Hindi NewsIndia NewsBJPs lifeline is, After Commenting Telangana Panchayat results, Congress leader said, Baat samajh aayi
बात समझ आई, BJP की जान...; तेलंगाना पंचायत चुनाव का परिणाम बता ऐसा क्यों बोले कांग्रेस नेता

बात समझ आई, BJP की जान...; तेलंगाना पंचायत चुनाव का परिणाम बता ऐसा क्यों बोले कांग्रेस नेता

संक्षेप:

कांग्रेस नेता ने बताया कि तेलंगाना पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने ग्राम पंचायतों की कुल सीटों में से 66% सीटों पर जीत दर्ज की, वहीं बीजेपी को इन चुनावों में 5 प्रतिशत भी सफलता नहीं मिली, जबकि लोकसभा चुनावों में यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों ने 8-8 सीटें जीती थीं।

Dec 20, 2025 06:13 pm ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

कांग्रेस पार्टी बीते लंबे समय से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी करते हुए चुनाव जीतने का आरोप लगाती आ रही है और इसके साथ ही वह देश में बैलेट पेपर से चुनाव करने की मांग भी कर रही है। इसी बीच शनिवार को पार्टी के एक पूर्व सांसद ने सोशल मीडिया पर तेलंगाना में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों की जानकारी देते हुए कांग्रेस को मिली सफलता की जानकारी दी और एकबार फिर भाजपा पर ईवीएम के जरिए हेरफेर करने का आरोप लगाया और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की अपनी पुरानी मांग को दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि तेलंगाना के 100 लोगों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर बिहार चुनावों में उपयोग की गई EVM के माइक्रोकंट्रोलर की फोरेंसिक जांच कराने का अनुरोध किया है। कांग्रेस सांसद ने इस अभियान को देशव्यापी अभियान बनाने की मांग भी की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कांग्रेस नेता बोले- पार्टी को 66% सफलता मिली

तेलंगाना पंचायत चुनावों के परिणाम की जानकारी देते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद और असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज ने सोशल मीडिया पर बताया कि बैलेट पेपर से हुए तेलंगाना पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने कुल 12,702 ग्राम पंचायतों में से 7,527 सीटें जीतीं। इसके साथ ही 808 कांग्रेस समर्थित बागी उम्मीदवारों की जीत को मिलाकर, पार्टी का कुल हिस्सा 66% हो गया। उन्होंने बताया कि इन चुनावों में बीजेपी को 5% भी सफलता नहीं मिली, जबकि लोकसभा चुनावों में यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों ने 8-8 सीटें जीती थीं।

'भाजपा की जान EVM, बैलेट पेपर से हों चुनाव'

इसके आगे भाजपा पर ईवीएम के जरिए चुनाव परिणामों में हेरफेर करने का आरोप लगाते हुए उदित राज ने लिखा, 'बात साफ़ है, बीजेपी की जान EVM में है। पंजाब के स्थानीय निकाय चुनाव भी बैलेट पेपर से हुए थे, और बीजेपी पूरी तरह से साफ हो गई थी।'

बिहार चुनाव में यूज EVM के माइक्रोकंट्रोलर की जांच की मांग

वहीं इसके आगे उन्होंने बताया कि 'तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले से 100 लोगों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र लिखकर EVM की जांच कराने का अनुरोध किया है। ज़िले के कोंडापुर मंडल के गंगाराम गांव के 100 लोगों ने श्री बीरैया यादव के नेतृत्व में 19 दिसंबर, 2025 को स्पीड पोस्ट से एक लिखित आवेदन भेजकर बिहार चुनावों में इस्तेमाल की गई EVM के माइक्रोकंट्रोलर की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने बताया कि देश भर से सैकड़ों लोग इस अभियान में शामिल हो रहे हैं। इस अभियान को राष्ट्रव्यापी बनाने की अपील की गई है।

भाजपा की जान...; तेलंगाना के पंचायत चुनाव का परिणाम बता कांग्रेस नेता ने कहा- बात समझ में आई

इससे पहले 14 दिसंबर को कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली का आयोजन किया था, जिसमें पार्टी अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख नेता शामिल हुए थे। इस दौरान पूर्व सांसद उदित राज ने सोशल मीडिया पर लिखा था, ''वोट चोरी' देश के संविधान पर हमला है। जनता चुनाव आयोग के उन अधिकारियों के नाम याद रखेगी, जो देश के साथ गद्दारी कर रहे हैं। चुनाव आयुक्तों को एक दिन इस देश को जवाब देना पड़ेगा।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain
सौरभ जैन पत्रकारिता में लगभग 15 वर्ष से जुड़े हुए हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत जुलाई 2009 में ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है। सौरभ को राजनीति, बॉलीवुड और खेल की खबरों में विशेष रुचि है। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।