ज्ञानेश कुमार को लेकर विवाद के बीच चुनाव आयोग पर भड़का हाईकोर्ट, कहा- अब बचा ही क्या है…
हाईकोर्ट में ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह को लेकर सुनवाई चल रही थी। चुनाव आयोग ने यह सिंबल टीएमसी के बागी गुट को दे दिया है। इससे पहले इसका इस्तेमाल ISF करती आई है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को सुनाया।

पश्चिम बंगाल में 6 अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले चुनाव चिन्ह को लेकर घमासान अब तक नहीं थमा है। इस सिलसिले में अब कलकत्ता हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को फटकार लगाई है। चुनाव आयोग ने कहा है कि अगर आयोग जैसे संस्था भी निष्पक्ष ना रहे और किसी निजी पक्ष के कहने पर चले, तो कहने के लिए कुछ नहीं बचा। HC ने यह टिप्पणियां ऐसे समय में की हैं जब देश के मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट के बाद देशभर में बवाल मचा हुआ है।
हाईकोर्ट में टीएमसी के बागी खेमे को मिले लिफाफा सिंबल को लेकर सुनवाई चल रही थी। इस दौरान हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष जताया। कोर्ट ने सवाल उठाया कि 'इंडियन सेक्युलर फ्रंट' (ISF) को पहले आवंटित किया गया लिफाफा चुनाव चिन्ह छीनकर तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट यानी 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' को क्यों दे दिया गया। सोमवार को इस मामले पर सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस कृष्णा राव की पीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
क्या बोला हाईकोर्ट?
सुनवाई के दौरान जस्टिस कृष्णा राव ने चुनाव आयोग के वकील से कड़े सवाल पूछे। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, "यदि चुनाव आयोग निजी पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है, तो फिर क्या बचता है? आयोग को अदालत के सामने निष्पक्ष होना चाहिए।" कोर्ट ने आयोग पर सवाल उठाए कि याचिकाकर्ता लोकसभा चुनाव में लिफाफा सिंबल पर चुनाव लड़ा था। अब वह फिर से उपचुनाव लड़ना चाहता है, लेकिन यह चिन्ह ऐसी पार्टी को दे दिया गया जो अस्तित्व में थी ही नहीं।
हाईकोर्ट ने कहा कि भले ही किसी भी पार्टी का किसी चिन्ह पर स्थायी अधिकार ना हो, लेकिन जब एक ही चिन्ह के लिए 2 आवेदन आते हैं, तो चुनाव आयोग का कर्तव्य क्या बनता है? आयोग ने किस प्रावधान के तहत यह सिंबल दूसरी पार्टी को दिया? आयोग ने याचिकाकर्ता का आवेदन खारिज करने की लिखित वजह क्यों नहीं दी?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद तृणमूल कांग्रेस में बगावत हो गई। कई विधायकों ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और अपना अलग नेता भी घोषित कर दिया। इस बागी खेमे की अगुवाई ऋतब्रत बनर्जी ने की। अब पश्चिम बंगाल में आगामी 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। इससे पहले दोनों खेमे ने टीएमसी के नाम और जोड़ा फूल चिह्न पर दावा ठोका था। हालांकि आयोग ने इस चिह्न को फ्रिज कर दिया और दोनों गुटों को अलग अलग सिंबल दिया। जहां ममता बनर्जी कर खेमे को फुटबॉल प्लेयर का सिंबल मिला, वहीं बागी खेमे, जिसे डेमोक्रेटिक टीएमसी का नाम मिला है, उसे आयोग ने लिफाफा सिंबल दिया।
हालांकि लिफाफा सिंबल पूर्व में इंडियन सेकुलर फ्रंट का रहा है। ISF ने 2024 का लोकसभा चुनाव और इस साल विधानसभा चुनाव लिफाफा सिंबल पर ही लड़ा था। हालांकि अब नंदीग्राम सीट पर चुनाव लड़ रही ISF से यह सिंबल छीनकर उन्हें 'अलमारी' चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। इसके बाद ISF ने हाईकोर्ट का रुख किया।
आयोग की क्या दलील?
आयोग के वरिष्ठ वकील ने दलील दी है कि लिफाफा फिलहाल एक फ्री चुनावी चिन्ह है। इस पर किसी का नाम या कानूनी अधिकार नहीं है। हालांकि ISF के वकील ने कहा कि आयोग का फैसला तार्किक होना चाहिए, तानाशाह जैसा नहीं। उन्होंने कहा कि एक ही क्षेत्र में पुराना चिन्ह किसी दूसरी पार्टी को देने से दूसरी पार्टी को सीधा फायदा पहुंचेगा और यह पूरी तरह से गैर-कानूनी है। ISF के वकील ने कोर्ट से उपचुनाव स्थगित करने की मांग भी की। फिलहाल अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।


