Bypoll 2026: बंगाल में भाजपा की परीक्षा, TN में दांव पर विजय की साख; 6 सीटों पर उपचुनाव आज; नतीजे कब?

लाइव हिन्दुस्तान
share

By Election 2026: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों सहित 6 सीटों पर उपचुनाव आज। इन सीटों के समीकरण समझिए। नतीजे कब आएंगे?

Bypoll in West Bengal and Tamil Nadu
शुभेंदु अधिकारी और विजय के लिए यह बड़ी परीक्षा है

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 6 सीटों पर उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। इन सीटों पर मंगलवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। हाल ही में कई राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद हो रहे ये उपचुनाव देश के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। खासकर पश्चिम बंगाल में टीएमसी को सत्ता से हटाकर सरकार बनाने वाली भाजपा और तमिलनाडु में शानदार जीत के साथ मुख्यमंत्री बने अभिनेता विजय के लिए यह पहली चुनावी परीक्षा है।

Nandigram Bypoll: शुभेंदु अधिकारी के लिए क्यों अहम है चुनाव?

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। 2 सीटों पर जीत के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा नंदीग्राम की सीट भवानीपुर सीट चुनने के बाद खाली हुई थी। मुख्यमंत्री ने यहां से अपने पीए चंद्रनाथ रथ की मां हंसीरानी रथ को मैदान में उतारा है। विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। ऐसे में यह चुनाव उनके लिए अहम है। वहीं ममता बनर्जी की टीएमसी ने अपने उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद, ममता ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन दिया है। ऋतब्रत बनर्जी वाले गुट ने मोहम्मद एतेसामुल हक को उतारा है। सीपीआई से शांतिगोपाल गिरि मैदान में हैं।

रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर द्वारा नौदा सीट बरकरार रखने के कारण खाली हुई थी। कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी ने उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है। यहां भाजपा के सखरव सरकार, ममता गुट के रबीउल आलम चौधरी और सीपीआई(एम) के सैयद असद अली के बीच कड़ा मुकाबला है।

Tamil Nadu Bypoll: मुख्यमंत्री विजय की प्रतिष्ठा की लड़ाई

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धरापुरम सीटों पर थलपति विजय के लिए साख की लड़ाई है। इन सीटों पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन, विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी ने उपचुनाव से पहले जमकर प्रचार किया है। उपचुनावों के दौरान आमतौर पर इतनी सक्रियता नहीं देखी जाती, लेकिन इस बार नेताओं के जोरदार प्रचार ने इन चुनावों के राजनीतिक महत्व को रेखांकित किया है क्योंकि इसके नतीजे सत्तारूढ़ और विपक्षी दोनों खेमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उपचुनाव के नतीजे तय करेंगे कि विधानसभा में टीवीके की ताकत बढ़ा पाती है या नहीं। वहीं, द्रमुक के लिए यह चुनाव वापसी के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में उसे हार की उम्मीद नहीं थी। तीसरे स्थान पर खिसकने के बाद अन्नाद्रमुक ने अपना खोया हुआ राजनीतिक आधार वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इन उपचुनावों में पांच दलों के बीच कड़ा मुकाबला है। सत्तारूढ़ टीवीके, मुख्य विपक्षी द्रमुक, अन्नाद्रमुक, वाम मोर्चा और तमिल राष्ट्रवादी टीवीके मैदान में हैं।

मदुरांतकम विधानसभा सीट पर 27 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, धारापुरम में 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि तमिलनाडु की मौजूदा विधानसभा में फिलहाल टीवीके के 107 विधायक हैं, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष भी शामिल हैं। द्रमुक के 59, अन्नाद्रमुक के 41, कांग्रेस के पांच, पीएमके के चार, भाकपा और माकपा के दो-दो, वीसीके के दो तथा आईयूएमएल के दो विधायक हैं।

Puducherry By Election: एनडीए को मिलेगी जीत?

पुडुचेरी में थट्टानचावडी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी मतदान शुरू हो गया है। यहां कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। चार-कोणीय मुकाबले में प्रमुख उम्मीदवारों में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के उम्मीदवार और पूर्व विधायक अशोक आनंद शामिल हैं, जो एनडीए का हिस्सा है, कांग्रेस के ई विनायगम, टीवीके के सहयोगी के हैं और के सेतु उर्फ सेतुसल्वम (द्रमुक) और सीपीआई के ए मोहम्मद सलीम मैदान में हैं। उपचुनाव मुख्यमंत्री और एआईएनआरसी के संस्थापक एन रंगासामी के इस्तीफे के कारण हो रहा है जिन्होंने 9 अप्रैल के चुनाव में दो सीटों से जीत हासिल की थी और मंगलम सीट अपने पास रखने का फ़ैसला किया था।

Assam By Election: नगांव सीट पर कौन मारेगा बाजी?

असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद जरूरी हो गया। बोरदोलोई ने लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा, पूर्व कांग्रेस विधायक शिवमोनी बोरा तथा ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और 624 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 19.05 लाख मतदाता हैं।

नतीजे कब?

सभी राज्यों में चुनावों के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है। मतदान शाम पांच बजे खत्म होगा, जहां बड़ी संख्या में वोटिंग की उम्मीद। नतीजों की बात करें तो मतगणना शुक्रवार 9 अक्टूबर को होगी और रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsBypoll 2026: बंगाल में शुभेंदु, TN में दांव पर विजय की साख;6 सीटों पर उपचुनाव आज