कैप्टन ने पाक की भद पिटवाई; 2 भारतीय एयरबेस को तबाह करने का किया दावा, वे नक्शे पर हैं ही नहीं

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share

बिना बुनियादी जानकारी के टीवी पर आकर दिए गए इस बयान के बाद एक्स पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। इंटरनेट यूजर्स पाकिस्तानी सेना की इस लापरवाह खुफिया जानकारी का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं।

कैप्टन ने पाक की भद पिटवाई; 2 भारतीय एयरबेस को तबाह करने का किया दावा, वे नक्शे पर हैं ही नहीं

India-Pakistan: पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर पहुंच गया था। इस दौरान भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के जवाब में पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन बुनियान उल मरसूस' शुरू किया था। अब इसी सैन्य टकराव से जुड़ा पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें किए गए दावों ने पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी किरकिरी करा दी है। वायरल वीडियो में पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी बेहद आत्मविश्वास के साथ दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत के दो प्रमुख एयरबेस को निशाना बनाकर उन्हें तबाह कर दिया। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि जिन दो एयरबेस का उन्होंने नाम लिया, असल में उनका कोई वजूद ही नहीं है।

वीडियो में दिख रहे सैन्य अधिकारी की पहचान कैप्टन मुनीब जमाल के रूप में हुई है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने गर्व से कहा, "हमें दो टारगेट दिए गए थे। राजौरी एयरबेस और मामून एयरबेस। हमारी मिसाइलों ने इन दोनों ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया और इन्हें एंगेज किया।" कैप्टन जमाल ने यह भी दावा किया कि मिसाइल लॉन्च की तैयारी के दौरान वहां नागरिकों की मौजूदगी ने उनके हौसले और आत्मविश्वास को और बढ़ा दिया था।

क्या है हकीकत?

पाकिस्तानी कैप्टन के इस बयान के सामने आते ही भारतीय रक्षा विशेषज्ञों और सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके दावों की धज्जियां उड़ा दीं। राजौरी जम्मू-कश्मीर का एक रणनीतिक जिला जरूर है, लेकिन वहां भारतीय वायुसेना का कोई भी ऑपरेशनल एयरबेस नहीं है। वहीं मामून पंजाब के पठानकोट में स्थित एक सैन्य छावनी है, न कि कोई वायुसेना का एयरबेस।

सोशल मीडिया में पाक का उड़ा मजाक

बिना बुनियादी जानकारी के टीवी पर आकर दिए गए इस बयान के बाद एक्स पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। इंटरनेट यूजर्स पाकिस्तानी सेना की इस लापरवाह खुफिया जानकारी का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "पुरातत्वविदों, मानचित्रकारों, गूगल मैप्स और भारतीय वायुसेना ने मिलकर एक संयुक्त मिशन शुरू किया है, ताकि कैप्टन साहब के राजौरी और मामून एयरबेस को ढूंढा जा सके।" एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "फतह-1 मिसाइल ने राजौरी और मामून एयरबेस पर इतना जोरदार हमला किया कि वे दुनिया के नक्शे से ही गायब हो गए! अगला टारगेट क्या है कैप्टन साहब... अटलांटिस?"

क्या है 10 मई का सच?

रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 मई 2025 को पाकिस्तान ने सीमा पार से 'फतह-1' गाइडेड आर्टिलरी रॉकेट से हमला करने की कोशिश की थी। लेकिन भारतीय वायुसेना के मजबूत एयर डिफेंस नेटवर्क ने इस मिसाइल को हरियाणा के सिरसा के ऊपर हवा में ही इंटरसेप्ट कर पूरी तरह नष्ट कर दिया था। इस नाकाम हमले के बाद मिसाइल का मलबा भारत के अलग-अलग हिस्सों में गिरा था। हरियाणा के सिरसा, राजस्थान के बाड़मेर और पंजाब के जालंधर के खेतों से इस मिसाइल के टुकड़े बरामद हुए थे। इसके बाद सितंबर 2025 में श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील से भी फतह-1 मिसाइल का संदिग्ध मलबा बरामद किया गया था।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें