ये संवैधानिक पाप, क्या दल-बदल के आरोपी को दिया जा सकता है पार्टी का सिंबल? SC ने पूछ लिया सवाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कड़ी टिप्पणी की। जस्टिस बाजची ने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में पार्टी का सिंबल कैसे काम करेगा, जहां अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे सदस्य बाद में अपनी सदस्यता खो देते हैं।

supreme court Shivsena case
सुप्रीम कोर्ट परिसर (फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सवाल किया है कि क्या पार्टी का चुनाव चिह्न उन्हें दिया जा सकता है, जिन पर दलबदल का ‘संवैधानिक पाप’ करने का आरोप है? सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग द्वारा एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न देने के फैसले के खिलाफ उद्धव गुट की याचिका पर विचार करते हुए यह सवाल किया। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है।

SC ने इस बारे में दलीलें सुनीं कि क्या चुनाव आयोग का शिवसेना के शिंदे गुट को चुनाव चिह्न आवंटित करने के लिए मुख्य तौर पर विधायी संख्या पर भरोसा करना सही था। पीठ शिंदे खेमे की ओर से पेश वरिष्ठ वकील नीरज किशन कौल की दलीलें सुन रही थी। कौल ने उच्चतम न्यायालय के कई फैसलों का हवाला देते हुए विधायी बहुमत के परीक्षण पर भरोसा करने के चुनाव आयोग के रुख का बचाव किया और कहा कि चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश के तहत कौन सा गुट राजनीतिक दल का गठन करता है, यह निर्धारित करने में यह जांच कानूनी रूप से वैध और प्रासंगिक बनी हुई है।

जस्टिस बागची ने उठाए सवाल

जस्टिस बागची ने सवाल उठाए कि पार्टी का चुनाव चिह्न ऐसे हालात में कैसे काम करेगा, जब अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे सदस्य बाद में अपनी सदस्यता खो देते हैं। उन्होंने कहा, ''स्वतंत्रता राजनीतिक दल के पास रहती है और इसमें कहा गया है कि अगर अयोग्य सदस्य चले जाते हैं, तो बचे हुए सदस्यों को एक अलग चिह्न मिलता है। अभी, आप सादिक अली (फैसला) पढ़ने वाले थे।'' जस्टिस बागची ने पूछा, ''क्या चुनाव चिह्न की भावना उन लोगों के लिए काम करेगी, जिन्होंने संवैधानिक पाप किया है, या यह उन लोगों के लिए काम करेगी जिन्होंने संवैधानिक पाप की शिकायत की है?" कौल ने कहा कि चुनाव चिह्न उस खेमे को मिलना चाहिए जो यह साबित करे कि वही असली राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी समूह यह दावा साबित नहीं कर पाता, तो एक अलग सवाल उठेगा। सुनवाई बुधवार को जारी रहेगी।

क्या विधायी संख्या पर लिया जा सकता है फैसला?

इससे पहले, पीठ ने पूछा था कि क्या चुनाव आयोग ने दोनों समूहों को धनुष-बाण का आरक्षित चुनाव चिह्न देने से मना करने और उनके अलग-अलग चुनाव चिह्नों पर चुनाव लड़ने की संभावना पर ठीक से विचार किया है। SC ने यह सवाल भी उठाया था कि क्या विधायी संख्या को 'सुरक्षित परीक्षण' माना जा सकता है, जब उन्हीं विधायकों के खिलाफ अयोग्यता कार्यवाही लंबित है, जिनकी संख्या उस बहुमत का आधार बनी थी।

इस पर कौल ने कहा है कि शिंदे का समर्थन करने वाले 40 विधायक, 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट जीतने वाले 55 शिवसेना विधायकों के पक्ष में डाले गए मतों की 76 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते थे। उन्होंने लोकसभा के आंकड़ों का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि शिंदे का समर्थन करने वाले 13 सांसदों के पक्ष में डाला गया मत प्रतिशत अविभाजित पार्टी के निर्वाचित 18 सांसदों के पक्ष में डाले गये मतों का 73 प्रतिशत है।

याचिका में क्या?

शिवसेना के उद्धव ठाकरे-नीत गुट के सुनील प्रभु द्वारा दायर मुख्य याचिका में, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के 10 जनवरी, 2024 के फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत शिंदे गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने से इनकार कर दिया गया था। उद्धव ठाकरे द्वारा दायर एक संबंधित याचिका में चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें शिंदे गुट को आधिकारिक शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई थी और उसे पार्टी का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsये संवैधानिक पाप, क्या दल-बदल के आरोपी को दिया जा सकता है पार्टी का सिंबल?- SC