Hindi NewsIndia NewsBombay High Court mother engaging maid assist in caring young child cannot be deny custody
मां ने नौकरानी रखा है तो क्या उसे बच्चे की कस्टडी का अधिकार है? हाई कोर्ट ने क्या सुनाया फैसला

मां ने नौकरानी रखा है तो क्या उसे बच्चे की कस्टडी का अधिकार है? हाई कोर्ट ने क्या सुनाया फैसला

संक्षेप:

यह मामला जून 2023 में जन्मे एक शिशु की कस्टडी विवाद से जुड़ा है। वैवाहिक घर छोड़ने के बाद मां ने फैमिली कोर्ट में गार्जियंस एंड वार्ड्स एक्ट के तहत स्थायी हिरासत के लिए याचिका दायर की थी। उन्होंने अंतरिम कस्टडी की भी मांग रखी थी।

May 26, 2025 04:31 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

बॉम्बे हाई कोर्ट ने मां की ओर से अपने छोटे बच्चे की देखभाल के लिए नौकरानी रखने पर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि बच्चे की देखरेख के लिए नौकरानी की सहायता लेना, उसे बच्चे की हिरासत के अधिकार से वंचित नहीं कर सकता। एक बच्चे की कस्टडी को लेकर दंपति के बीच चल रहे विवाद में पिता की आपत्ति को खारिज कर दी गई। कोर्ट ने साफ किया कि शिशुओं वाले परिवार में ऐसी व्यवस्था आम है और यह अपने आप में मां की लापरवाही या अक्षमता को नहीं दर्शाता।

यह मामला जून 2023 में जन्मे एक शिशु की कस्टडी विवाद से जुड़ा है। वैवाहिक घर छोड़ने के बाद मां ने फैमिली कोर्ट में गार्जियंस एंड वार्ड्स एक्ट के तहत स्थायी हिरासत के लिए याचिका दायर की थी। उन्होंने अंतरिम कस्टडी की भी मांग रखी, जो 30 जनवरी 2024 को मंजूर कर ली गई। पिता ने इस अंतरिम आदेश को बॉम्बे हाई कोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ में चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि मां बच्चे की व्यक्तिगत देखभाल नहीं करती और उसने यह जिम्मेदारी एक नौकरानी को सौंप दी है। उन्होंने मां की मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए कस्टडी के फैसले को पलटने की मांग की। हालांकि, जस्टिस आरएम जोशी की खंडपीठ ने इस दलील को खारिज कर दिया।

कोर्ट ने अपने फैसले में क्या दी दलील

अदालत ने कहा, 'यह मान लेने पर भी कि प्रतिवादी ने नौकरानी रखी है, यह असामान्य नहीं है कि छोटे बच्चे वाले घर में नौकरानी की सहायता ली जाए। ऐसे में यह उस आदेश में हस्तक्षेप का आधार नहीं बन सकता।' कोर्ट ने यह भी कहा कि पिता बच्चे की मां के पास हिरासत होने से किसी नुकसान का कोई ठोस सबूत पेश करने में विफल रहे। खंडपीठ ने कहा कि प्रसव के बाद चिंता और अवसाद असामान्य नहीं हैं। इससे यह साबित नहीं होता कि मां अपने बच्चे की देखभाल करने में असमर्थ है। फैमिली कोर्ट के निष्कर्षों का हवाला देते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि मां सामान्य रूप से कार्य कर रही है, उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस है। वह पुणे में स्वतंत्र रूप से आवागमन करती है और उसमें कोई हानिकारक व्यवहार नहीं देखा गया।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
;;;