स्कूलों में छुट्टियां, दफ्तर बंद; BRICS के लिए किले में तब्दील दिल्ली, जानें आज क्या-क्या होगा

हिन्दुस्तान टीम
Follow us on Google News
share

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए पूरी राजधानी को किले में तब्दील कर दिया गया है। पूरे शहर में स्कूल बंद रहेंगेे। इसके सात ही आयोजन स्थल के आसपास के स्कूलों को बंद किया गया है। इस सम्मेलन में 25 देश हिस्सा ले रहे हैं।

BRICS
कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रहा है ब्रिक्स सम्मेलन, पूरा शहर किले में तब्दील।

BRICS सम्मेलन में भाग लेने के लिए सदस्य देशों के नेताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो चुका है। इस आयोजन के लिए राजधानी को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम् के आसपास 15 हजार जवान तैनात किए गए हैं। आसपास के दफ्तरों को बंद कर दिया गया है तो पूरे शहर के स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं।

25 देश ले रहे हैं हिस्सा

12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत के अलावा 25 देश हिस्सा लेंगे। इसमें ब्रिक्स के 11 सदस्य देश, 10 ब्रिक्स सहयोगी देश और पांच देश विभिन्न क्षेत्रीय समूहों के अध्यक्ष होने के नाते इसमें शामिल होंगे। इन प्रमुख नेताओं में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अलसीसी, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, इथोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद शामिल हैं। यूएई की तरफ से अबूधाबी के क्राउन प्रिंस बिन जायद अल नाहयान हिस्सा लेंगे। बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की यात्रा की संभावना से इनकार किया है।

अंतिम रूप दिया गया

सुरक्षा एजेंसियों ने खतरों से निपटने के लिए आसमान से जमीन तक सुरक्षा ग्रिड तैयार की है। भारत की विशिष्ट आतंकवादरोधी ईकाई, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स ने विशेष रणनीति के तहत गुरुवार को ‘ऑपरेशन ब्रिक्स कवच’ का मॉक ड्रिल पूरी की। इस ड्रिल के दौरान कमांडो ने हेलीकॉप्टरों से रस्सियों के सहारे तेजी से नीचे उतरने की 'स्लिदरिंग' तकनीक का अभ्यास किया। कमांडो को उनके निर्धारित रणनीतिक बिंदुओं पर तैनात कर दिया गया है, जो आपातकालीन स्थिति में पलक झपकते ही जवाबी कार्रवाई में सक्षम हैं। दिल्ली पुलिस की आतंकवाद-रोधी ईकाई स्वाट कमांडो यूनिट की भी तैनाती कर दी गई है।

डायवर्जन समेत कई बदलाव

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने शहर के कई हिस्सों में डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस के अनुसार, हवाई अड्डा, होटलों और उन स्थानों पर जहां गणमान्य व्यक्तियों का दौरा हो सकता है, वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दुकानदारों ने विदेशी मेहमानों को 50 फीसदी तक छूट देने की घोषणा की।

काफिले की ट्रैकिंग होगी

विदेशी वीवीआईपी काफिलों की सभी गाड़ियों को विशेष जीपीएस ट्रैकिंग और फेशियल रिकग्निशन तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी हर सेकंड उनके मूवमेंट की लाइव निगरानी कर सकेंगे। यमुना के किनारों पर बोट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और ऐतिहासिक जगहों से चौबीसों घंटे दूरबीन से पहरा दिया जा रहा है।

एंटी-ड्रोन डिफेंस सिस्टम

हवाई अड्डे से लेकर वीवीआईपी रूट, होटलों और मुख्य आयोजन स्थल के आसपास करीब दर्जन भर अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन डिफेंस सिस्टम स्थापित किए गए हैं। ये सिस्टम किसी भी संदिग्ध रिमोट-कंट्रोल विमान, यूएवी या क्वाडकॉप्टर के सिग्नल को हवा में ही जाम करके उसे तुरंत निष्क्रिय या नष्ट करने की क्षमता रखते हैं।

ऊंची इमारतों की छतों को चिन्हित कर अत्याधुनिक दूरबीन और नाइट-विज़न हथियारों से लैस स्नाइपर्स तैनात किए गए हैं। ये स्नाइपर्स एआई से संचालित कैमरों और जेस्चर रिकग्निशन तकनीक की मदद से काम करेंगे, जो संदिग्ध बदलाव को पकड़कर कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे।

क्या है कार्यक्रम

● शिखर सम्मेलन शनिवार दोपहर 2:35 बजे बंद कमरे के सत्र के साथ शुरू होगा।

● नेता ‘भारत इनोवेट्स एग्जिबिशन’ का दौरा करेंगे, जो शाम 4:25 बजे शुरू होगी।

● सभी नेता शाम 5:05 बजे, भारत मंडपम में तस्वीर खिंचवाएंगे।

● प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7:30 बजे रात्रिभोज देंगे।

● रविवार सुबह 10:35 बजे सामूहिक तस्वीर ली जाएगी।

● समावेशी वैश्विक प्रगति के लिए भविष्य को आकार देना विषय पर खुला सत्र सुबह 10:50 बजे से आयोजित किया जाएगा।

● नई दिल्ली घोषणापत्र जारी किए जाने के साथ शिखर सम्मेलन का समापन होगा।

तीन दिन तक राष्ट्रपति भवन-अमृत उद्यान बंद

शुक्रवार से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। गुरुवार को यह जानकारी दी गई। शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी भी नहीं होगी।

खुले रहेंगे बाजार

राजधानी में 11 से 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान कनॉट प्लेस, खान मार्केट समेत तमाम बाजार खुले रहेंगे। वहीं, एनडीएमसी की ओर से प्रमुख मार्गों और भवनों को सुंदर लाइटों से सजाया गया है। खान मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने बताया कि आवाजाही सामान्य होने के कारण बाजार बंद नहीं करने का निर्णय लिया गया है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने बताया कि कनॉट प्लेस मार्केट खुला रहेगा। ग्राहकों को यातायात संबंधी निर्देशों के पालन की सलाह दी जा रही है। वहीं, व्यापारी नेता देवराज बावेजा ने बताया कि चांदनी चौक, सदर बाजार भी खुले रहेंगे। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि इस दौरान विदेशी मेहमान खरीदारी करने पहुंचते हैं तो उन्हें 50 फीसदी तक छूट दी जाएगी।

चिड़ियाघर बंद तो सभी स्मारक खुले रहेंगे

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान चिड़ियाघर आगंतुकों के लिए 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा। शुक्रवार को चिड़ियाघर बंद ही रहता है। वन्यजीवों की देखभाल से जुड़ी सभी जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी। वहीं, एएसआई की राष्ट्रीय प्रवक्ता नंदिनी भट्टाचार्य साहू ने बताया कि सम्मेलन के दौरान पुराने किला से लेकर लाल किला और अन्य स्मारक पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे।

मेट्रो संग्रहालय

सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन परिसर स्थित दिल्ली मेट्रो संग्रहालय अब अगले चार दिन बंद रहेगा। 14 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश के कारण यह बंद रहेगा। संग्रहालय ब्रिक्स सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम से सटा हुआ है, ऐसे में सुरक्षा कारणों से इसे सम्मेलन के दौरान बंद किया गया है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsस्कूलों में छुट्टियां, BRICS के लिए किले में तब्दील दिल्ली; आज क्या-क्या होगा