Hindi NewsIndia NewsBondi Beach Attack Snatched gun from attacker and pointed it at him Who is Al Ahmed
बोंडी बीच अटैकः हमलावर से बंदूक छीन उसी पर तान दी, कौन हैं ऐसी जांबाजी दिखाने वाले अल अहमद?

बोंडी बीच अटैकः हमलावर से बंदूक छीन उसी पर तान दी, कौन हैं ऐसी जांबाजी दिखाने वाले अल अहमद?

संक्षेप:

ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हमले के दौरान एक शख्स कार के पीछे से निकलकर बाहर आया और उसने हमलावर से बंदूक छीनकर उसी पर तान दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं दुनियाभर में उनकी तारीफ हो रही है।

Dec 15, 2025 10:39 am ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर पाकिस्तान के दो आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी करके 15 मासूमों की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक दोनों हमलावर बाप-बेटे थे और पाकिस्तान के नागरिक थे। 15 साल में यह ऑस्ट्रेलिया में हुआ सबसे बड़ा हमला है। सोशल मीडिया पर हमले के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि 43 साल के अहमद अल अहमद ने हमलावर से बंदूक छीन कर उसी पर तान दी। उनकी बहादुरी की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अहमद अल अहमद की बहादुरी को देखते हुए हमलावर भी सकते में आ जाता है। जानकारी के मुताबिक अहमद फल की दुकान चलाते हैं। उन्हें भी बांह में गोली लगी है और अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि यहूदियों के त्योहार हनुक्का के मौके पर सिडनी बीच पर सैकड़ों लोक इकट्ठा हुए थे। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने इसे आतंकी हमला घोषित कर दिया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावर गोली चला रहा है। तभी अहमद कार के पीछे से बाहर आते हैं और तेजी से झपट्टा मारकर हमलावर से बंदूक छीन लेते हैं। वह उसे दूर धकेल देते हैं और उसपर बंदूक तान देते हैं। इसके बाद हमलावर पीछी की ओर बढ़ता है। इसके बाद वह अपना हथियार फेंक देते हैं। दरअसल उन्हें यह भी डर था कि कहीं पुलिस हमलावर समझकर उनपर गोली ना चला दे। इसके बाद हमलावर एक दूसरा हथियार उठाकर फायरिंग करने लगता है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अहमद की तारीफ की है।

अहमद अल अहमद के चचेरे भाई ने कहा कि वह एक हीरो हैं। उनके हाथ में गोली लगी है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हमला करने वाले आतंकियों की उम्र 50 साल और 24 साल थी। एक हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया था और दूसरा आतंकी अस्पताल में भर्ती है।

न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिंस ने बताया कि मृतकों की उम्र 10 से 87 वर्ष के बीच थी। सोमवार सुबह तक कम से कम 42 लोग अस्पतालों में भर्ती थे, जिनमें कई की हालत गंभीर थी। प्रधानमंत्री अल्बनीज ने कहा, ‘‘जो हमने देखा वह पूरी तरह यहूदी-विरोधी आतंकवाद का कृत्य था। यह ऑस्ट्रेलिया के उस महत्वपूर्ण स्थान बॉन्डी बीच पर हुआ, जो खुशी, परिवारों और उत्सवों से जुड़ा है। जो हुआ है, उसने इसे हमेशा के लिए कलंकित कर दिया है।’’

यह हमला ऐसे दिन किया गया जब हजारों लोग बॉन्डी बीच पर जुटे थे। इनमें सैकड़ों लोग आठ दिन चलने वाले हनुक्का उत्सव की शुरुआत के अवसर पर आयोजित ‘‘चानुका बाय द सी’’ कार्यक्रम में शामिल थे। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने एक इजराइली नागरिक की मौत की पुष्टि की, जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया कि मारे गए लोगों में फ्रांसीसी नागरिक डैन एल्कायम भी शामिल था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2.8 करोड़ की आबादी वाले ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1.17 लाख यहूदी रहते हैं। सरकार की विशेष दूत जिलियन सेगल के अनुसार, अक्टूबर 2023 के बाद यहूदी-विरोधी घटनाएं तीन गुना से अधिक बढ़ीं।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha
अंकित ओझा पिछले 8 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक के बाद IIMC नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डेस्क पर कार्य करने का उनके पास अनुभव है। इसके अलावा बिजनेस और अन्य क्षेत्रों की भी समझ रखते हैं। हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही पंजाबी और उर्दू का भी ज्ञान है। डिजिटल के साथ ही रेडियो और टीवी के लिए भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।