
बृजभूषण सिंह के जन्मदिन पर दिखा 'दबदबा', ठंड-कोहरे से स्कूलों में छुट्टी; टॉप-5
Top News Today: दिल्ली दंगों के मामले में शरजील इमाम ने अदालत में उमर खालिद से किसी संबंध से इनकार किया, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि सड़कों से सभी कुत्तों को हटाने का आदेश नहीं दिया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश में बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर भव्य जुलूस निकला…
Top News Today: देश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। दूसरी ओर दिल्ली दंगों के मामले में शरजील इमाम ने अदालत में उमर खालिद से किसी संबंध से इनकार किया, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि सड़कों से सभी कुत्तों को हटाने का आदेश नहीं दिया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश में बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर भव्य जुलूस निकला, तो बिहार में ठंड से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पटना सहित कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए। पढ़ें आज की बड़ी खबरें....
उमर खालिद मेरा मेंटर नहीं; दिल्ली कोर्ट में शरजील इमाम
दिल्ली दंगों के आरोपी और एक्टिविस्ट शरजील इमाम ने गुरुवार को एक अदालत में बताया कि पुलिस का यह आरोप सरासर गलत है कि उमर खालिद उसका मेंटर या गुरु था। शरजील इमाम ने यह भी दावा किया कि जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच बातचीत नहीं होती थी। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, कड़कड़डूमा कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज (ASJ) समीर बाजपेयी के सामने इमाम की ओर से पेश हुए वकील ताहिर मुस्तफा ने कहा कि उनके मुवक्किल और खालिद के बीच कोई कनेक्शन नहीं है। खालिद की ओर से कहा गया कि जेएनयू में मेरे पांच साल के दौरान मैंने कभी उमर खालिद से बात नहीं की। मुझे नहीं पता कि वे (पुलिस) किस समन्वय की बात कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
सड़कों से सभी कुत्तों को हटाने का कोई आदेश नहीं दिया
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि उसने सड़कों से सभी कुत्तों को हटाने का कोई आदेश नहीं दिया है और निर्देश केवल यह था कि इन आवारा कुत्तों का इलाज एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियमों के अनुसार किया जाए। आवारा कुत्तों के मामले में दलीलें सुनते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कुत्ता उन लोगों को सूंघ सकता है जो या तो उनसे डरते हैं या जिन्हें कुत्ते ने काटा है और वे ऐसे लोगों पर हमला करते हैं। जस्टिस विक्रम नाथ, संदीप मेहता और एन.वी. अंजारिया की तीन जजों की स्पेशल बेंच उन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिनमें कुत्ता प्रेमियों द्वारा दायर याचिकाएं भी शामिल थीं, जो पहले के आदेशों में बदलाव और निर्देशों के सख्त पालन की मांग कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...
बृजभूषण का जन्मदिन धूमधाम से मना
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर गुरुवार को सैकड़ों गाड़ियों का जश्न जुलूस निकाला गया। काफिले में खुली जीप पर सवार बृजभूषण शरण सिंह पर रास्ते में फूल बरसाए गए। फूल वर्षा के लिए बुलडोजर भी लगाए गए थे। इस दौरान बृजभूषण का दबदबा भी दिखा। इस अवसर पर संतों का आशीर्वाद, कथा महोत्सव का समापन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। सरयू तट स्थित नंदिनी निकेतन में 1 जनवरी से आयोजित राष्ट्र कथा महोत्सव का समापन पूर्व सांसद के जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे विधि-विधान से हुआ। पढ़ें पूरी खबर...
बिहार में कड़ाके की ठंड; पटना में 8वीं तक के स्कूल 11 जनवरी तक बंद
राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह कई जिलों में घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है। भीषण ठंड को देखते हुए पटना जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई 11 जनवरी 2026 तक बंद रहेगी। कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश 9 जनवरी से लागू होगा। पटना जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड के कारण कम तापमान की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए कक्षा 8 तक के स्कूलों को 11 जनवरी तक बंद रखने का फैसला किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
अमेरिका के साल्ट लेक सिटी में गोलीबारी
अमेरिका के यूटा राज्य की राजधानी साल्ट लेक सिटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मॉर्मन चर्च (द चर्च ऑफ जीसस क्राइस्ट ऑफ लैटर-डे सेंट्स) के सभा भवन की पार्किंग में अंतिम संस्कार के दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में हुए किसी विवाद ने यह हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल संदिग्ध फरार हैं और और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें




