
कार धमाके पर अमित शाह का भी आया बयान, बोले- मौके पर पहुंच रहा हूं
दिल्ली धमाके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बयान आया है। उन्होंने कहा कि सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर आई-20 कार में धमाका हुआ। इससे आसपास की गाड़ियों में आग लगने और कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। कुछ लोगों के हताहत होने की भी सूचना है।
दिल्ली धमाके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बयान आया है। उन्होंने कहा कि सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर आई-20 कार में धमाका हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि सभी एंगल से घटना की जांच होगी। साथ ही यह भी कहा कि कुछ ही देर में स्पॉट और अस्पताल पर जा रहा हूं। गौरतलब है कि लाल किले के पास हुए धमाके में 10 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 24 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
10 मिनट के अंदर पहुंच गईं टीमें
अमित शाह ने कहा कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। घटना को लेकर एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। वहीं, अमित शाह ने यह भी बताया कि आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं।

सभी एंगल से होगी जांच
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और विशेष शाखा प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और विशेष शाखा प्रभारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जांच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे। मैं शीघ्र ही घटनास्थल पर जाऊंगा और तुरंत अस्पताल भी जाऊंगा।
गौरतलब है कि राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर सोमवार शाम एक धीमी गति से चलती कार में हुए विस्फोट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। धमाके के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आज शाम 6.52 बजे, एक धीमी गति से चलती हुयी गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट के कारण आस-पास के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।





