27 साल पहले हैदराबाद से गया ऑस्ट्रेलिया, ईसाई लड़की से शादी; हमलावर साजिद अकरम की कुंडली
परिवार वालों ने बताया कि साजिद ने ऑस्ट्रेलिया में ईसाई महिला से शादी की थी, जिसके बाद परिवार ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। हैदराबाद में रहने वाले उसके भाई ने मीडिया को बताया कि साजिद 25 साल से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया में था।
ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के बोंडी बीच पर रविवार को गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हो गई, जिसमें हमलावर साजिद अकरम भी पुलिस की गोली से मारा गया। दूसरा हमलावर उसका 24 वर्षीय बेटा नवीद अकरम गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। यह हमला हनुका उत्सव के दौरान यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया, जिसे ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने आतंकवादी घटना घोषित किया है। साजिद मूल रूप से हैदराबाद का रहने वाला था, जो 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया था और बाद में वहां बस गया। तेलंगाना पुलिस के अनुसार, साजिद का अपने हैदराबाद स्थित परिवार से पिछले कई वर्षों से सीमित संपर्क था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि साजिद ने ऑस्ट्रेलिया में ईसाई महिला से शादी की थी, जिसके बाद परिवार ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। हैदराबाद में रहने वाले उसके भाई ने मीडिया को बताया कि साजिद 25 साल से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया में था और परिवार से कोई संपर्क नहीं था। परिवार को उसके कट्टरपंथी विचारों या गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी। तेलंगाना पुलिस ने कहा कि साजिद की कट्टरता के कारण भारत या तेलंगाना से कोई संबंध नहीं लगता। पुलिस परिवार से संपर्क में है और अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी।
सऊदी अरब से लौटकर हैदराबाद में अपार्टमेंट खरीदा
फिलीपींस के इमीग्रेशन ब्यूरो ने बताया कि साजिद भारतीय पासपोर्ट और नवीद ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट पर नवंबर में साथ में फिलीपींस गए थे। वे 1 नवंबर को सिडनी से पहुंचे और 28 नवंबर को लौटे। उनकी यात्रा का उद्देश्य जांच का विषय है। हालांकि ,अभी किसी आतंकी समूह से जुड़ाव की पुष्टि नहीं हुई है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस के अनुसार, हमलावर इस्लामिक स्टेट की विचारधारा से प्रेरित थे। यह घटना ऑस्ट्रेलिया की हाल की सबसे घातक गोलीबारी है, जिसमें निर्दोष लोग मारे गए। साजिद के पिता ने सऊदी अरब से लौटकर हैदराबाद में अपार्टमेंट खरीदा था, उसी समय साजिद ऑस्ट्रेलिया चला गया। कुछ साल पहले वह हैदराबाद आया था, जहां संपत्ति को लेकर विवाद था। फिलहाल परिवार सदमे में है।





