गुरुग्राम में महिला बाइकर का पीछा करने लगी कार, फिर मार दी जोरदार टक्कर; आरोपी फरार
गुरुग्राम में एक कार सवार ने महिला बाइकर को जोरदार टक्कर मार दी। बाइकर का दावा है कि कार वाला उसका पीछा कर रहा था और बार-बार कार पास में ला रहा था। जब उसने मना किया तो वह टक्कर मारकर फरार हो गया।

गुरुग्राम में सरेआम सड़क पर कानून की धज्जियां उड़ाने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां एक कार ने महिला बाइकर को जान-बूझकर टक्कर मार दी। पीड़ित महिला ने अपना नाम सिया बताया है। सिया ने 'rebelwheels-Sia_' नाम के इस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो भी पोस्ट किया है। इसमें देखा जा सकता है कि कार ने कितनी जोरदार टक्कर मारी है। इसेक बाद कार ड्राइवर फरार हो गया। महिला सड़क पर लुढ़क गई और बाइक काफी दूर तक सड़क पर रगड़ती हुई चली गई।
बाइकर ने कहा कि एक कार उनका पीछा कर रही थी। इसपर उन्होंने कहा, दूर रहो। बाइकर उस समय गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर थीं। उनके साथ उनका एक दोस्त था जो कि दूसरी बाइक पर था। वह अप्रिलिया आरएस 457 बाइक चला रही थीं। सिया ने कहा कि कार अचानक उनके बेहद करीब आ गई और अंदर बैठा शख्स उलटी-सीधी हरकतें करने लगा। इसके बाद उन्होंने दूर रहने को कहा। वहीं आरोपी ने सिया से बाइक रोकने को कहा।
कार ड्राइवर ने बगल से मारी टक्कर
सिया ने कहा कि ऐसा लग रहा था कि आरोपी नशे में हैं। बाइकर रुकना नहीं चाहती थी क्योंकि उन्हें डर था कि कार सवार उनका रास्ता रोकने की कोशिश करेगा। तभी कार ने बगल से जोरदार टक्कर मारी और सिया सड़क पर गिर गईं। बाइक काफी दूर तक रगड़ती हुई चली गई। बाइक पर कैरमा लगा था और इसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। सिया ने बताया कि उनके एक दोस्त ने कार का पीछा करने की कोशिश की लेकिन वह भागने लगा। आगे ट्रैफिक सिग्नल पर कार रुकी और सिया के दोस्त ने उससे बात भी की लेकिन कार ड्राइवर ने घटना की जिम्मेदारी लेने से ही इनकार कर दिया।
गुरुग्राम पुलिस से लगाई गुहार
सिया ने वीडियो में गुरुग्राम पुलिस से ऐसे लोगो पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान के दुश्मन बन जाते हैं। सिया ने कहा कि उन्होंने कार का नंबर और मालिक का नाम भी बताया है। इस वीडियो पर यूजर्स की भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और वे आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(रिपोर्ट- गौरव चौधरी, लाइव हिंदुस्तान)


