Brics Summit 2026: ईरान के राष्ट्रपति संग पीएम मोदी की बैठक, संबंधों को मजबूत करने पर जोर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। जबकि, ट्रैफिक से जुड़ी पाबंदियां 10 सितंबर से शुरू होंगे और लगभग 14 सितंबर तक जारी रह सकते हैं। पीएम मोदी की बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

Prime Minister Narendra Modi and Iranian President Masoud Pezeshkian exchange a handshake during a bilateral meeting on the sidelines of the BRICS Summit 2026
मसूद पेजेश्कियन के साथ पीएम मोदी।

18वां BRICS सम्मेलन शनिवार से शुरू होने जा रहा है और शुक्रवार से मेहमानों के आगमन का दौर शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात भी की। इसके अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी 7 साल बाद भारत पहुंच रहे हैं। खास बात है कि गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के 6 साल बाद यह मीटिंग होगी।

सम्मेलन में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, अबू धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, UN यानी संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और विश्व स्वास्थ्य संगठन प्रमुख समेत कई नेता शामिल हैं।

यहां देखें लाइव अपडेट्स-

8:00 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने 2026 ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की। इसकी तस्वीरें न्यूज एजेंसी एएनआई ने जारी की हैं। पीएम मोदी बेहद गर्मजोशी ने गुतारेस का स्वागत करते नजर आ रहे हैं।

7:30 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ बातचीत की। इस दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने और द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार की दिशा तय करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी मुलाकात है। ईरान के राष्ट्रपति के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने के कुछ घंटे बाद यह वार्ता हुई। राष्ट्रपति के रूप में पेजेश्कियन की यह पहली भारत यात्रा है।

6:40 PM- व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस पर 30 हजार से ज्यादा प्रतिबंध लगाए गए हैं। यह संख्या दुनिया के बाकी सभी देशों पर लगाए गए कुल प्रतिबंधों की संख्या से करीब दोगुनी है। उन्होंने कहा कि इतनी मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद रूस ने लगातार काम किया है और बड़ी सफलता हासिल की है। रूस ने अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता को और मजबूत किया है। ऐसे भरोसेमंद और स्थिर साझेदार देशों के साथ अपने संबंधों को बढ़ाया है, जिन पर भरोसा किया जा सकता है।

6:30 PM- ब्रिक्स बिजनेस फोरम के नेताओं के सत्र को संबोधित करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि कई बार देशों के बीच प्रतिस्पर्धा बदसूरत रूप ले लेती है। यह स्थिति राज्य और सरकार के स्तर पर भी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि कई बार पाइपलाइनों को नष्ट किया जाता है, अंतरराष्ट्रीय परिवहन गलियारों को रोकने की कोशिश होती है और समुद्री जहाजों को जब्त करने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा, कुछ देशों पर अवैध प्रतिबंध लगाए जाते हैं और उन देशों को सेकेंडरी प्रतिबंधों की धमकी दी जाती है, जो किसी दूसरे देश के हितों के अनुसार चलने के बजाय अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

6:20 PM- पीएम मोदी ने कहा, 'जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज और जैव तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी नई क्षमता विकसित की जा रही है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के यूपीआई ने डिजिटल लेन-देन और वित्तीय सेवाओं को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया है। आज दुनिया के रियल-टाइम पेमेंट का 50 फीसदी हिस्सा यूपीआई तकनीक के जरिए होता है।

6:15 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी आर्थिक और व्यापार नीतियों की नींव इसी सोच पर रखी है। भारत ने ऊर्जा से लेकर तकनीक तक सप्लाई चेन को मजबूत और भरोसेमंद बनाया है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत आज विकास और स्थिरता का भरोसा दे रहा है। देश में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और एयरपोर्ट तेजी से बनाए जा रहे हैं।

6:10 PM- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि इस समय दुनिया में बड़े और गहरे बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20वीं सदी के दूसरे हिस्से में जो देश आर्थिक विकास में सबसे आगे थे, उनकी जगह अब नए देश और नई अर्थव्यवस्थाएं विकास की नई ताकत बन रही हैं। पुतिन ने कहा कि पुराने आर्थिक ताकतवर देशों के पास आज भी मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर तकनीक, विज्ञान और मजबूत संस्थान हैं, लेकिन दुनिया और अर्थव्यवस्था हमेशा बदलती रहती है।

6:05- PM- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि ब्रिक्स देशों में दुनिया की आधी आबादी रहती है। उन्होंने कहा कि भारत की IT कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। पुतिन ने कहा, 'रूस पर गलत प्रतिबंध थोपे गए हैं। पश्चिम के देश आज कमजोर हो रहे हैं।'

6:00 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें दिल्ली में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर खुशी हुई। उन्होंने बताया कि बिश्केक में हुई पिछली मुलाकात के दो हफ्ते से भी कम समय बाद दोनों नेताओं की फिर बातचीत हुई। इस दौरान भारत-रूस के बीच व्यापार बढ़ाने, 2030 तक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम को लागू करने, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और संस्कृति समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान दुनिया के कल्याण के लिए अपने प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है।

5:45 PM- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि दुनिया इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है। देशों के बीच तनाव, सामान की सप्लाई में रुकावट और आर्थिक दबाव बढ़ने से हालात और जटिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में ब्रिक्स देशों को मिलकर काम करने की जरूरत है। पेजेशकियन के मुताबिक, ब्रिक्स की ताकत सिर्फ सदस्य देशों की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में नहीं है, बल्कि व्यापार, निवेश और एक-दूसरे को आर्थिक मदद देने में है। उन्होंने कहा कि अब ब्रिक्स को सिर्फ सहयोग की बातें करने के बजाय जमीन पर मिलकर काम करना चाहिए।

5:20 PM- ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि यह सहयोग उन लोगों तक पहुंचे, जो हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इसका फायदा हमारे किसानों को मिलना चाहिए, कारोबार और दूसरे क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहिए। साथ ही, हमारे युवा उद्यमियों और एमएसएमई को आगे बढ़ने, रोजगार और समृद्धि के बेहतर अवसर मिलने चाहिए।'

5:00 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत मंडपम में INNOPROM प्रदर्शनी का दौरा किया। इसके लिए दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर पहुंचे थे।

4:40 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स समिट 2026 से इतर द्विपक्षीय बैठक की। यह मीटिंग करीब 45 मिनट तक चली और अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं ने व्यापार बढ़ाने से लेकर परमाणु सहयोग जैसे मसलों पर भी चर्चा की। बैठक के बाद मोदी और पुतिन एक ही कार में सवाल होकर इनोप्रॉम प्रदर्शनी देखने पहुंचे।

4:30 PM- क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि दोनों पक्ष ब्रह्मोस मिसाइल के उन्नयन पर विचार कर रहे हैं। इसके साथ ही मॉस्को अपनी शेष एस-400 मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रस्तावित सुखोई-57 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति पर भी चर्चा कर रहा है।

4:15 PM- इससे पहले मोदी और पुतिन की मुलाकात पिछले सप्ताह बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। वहां प्रधानमंत्री ने संघर्ष को तुरंत समाप्त करने की अपील करते हुए रूसी नेता से अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर बढ़ने का आग्रह किया था।

3:55 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2026 के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तिरुक्कुरल के रूसी भाषा में अनुवादित संस्करण की एक प्रति भेंट की।

3:45 PM- सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात में भारत और रूस के बीच कारोबार बढ़ाने पर खास चर्चा हो सकती है। दोनों देश 2030 तक आपसी व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रख सकते हैं। इसके अलावा भारत में रूस के औद्योगिक मेले इनोप्रोम के आयोजन, रेलवे और सुरंग बनाने के काम में सहयोग, स्टील उद्योग को मजबूत करने और दोनों देशों की कंपनियों के बीच कारोबार के नए मौके बढ़ाने पर बात हो सकती है। भारतीय कंपनियों के लिए रूसी बाजार में पहुंच आसान बनाने, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और रूस में भारतीय कुशल कामगारों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा संभव है। दोनों देश जरूरी खनिजों और उर्वरकों के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं।

3:30 PM- ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल के रूसी चैप्टर के अध्यक्ष और रूसी उर्वरक उत्पादक संघ के अध्यक्ष आंद्रेई गुरयेव ने कहा कि रूस और भारत लंबे समय से साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि यहां जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो रही है, उनमें नवाचार और खाद्य सुरक्षा शामिल हैं, खासकर होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने को देखते हुए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है और कारोबारी इसे लेकर काफी आशावादी हैं। गुरयेव ने बताया कि रूस के प्रतिनिधिमंडल में करीब 300 लोग शामिल हैं।

3:15 PM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 को लेकर आदित्य बिड़ला समूह के डायरेक्टर आर्यमान विक्रम बिड़ला ने कहा, 'यह जरूरी है कि हर अर्थव्यवस्था ज्यादा आत्मनिर्भर बने और झटकों को झेलने की क्षमता विकसित करे। इससे दुनिया में अस्थिरता के दौर में अर्थव्यवस्थाएं ज्यादा मजबूत और लचीली बन सकेंगी।'

2:45 PM- शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 को बेहद अहम बताते हुए कहा कि भारत को इस बैठक से देश के हित में अधिकतम लाभ हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने 2011 में भी ब्रिक्स की मेजबानी की थी और कोविड के दौरान 2021 में वर्चुअल बैठक आयोजित की थी, जबकि अब 2026 में एक बार फिर भारत को इसकी मेजबानी का मौका मिला है। दुबे ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि चीन के साथ भारतीय सेना के टकराव की खबरें बेहद दुखद हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अपील की कि वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से इस मुद्दे पर बातचीत करें, क्योंकि यह एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मामला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार को केवल सलाह और सुझाव दे सकता है, उन्हें लागू करना या नहीं करना पूरी तरह सरकार के हाथ में है।

2:25 PM- कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना नजरिया होता है। उन्होंने कहा कि अगर चीन के राष्ट्रपति भारत दौरे पर आ रहे हैं तो उनकी यात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। तिवारी ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन खत्म होने के बाद ही वह इस पर विस्तार से बात करेंगे कि इस दौरे से क्या हासिल हुआ। रूस के साथ भारत के रिश्तों पर उन्होंने कहा कि रूस हमेशा से भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि रूस के साथ सभी मुद्दों पर सार्थक और सकारात्मक बातचीत होगी।

2:10 PM- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। वह आज शाम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेंगे। पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद पेजेश्कियान की यह पहली भारत यात्रा है। पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में होर्मुज को लेकर चर्चा संभव है।

1:55 PM- जयशंकर ने 'ब्रिक्स बिजनेस फोरम' को संबोधित करते हुए भू-राजनीतिक उथल-पुथल का भी जिक्र किया और कहा कि आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान से निपटने, निष्पक्ष बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने, भरोसेमंद हर तरह की मदद करने, कारोबार के लिए पूर्वानुमान योग्य माहौल बनाने, व्यापारिक संबंधों में विविधता लाने तथा व्यापार और निवेश में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने की जरूरत है।

1:29 PM- नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के लिए दुनिया भर के नेताओं की मेजबानी की तैयारी चल रही है। इसी बीच सरकार ने ट्रैफिक व्यवस्था पर असर कम करने के लिए घरेलू वीआईपी की आवाजाही में बड़ा बदलाव किया है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक आमतौर पर अलग-अलग काफिलों में चलने वाले केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री अब संसद से भारत मंडपम तक एक ही बस में साथ यात्रा करेंगे। इस व्यवस्था का मकसद राजधानी की सड़कों पर वीआईपी वाहनों और सुरक्षा काफिलों की संख्या कम करना है। साथ ही इससे सुरक्षा एजेंसियों को वैश्विक नेताओं की सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।

01:15 PM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत पूरी तरह तैयार है। ऐसे में ब्रिक्स का लोगो हर तरफ नजर आ रहा है। समझते हैं इसके पीछे छिपे संदेश को।

नमस्ते की मुद्रा- लोगो के बीच में भारत की ‘नमस्ते’ की मुद्रा को दर्शाया गया है। यह भारत की सदियों पुरानी अतिथि-सत्कार और मिल-जुलकर काम करने की भावना को दर्शाती है।

कमल- लोगो का बीच का डिजाइन भारत के राष्ट्रीय फूल कमल जैसा दिखाई देता है। कमल लचीलेपन, दृढ़ता और सामंजस्य का प्रतीक है।

चमकीले रंगों वाली पंखुड़ियां- कमल के बीच से चारों ओर फैली रंग-बिरंगी पंखुड़ियां BRICS के सभी सदस्य देशों के रंगों को दर्शाती हैं। ये विविधता में एकता का प्रतीक हैं।

01:03 PM- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे से पहले चीन के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जिनपिंग BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आएंगे और सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक शी जिनपिंग शिखर सम्मेलन में भाषण देंगे और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात पर वैश्विक नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

12:41 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, 'भयानक 9/11 हमलों को 25 साल हो गए हैं। हम पीड़ितों को याद कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही उन पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। आतंकवाद ने दुनिया भर में अनगिनत लोगों की जान ली है। सीमा जैसे-जैसे खतरा बदल रहा है, आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ हमारा विरोध और संकल्प मजबूत बना हुआ है। हम इस बुराई को हराने के लिए किए जा रहे हर प्रयास के साथ एकजुट हैं।पार आतंकवाद के शिकार के तौर पर भारत कई दशकों से इस लड़ाई में सबसे आगे रहा है।'

12:26 PM- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को BRICS के देशों से अपनी-अपनी पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ने और स्थानीय करेंसी में व्यापार बढ़ाने अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे BRICS देशों के बीच व्यापार बढ़ेगा और सप्लाई चेन ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनेगी। उन्होंने कहा, "आज UPI को 11 देशों में स्वीकार किया जा रहा है। मैं BRICS के सदस्य और साझेदार देशों से आग्रह करता हूं कि हम अपनी पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ें, एक-दूसरे की स्थानीय करेंसी में व्यापार करें, डिजिटल व्यापार को वैश्विक बनाएं और भविष्य की उभरती तकनीकों के लिए मिलकर काम करें।”

12:13 PM- राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार से शुरू हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों और अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी तैनात की गई हैं। वहीं राजधानी में चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हालांकि दिल्ली यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी लेकिन वीवीआईपी के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से वाहनों को रोका जा सकता है, रास्ता डायवर्ट किया जा सकता है और कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

12:02 PM- BRICS शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो संग भी अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी-पुतिन की बैठक शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे होने की उम्मीद है। इसके बाद पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात करेंगे।

11:53 AM- राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सेंट्रल दिल्ली रोशनी, फूलों और ब्रिक्स थीम वाली सजावट से सजी नजर आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन और पीएमओ गोलचक्कर समेत कई जगहों पर सजावटी लाइट लगाई गई हैं। महत्वपूर्ण मार्गों पर बिजली के खंभों पर सम्मेलन की 'थीम' वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है। भारत इस समूह की अध्यक्षता और सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

11: 44 AM- ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भारत के लिए रवाना हो गए हैं। हैदराबाद में ईरानी दूतावास ने बताया है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पेजेशकियन ईरान से निकल गए हैं। कुछ ही देर में उनके दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

11: 40 AM- भारत रवाना होने से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक बयान में कहा, "ब्रिक्स का न्यू डेवलपमेंट बैंक देशों को डॉलर पर निर्भरता से मुक्त करने और अमेरिका की धौंस बनाने की कोशिशों का मुकाबला करने के उद्देश्य से बनाया गया था।"

11: 35 AM- ब्रिक्स सम्मेलन में आने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिका को बड़ा संदेश दे दिया है।

11: 30 AM- BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ब्रिक्स दुनिया की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा, हम सभी को मिलकर काम करना होगा, ताकि हमारे प्रयासों का नतीजा हमारे लोगों के लिए रोजगार, BRICS सदस्य देशों के लिए समृद्धि और आर्थिक खुशहाली के रूप में सामने आए। BRICS दुनिया की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और वैश्विक जीडीपी में इसकी हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है।"

11: 11 AM- BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा है कि यह कार्यक्रम सफल जरूर होगा। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा है, “मैं कहना चाहूंगा कि इस साल का BRICS शिखर सम्मेलन और भारत की अध्यक्षता सफलता की ओर अग्रसर है। भारत ने अपना रोल बखूबी अदा किया है।

11: 00 AM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज कुछ अहम बैठकें होनी हैं। आधिकारिक सूचना के मुताबिक पीएम मोदी आज रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव के साथ अहम द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। बैठकों की टाइमिंग कुछ इस तरह है:

पुतिन से मुलाकात- 3:30 PM

पेजेशकियन संग बैठक- 6:15 PM

संयुक्त राष्ट्र महासचिव संग बैठक- 6:45 PM

10:52 AM- 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के तहत नई दिल्ली में BRICS बिजनेस फोरम शुरू हो गया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल समेत कई नेता और अधिकारी यहां पहुंच गए हैं और कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। जयशंकर ने ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने को बड़ी उपलब्धि बताया है।

10:45 AM- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जिनपिंग और पीएम मोदी की मुलाकात से पहले अब एक चीनी पत्रकार ने अहम बात कही है। सीजीटीएन की चीनी पत्रकार ली जिंगजिंग ने कहा कि बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच पूरी दुनिया की नजर भारत और चीन पर है कि दोनों देश मिलकर किस तरह काम करते हैं।

10:33 AM- खबरें हैं कि दिल्ली पुलिस और सेंट्रल सिक्योरिटी एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी में चौकसी बढ़ा दी है। आईबी ने अलर्ट जारी किया है कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान भारत की छवि बिगाड़ने के इरादे से वीआईपी मूवमेंट में रुकावट डालने और सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

10:12 AM- DMRC ने कहा, 'BRICS समिट के कारण ट्रैफिक पाबंदियों के बीच, परीक्षा देने वाले छात्रों और आम जनता की आवाजाही को आसान और समय पर बनाए रखने के लिए, रविवार, 13 सितंबर 2026 को सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह 06:00 बजे शुरू हो जाएंगी।'

10:09 AM- NTGR इंजीनियरिंग के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर एबेदनिको मखारी ने कहा, 'यह बहुत अच्छी बात है क्योंकि यह एक ऐसा ब्लॉक है जो हम दक्षिण अफ्रीकी लोगों, बिजनेस प्रतिनिधियों और ब्रिक्स प्लस देशों के अन्य बिजनेस डेलीगेट्स के लिए जरूरी है। हम साथ मिलकर काम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक हैं कि हम प्रतियोगी नहीं बल्कि सहयोगी हों... भारत अब तक व्यापार और समाधानों के मामले में अच्छा काम कर रहा है... हम भारतीय कंपनियों के साथ पार्टनरशिप करने के लिए उत्साहित हैं ताकि हम टेक्नोलॉजी भी शेयर कर सकें और इसे आगे बढ़ाते हुए GDP को सबसे ऊंचे स्तर पर ले जा सकें...।'

9:52 AM- डीएमआरसी के मुताबिक, सभी मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक खुले रहेंगे। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, जब तक किसी स्टेशन या लाइन को लेकर अलग से कोई सूचना जारी नहीं दी गई है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित मेट्रो म्यूजियम 13 सितंबर तक बंद रहेगा।

9:48 AM- BRICS बिजनेस फोरम के साथ BRICS समिट 2026 की शुरुआत हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल वक्ताओं में शामिल हैं।

9:37 AM- दिल्ली यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी लेकिन VVIP के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से वाहनों को रोका जा सकता है, मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है और कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार जहां सुरक्षा व्यवस्था अनुमति देगी, वहां यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के काफिले के गुजरने के दौरान आम वाहनों पर लगने वाली रोक की कोई निश्चित अवधि नहीं होगी।

9:28 AM- नाइजीरिया की विदेश मंत्री बियांका ओडुमेग्वु ओजुकुु, उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचीं। बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, ​​कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम के साथ-साथ नाइजीरिया के पास भी BRICS पार्टनर देश का दर्जा है।

9:24 AM- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचे हैं। भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत 11 सितंबर को होने वाली है। दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर बैठक हो सकती है।

9:22 AM- पीएम मोदी ने कहा, 'अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।'

9:20 AM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों तथा अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी तैनात की गई हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsBRICS 2026: ईरान के राष्ट्रपति संग PM मोदी की बैठक, संबंधों को मजबूत करने पर जोर