पाकिस्तान को नक्शे से मिटा देंगे मोदी जी, ओछी हरकत पर शहबाज शरीफ को भारत से वार्निंग
पाकिस्तानी PM की ओछी हरकत पर उन्हें सीधी चेतावनी मिल गई है। शरीफ ने SCO के मंच की एक तस्वीर से पीएम मोदी को क्रॉप कर के हटा दिया था। इस पर उन्हें चेतावनी मिली है कि पीएम मोदी चाहें तो पाकिस्तान तो नक्शे से ही मिटा देंगे

पाकिस्तान अपनी ओछी हरकतों से कभी बाज नहीं आ सकता। हाल ही में किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के दौरान भी एक बार फिर यह बात तय हो गई है। जहां तक तरफ इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को शांति का संकेत दिया, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ फुटेज के लिए संघर्ष करते दिखे। हद तब हो गई जब शहबाज शरीफ ने SCO के मंच की एक तस्वीर से पीएम मोदी की तस्वीर को क्रॉप कर दिया था। अब इसे लेकर उनके लिए भारत से कड़ी चेतावनी गई है।
शहबाज शरीफ को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चेतावनी दी है कि पीएम मोदी अगर चाहें तो पाकिस्तान को नक्शे से ही मिटा देंगे। दरअसल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर शिखर सम्मेलन की एक 'ग्रुप फोटो' शेयर की थी। इस तस्वीर के फ्रेम से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन समेत कई नेताओं को क्रॉप करके हटा दिया गया था। इसके बाद शहबाज शरीफ की खूब फजीहत हुई। चारों तरफ से हुई आलोचना के बाद शरीफ ने बाद में पूरी तस्वीर शेयर की।
सेंटर में रहने की ख्वाहिश
पूरा मामला तब सामने आया जब मंगलवार को पाकिस्तान PMO के आधिकारिक एक्स हैंडल से ग्रुप फोटो पोस्ट की गई। फोटो को दोनों तरफ से इस तरह क्रॉप किया गया था ताकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तस्वीर के ठीक बीच में नजर आएं। दरअसल सम्मलेन में शहबाज शरीफ को किसी ने पूछा नहीं, इसीलिए वे तस्वीर के जरिए ही अपनी हसरत पूरी करना चाहते थे। हालांकि आलोचना के बाद शहबाज शरीफ ने अपने पर्सनल एक्स हैंडल से पूरी तस्वीर शेयर की। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी सहित सभी नेता मौजूद थे।
भारत से तीखी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान PMO के इस रवैये पर भारतीय नेताओं और पूर्व कूटनीतिज्ञों ने कड़ा प्रहार किया है। महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि पाकिस्तान की यह हरकत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, "वे फोटो से मोदी जी की तस्वीर भले हटा दें, लेकिन अगर मोदी जी चाहें तो पाकिस्तान का नाम दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं।" शिंदे ने पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर की याद भी दिलाई। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान भारत के साथ ऐसे खेल न खेले।
वहीं पूर्व विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने भी पाकिस्तान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि तस्वीर में पीएम मोदी को हटाने के साथ-साथ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भी किनारे कर दिया गया। अकबर ने कहा है कि यह हरकत दिखाती है कि पाकिस्तान किस कदर हताश है।
SCO समिट में पीएम मोदी का संदेश
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SCO सम्मेलन में बिना नाम लिए पाकिस्तान और चीन को चेतावनी दे दी। पीएम मोदी ने मंच से कहा कि आतंकवाद से मुकाबला करने के लिए सभी देशों को एकजुट होना होगा और इसमें दोहरे मापदंड बंद करने होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति के रूप में इस्तेमाल करते हैं और आतंकियों को पनाह देते हैं, उन्हें यह संदेश मिलना चाहिए कि आतंकवाद किसी के लिए भी संपत्ति नहीं बन सकता।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाक के पीएम शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा, ''हमें आतंकवाद के वित्त पोषण, आतंकियों की भर्ती, कट्टरपंथ के प्रसार और आतंकियों के पनाहगाहों के पूरे तंत्र को खत्म करना होगा। हमें एक स्वर में बात करनी होगी और यह स्पष्ट करना होगा कि इस गंभीर मुद्दे पर दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं हो सकती।'' पीएम मोदी ने आगे कहा, ''हमें उन देशों को कड़ा संदेश देना चाहिए जो आतंकवाद का इस्तेमाल अपनी नीति के तौर पर करते हैं और आतंकवादियों को पनाह और समर्थन देते हैं...।''


