जनगणना में जातियों की गिनती किसी तय सूची के आधार पर संभव नहीं होगी।

मंत्रालय का करारा पलटवार: "यह हमारे खिलाफ एक चाल"

जैसे ही ORGI का यह ड्राफ्ट सामाजिक न्याय मंत्रालय के पास पहुंचा, वहां खलबली मच गई। द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में मंत्रालय के अधिकारियों ने खुलकर इसे एक "ट्रैप" (जाल) करार दिया। अधिकारियों का मानना था कि पूर्वनिर्धारित सूची न रखने और खुले तौर पर जाति पूछने का जो फैसला लिया गया था, उसकी पूरी जिम्मेदारी और नाकामी का ठीकरा मंत्रालय पर मढ़ने की कोशिश की जा रही थी। मंत्रालय ने इस साजिश को मूकदर्शक बनकर नहीं सहा और 11 जून को मंत्रालय ने एक आक्रामक और संशोधित नोट भेजकर ORGI के दावों की धज्जियां उड़ा दीं।

मंत्रालय के नोट में क्या?

मंत्रालय ने दो टूक कहा कि संविधान के तहत वे अनुसूचित जातियों (SCs) और अन्य पिछड़ा वर्गों (OBCs) की सूची बिल्कुल बनाए रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे 1,258 प्रविष्टियों वाली अनुसूचित जाति (SC) की सूची पहले ही सितंबर 2025 में साझा कर चुके हैं और जरूरत पड़ने पर 2,483 प्रविष्टियों वाली केंद्रीय ओबीसी सूची भी देने को तैयार हैं। इस कड़े और तीखे विरोध के सामने आखिरकार रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय को झुकना पड़ा और 30 जून को उन्होंने मंत्रालय के संशोधित नोट को स्वीकार कर लिया। फिलहाल इस पूरे घमासान पर रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण और मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने चुप्पी साध रखी है।

क्या फिर फूंक दिए जाएंगे ₹4,900 करोड़?

इस आंतरिक खींचतान के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या सरकार 2011 की ऐतिहासिक विफलता को दोहराने जा रही है? कैबिनेट की राजनीतिक मामलों की समिति (CCPA) द्वारा 30 अप्रैल 2025 को स्वीकृत की गई इस जाति जनगणना में "ओपन-एंडेड" (खुला विकल्प) प्रारूप का इस्तेमाल किया जा रहा है, यानी ड्रॉप-डाउन मेनू के बजाय लोग अपनी मर्जी से जाति का नाम लिख सकेंगे। मंत्रालय के ही सूत्रों का कहना है कि यह निर्णय सीधे तौर पर ₹4,900 करोड़ की बर्बादी वाले 2011 के सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना (SECC) की विफलता को दोहराने जैसा है।

1931 में केवल 4,147 जातियां दर्ज

बता दें कि 2011 की जनगणना में इसी "ओपन-एंडेड" प्रारूप के कारण लोगों ने 46.7 लाख अलग-अलग जातियों के नाम दर्ज करवाए थे, जबकि 1931 में केवल 4,147 जातियां दर्ज थीं। नतीजा यह हुआ कि वह सारा डेटा पूरी तरह 'अनुपयोगी' साबित हुआ और उसे कभी सार्वजनिक नहीं किया जा सका। 2011 के SECC डेटा को ग्रामीण विकास और शहरी विकास मंत्रालयों ने 2016 में जारी किया था, लेकिन जाति से जुड़े डेटासेट को इसमें शामिल नहीं किया गया था। जाति से जुड़ा रॉ डेटा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय को सौंपा गया था, जिसने वर्गीकरण और श्रेणीकरण के लिए तत्कालीन नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया की अध्यक्षता में विशेषज्ञों का एक समूह बनाया था। यह डेटा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है क्योंकि उसमें कई विसंगतियां हैं।

सियासी घमासान भी चरम पर

इधर इस "ओपन-एंडेड" प्रारूप को लेकर विपक्ष ने मोर्चा खोल रखा है। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस फैसले पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि बिना सटीक और स्पष्ट आंकड़ों के सामाजिक न्याय की नीतियों को कभी भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा सकता। विपक्ष ने इस बारे में पीएम मोदी को भी चिट्ठी लिखी है और जातियों के अंकन के लिए ड्रॉप डाउन सुविधा देने की मांग की है। इस बीच, पहाड़ी और बर्फबारी वाले क्षेत्रों में 1 सितंबर से यह काम शुरू भी हो चुका है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में अगले साल फरवरी में जनगणना की शुरुआत होगी ।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजाति जनगणना पर केंद्र सरकार में ही खटपट? आमने-सामने क्यों आ गए दो विभाग