BRICS Summit Day 2: ब्रिक्स के दौरान खूब हुईं बैठकें, 3 दिनों में 15 देशों के प्रमुखों से मिले पीएम मोदी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

BRICS summit 2026 india day 2: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स देशों के बीच नए बीमा तंत्र और अनाज बाजार के लिए संयुक्त पहल का प्रस्ताव रखा। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों से निपटने पर जोर दिया।

 Prime Minister Narendra Modi (R) speaking with Indonesia's President Prabowo Subianto
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से बात करते हुए।

BRICS Summit 2026 2nd day: राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। सम्मेलन के पहले दिन भारत ने बड़ी कूटनीतिक सफलता हासिल की। युद्ध और तनाव से जूझ रहे ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहमति बनाते हुए नई दिल्ली घोषणा पत्र 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दिलाई गई। दूसरे दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में ब्रिक्स के सभी सदस्य देशों और आमंत्रित मेहमान देशों के नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद सभी नेताओं के साथ सामूहिक फोटो सेशन हुआ। फोटो सेशन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन को संबोधित किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स के दौरान तय की गई प्राथमिकताओं और उन मुद्दों पर बात की, जिन पर समूह ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास रहा कि ब्रिक्स का सहयोग केवल सरकारों और सरकारी संस्थाओं तक सीमित न रहे। इसका सीधा फायदा आम लोगों तक भी पहुंचे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता का मकसद ब्रिक्स सहयोग को ज्यादा व्यावहारिक और लोगों से जुड़ा बनाना रहा है, ताकि समूह के फैसलों और पहलों का असर जमीन पर दिखाई दे। ब्रिक्स समिट की लाइव अपडेट के लिए जुड़े रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ….

6:30 PM- BRICS पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा क्या बोले

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने ब्रिक्स समिट 2026 पर कहा, 'यह देश का सम्मेलन है। हमारी देश की सरकार को शुभकामनाएं हैं कि इस सम्मेलन में देश की प्रतिष्ठा रहे। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान चीनी तकनीक और चीन की फौज की मदद से मैदान में उतरा था। क्या इन बातों को नजरअंदाज कर देना चाहिए?'

6:00 PM- ब्रिक्स पर भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी का बयान

BRICS समिट 2026 पर पूर्व विदेश राज्य मंत्री और भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा, 'अगर आप GDP को देखें, तो दुनिया की 40% GDP और लगभग 60% आबादी BRICS प्लस देशों में है। भविष्य में किसी भी तरह का निवेश इसी क्षेत्र में आना है और खासकर अगर हम एक-दूसरे के यहां निवेश करें, जैसे भारत चीन में निवेश करे, चीन भारत में निवेश करे, रूस भारत में निवेश करे। मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता से लेकर बाज़ारों तक पहुंचने की काबिलियत तक सब कुछ इसी क्षेत्र में है। ये सभी कार्यक्रम व्यापार, वाणिज्य और निवेश से जुड़े हैं और इनसे भारत के आम आदमी या आम महिला को फायदा होगा।'

5:40 PM- पीएम मोदी ने 15 द्विपक्षीय बैठकें कीं

पिछले 3 दिनों में ब्रिक्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों या सरकार प्रमुखों के साथ 15 द्विपक्षीय बैठकें की हैं। इसके अलावा, उन्होंने दुनिया के कई नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों के साथ अनौपचारिक बैठकें भी की हैं।

5:30 PM- नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति संग पीएम मोदी की मीटिंग

राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

5:10 PM- बुरुंडी के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

4:45 PM- ब्रिक्स पर रामदास अठावले क्या बोले

केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने ब्रिक्स पर कहा, 'ब्रिक्स चल रहा है। कम से कम 21 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए हैं। जो रिज़ोल्यूशन पास हुए बहुत अच्छे हैं। उसमें पहलगाम में जो हमला हुआ था उसका भी निषेध करने का प्रस्ताव शामिल है। ब्रिक्स सम्मेलन के माध्यम से व्यापार में अच्छी बढ़ोतरी होगी।'

4:30 PM- दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

4:15 PM- रूस के विदेश मंत्री दिल्ली से रवाना

ब्रिक्स समिट 2026 के बाद रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव दिल्ली से रवाना हुए।

4:00 PM- युगांडा की उपराष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के दौरान युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

3:40 PM- ब्रिक्स घोषणापत्र पर क्या बोले कांग्रेस नेता

ब्रिक्स समिट 2026 पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, 'आम सहमति बनी है और घोषणापत्र आया है। हमने देश की ओर से इसमें अपनी चिंताएं और प्राथमिकताएं रखी हैं। अगर इन सभी को सम्मलित कर लिया जाता है तो संतुष्टि की एक स्थिति बनती है। यह बहुत लंबा घोषणापत्र है और इसमें बहुत सारे बिंदु हैं। भारत की विदेशनीति की प्राथमिकताएं पूर्ण रूप से इसमें प्रस्तुत हैं।'

3:00 PM- ब्रजेश पाठक का ब्रिक्स सम्मेलन पर बयान

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, 'ब्रिक्स सम्मेलन से प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक नेतृत्व की क्षमता में और अधिक वृद्धि हुई है। पहलगाम हमले की निंदा सर्वसम्मति से एक सोच से की गई है। यह प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी कूटनीतिक जीत है।'

2:25PM- नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने की ब्रिक्स समिट की तारीफ, नई दिल्ली घोषणा पत्र को सराहा

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने ब्रिक्स संगठन की तारीफ की है। नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मलेन के आखिरी दिन सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने इसे बहुपक्षवाद का एक बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने लिखा,"असली मल्टीलैटरिज्म मजबूत क्षेत्रीय और मुद्दों पर आधारित सहयोग से पनपता है। ब्रिक्स का नई दिल्ली घोषणा पत्र एक प्रगतिशील कदम है। यह ग्लोबल साउथ को एक मजबूत आवाज देता है। इसके साथ ही ज्यादा निष्पक्ष वित्तीय व्यवस्था की मांग भी करता है। पश्चिम एशिया में स्थायी शांति पर भी जोर देता है। आंतरिक विरोधाभासों और बाहरी भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद, यह एक स्वागत-योग्य घटनाक्रम है।"

2:00PM- ब्रिक्स शिखर सम्मलेन में हिस्सा लेने के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन स्वदेश रवाना

ब्रिक्स शिखर सम्मलेन और द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन स्वदेश रवाना हो गए हैं। वह 11 सितंबर से भारत दौरे पर थे।

1:30PM- ब्रिक्स साइडलाइन में पीएम मोदी और मिस्त्र के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के साइडलाइन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मिस्त्र के राष्ट्रपति अस-सीसी के बीच में द्विपक्षीय वार्ता हुई।

12:21PM- ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने आए इथियोपिया के प्रधानमंत्री स्वदेश रवाना

ब्रिक्स सम्मलेन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए इथियोपिया के प्रधानमंत्री अब्ये अहमद अली स्वदेश के लिए रवाना।

11:50 AM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए शी जिनपिंग चीन रवाना

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर आए शी जिनपिंग अब अपने देश के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे पहले उन्होंने कल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। हालांकि, वह पीएम मोदी द्वारा आयोजित रात्रिभोज में नजर नहीं आए थे।

11:25 AM आज दुनिया में तनावों की संख्या लगातार बढ़ रही है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिसका आम लोगों के जीवन पर काफ़ी और व्यापक बुरा असर पड़ रहा है। महामारी, जलवायु आपदाओं और सप्लाई चेन में रुकावटों ने यह दिखा दिया है कि आज की आपस में जुड़ी दुनिया में कोई भी संकट किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता। इसलिए, हमने ब्रिक्स समूह में मुश्किलों का सामना करने की क्षमता (resilience) को बढ़ाने पर खास जोर दिया है। चुनौतियों की समय रहते पहचान करना, उनके लिए तैयार रहना और तुरंत कार्रवाई करना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और उनसे निपटने के लिए 'ब्रिक्स इंटीग्रेटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम' पर सहमति बनी है। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन के लिए 'अर्ली वार्निंग डेटा इंटीग्रेशन गाइडलाइंस' भी तैयार की गई हैं।

11:20 AM- ब्रिक्स के मंच से दोस्ती और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाया- पीएम मोदी

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने ब्रिक्स के मंच से दोस्ती, साझेदारी और सहयोगी की भावना को बढ़ाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, " हमने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि ब्रिक्स का सहयोग सिर्फ सरकारों तक ही सीमित न रहे। बल्कि हम चाहते हैं कि हमारे उद्यमी, किसान, रिसर्चर, महिलाएं, युवा और आम नागरिक भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल हों।"

11:15AM- ब्रिक्स में एमएसएमई को लेकर बोले पीएम मोदी

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट के दौरान ब्रिक्स कनेक्ट को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा,"ब्रिक्स कनेक्ट' के जरिए हमने स्किल, रोजगार की क्षमता, वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी, सोशल सिक्योरिटी और क्षमता निर्माण को बढ़ावा दिया है। छोटे उद्योगों को जानकारी, फाइनेंस और नए बाजारों से जोड़ने के लिए ब्रिक्स MSME सहयोग पोर्टल शुरू किया गया है। हमारे शहरों के बीच बेहतरीन तौर-तरीकों को साझा करने में आसानी के लिए ब्रिक्स अर्बन मोबिलिटी हब बनाया गया है।

11:00AM- पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन दिया संबोधन

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन संगठन के सदस्य देशों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "भारत की अध्यक्षता में हमने अपनी सारी कोशिशें चार स्तंभों पर केंद्रित की हैं। लचीलापन, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी। मुझे खुशी है कि आपके सहयोग और समर्थन से हम अपनी साझा सोच को ऐसे सहयोग में बदल पाए हैं।"

10:50- ब्रिक्स में दिखा पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन का याराना

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन का याराना देखने को मिला। पीएम मोदी ने एक बार फिर से भारत मंडपम में पुतिन का स्वागत किया। इसके बाद दोनों लोग एक साथ घूमते हुए भी नजर आए।

10:45- पीएम मोदी ने ब्रिक्स परिवार के साथ फोटो निकलवाई

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स परिवार के सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ तस्वीर खिंचवाई है। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहे।

10:30AM- पीएम मोदी ने किया राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत

पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन भारत मंडपम में तमाम राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत किया। सबसे पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस पहुंचे। इसके बाद वियतनाम, युगांडा, मलेशिया, नाइजीरिया, कजाखस्तान, मिस्र, फिलीपींस, बुरुंडी के राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत किया।

10:20AM- सऊदी विदेश मंत्री, युगांडा की उप राष्ट्रपति पहुंचीं।

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान और युगांडा की उप राष्ट्रपति जेसिका अलुपो भी भारत मंडपम पहुंची।

10:10AM- ब्रिक्स समिट में शिरकत करने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति और संयुक्त राष्ट्र महासचिव पहुंचे।

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्नाडिंड आर, मार्कोस भी भारत मंडपम पहुंचे।

10:00AM- ब्रिक्स समिट का दूसरा दिन शुरू हो चुका है, पीएम मोदी भारत मंडपम पहुंचे

ब्रिक्स समिट लाइव अपडेट- ब्रिक्स समिट का दूसरा दिन शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चिरपरिचित अंदाज में भारत मंडपम पहुंच चुके हैं। धीरे-धीरे अन्य लोगों के आने का सिलसिला भी शुरू हो रहा है।

8:50AM- ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन के लिए तैयारियां शुरू, भारत मंडपम की सुरक्षा तगड़ी

BRICS Summit 2026 2nd day- ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। कुछ ही समय के बाद राष्ट्राध्यक्षों का वहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इससे पहले भारत मंडपम की सुरक्षा व्यवस्था और और भी ज्यादा कड़ा बनाने की शुरुआत हो गई है। फिलहाल वहां पर सुरक्षा बल अपना काम कर रहे हैं।

8:15AM- नई दिल्ली से पुतिन का यूरोप को संदेश, यूक्रेन में सैनिक भेजने का मतलब रूस से युद्ध

BRICS Summit 2026 2nd day- रूस के हमलों में यूक्रेन में पांच नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन में यूरोपीय सैनिकों को भेजना रूस के साथ सीधे संघर्ष के समान होगा। पुतिन ने भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा कि यदि यूरोपीय देशों की सरकार यूक्रेन में सैनिक भेजती हैं तो इसका मतलब ''रूस के साथ युद्ध'' होगा।

उन्होंने कहा, ''अब वे यूक्रेन में सैनिक भेजने पर विचार करने की बात कर रहे हैं। इसका मतलब रूस के साथ युद्ध होगा।'' कुछ यूरोपीय नेताओं ने संभावित शांतिरक्षक बल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। इसे रूस ने बार-बार अस्वीकार्य बताया है।

पुतिन ने यह भी कहा कि रूस से यूरोप को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा, ''ऐसा कोई खतरा नहीं है और न कभी रहा है।'' उन्होंने कहा, ''हम यूरोपीय देशों को धमकी नहीं देते और न ही ऐसा करने का हमारा इरादा है।''

7:45AM- महबूबा मुफ्ती ने ब्रिक्स समिट में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करने का स्वागत किया

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पहलगाम आतंकी हमले की ब्रिक्स की ओर से निंदा किये जाने का स्वागत किया है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि समूह की अध्यक्षता कर रहे भारत ने वैश्विक स्तर पर हिंसा और मानवीय पीड़ा के खिलाफ मजबूत रुख अपनाने के लिए इस मंच का इस्तेमाल क्यों नहीं किया। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत को ब्रिक्स की अध्यक्षता करते हुए 'साहस और वास्तविक नेतृत्व' का परिचय देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि साझा घोषणापत्र में गाजा के विनाश और ईरान पर अमेरिकी-इजरायल के सैन्य हमलों का भी खुलकर उल्लेख किया जाना चाहिए था।

राष्ट्रीय राजधानी में भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणापत्र को अपनाया गया। इसमें अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गयी, आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति की पुष्टि की गयी और आतंकवाद के वित्तपोषण तथा सुरक्षित ठिकानों सहित इसके सभी रूपों के खिलाफ ठोस कार्रवाई का आह्वान किया गया।

7:10AM- ब्रिक्स नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर महिला की नियुक्ति की पैरवी की

ब्रिक्स ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर किसी महिला की नियुक्ति की पैरवी करते हुए सुरक्षा परिषद समेत संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार की जरूरत बताई।

दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन अपनाए गए 'नई दिल्ली घोषणापत्र' में इस बात को भी कहा गया कि ''अब तक संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर किसी महिला का निर्वाचन नहीं हुआ है और लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियाई क्षेत्र से केवल एक तथा अफ्रीका और एशिया से दो नागरिक ही इस पद पर आसीन हुए हैं।''

वर्ष 2023 के जोहान्सबर्ग घोषणापत्र का उल्लेख करते हुए ब्रिक्स नेताओं ने कहा, ''हम संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार, जिसमें उसकी सुरक्षा परिषद भी शामिल है, के लिए अपना समर्थन दोहराते हैं ताकि इसे अधिक लोकतांत्रिक, प्रतिनिधित्वपूर्ण, प्रभावी और दक्ष बनाया जा सके। साथ ही परिषद की सदस्यता में विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सके, जिससे वह मौजूदा वैश्विक चुनौतियों का पर्याप्त रूप से सामना कर सके।''

6:30AM- पीएम मोदी आज इन देशों के नेताओं के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

BRICS Summit 2026 2nd day- नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट में सदस्य देशों के अलावा मेहमान देशों को भी निमंत्रित किया गया है। पीएम मोदी आज इन देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेंगे। इनमें कजाखिस्तान के राष्ट्रपति, फिलीपींस के राष्ट्रपति, इजिप्ट (मिस्त्र) के राष्ट्रपति, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति, बुरुंडी के राष्ट्रपति और नाइजीरिया और युगांडा के उप राष्ट्रपति शामिल होंगे।

6:15AM- भारत बनाम अफगानिस्तान मैच पर भी ब्रिक्स का असर

BRICS Summit 2026 2nd day- नई दिल्ली में जारी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टी20 क्रिकेट मैच के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने रविवार के लिए यातायात परामर्श जारी किया है। पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और प्रभावित मार्गों से बचने का आग्रह किया है।

परामर्श के अनुसार, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले गणमान्य व्यक्तियों (वीआईपी) की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के घेरे में लिए गए नियंत्रित इलाकों में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक यातायात पाबंदियां लागू रहेंगी। इसके अलावा, रविवार शाम को होने वाले भारत-अफगानिस्तान मैच के मद्देनजर अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास दोपहर दो बजे से यातायात पर प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा।

6:00AM- पीएम मोदी द्वारा दिए गए रात्रि भोज में चीनी राष्ट्रपति शामिल नहीं हुए।

BRICS Summit 2026 2nd day- कल देर रात प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए रात्रि भोज में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शिरकत नहीं की। इसके अलावा अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए। वह दिन में ब्रिक्स कार्यक्रम में अपनी हिस्सेदारी पूरी करने के बाद स्वदेश रवाना हो गए थे। चीन के राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि, एक सूत्र ने बताया कि शी आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे।

चीन के राष्ट्रपति शनिवार दोपहर नयी दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ ही मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने रात्रिभोज में हिस्सा लिया।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsब्रिक्स के दौरान खूब हुईं बैठकें, 15 देशों के प्रमुखों से मिले PM मोदी