
तमिलनाडु में बीजेपी ने फूंक दिया चुनावी बिगुल, चेन्नई पहुंचे प्रभारी पियूष गोयल; पलानीस्वामी से मिले
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के प्रभारी पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल के साथ मंगलवार को चेन्नई पहुंचे हैं। वह एआईएडीएमके महासचिव पलानीस्वामी से भी बात करेंगे।
तमिलनाडु में भी विधानसभा चुनाव की हलचल बढ़ गई है। तमिलनाडु के प्राभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल मंगलवार को चेन्नई पहुंचे। उनके साथ सह प्रभारी अर्जुन राम मेघवाल भी हैं। यहां दोनों नेता राज्य ईकाई के नेताओं से मुलाकात कर चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे। यूं कह सकते हैं कि बीजेपी ने अपनी तरफ से तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है।
चेन्नई में बीजेपी के मुख्यालय में पीयूष गोयल का स्वागत किया गया। इस दौरान सीनियर नेता टी नागर, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, राज्य में बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, अरविंदमेनन, सुधार रेड्डी, तमिलसाइ सौंदराजन और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। तमिलनाडु में भाजपा के चुनाव प्रभारी का पदभार संभालने के बाद राज्य की अपनी पहली यात्रा पर गोयल अन्नाद्रमुक के महासचिव के. पलानीस्वामी से भी मुलाकात करेंगे।
बीजेपी ने बताया कि वह राज्य के नेताओं से बातचीत करके 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों का जायजा लेंगे। गोयल की यह बैठक उनके 15 दिसंबर को पदभार संभालने के बाद संभवतः अधिक जानकारी जुटाने पर केन्द्रित है।’AIADMK से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि गोयल, पलानीस्वामी से दोपहर के भोजन पर मुलाकात करेंगे, जिससे भाजपा और अन्नाद्रमुक के बीच सीट बंटवारे पर भविष्य की बातचीत का माहौल बनेगा।
गोयल शाम को राज्यपाल रवि से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक बीते कुछ दिनों से बीजेपी और एआईएडीएमके के बीच चल रही खींचतना को खत्म करके अब सीट शेयरिंग पर चर्चा हो सकती है। उधर डीएमके के अगुवाई वाले गठबंधन में भी हलचल तेज हो गई है औऱ सीट शेयरिंग को लेकर प्लान बन रहा है। ऐसे में बीजेपी के लिए भी जल्द गठबंधन वाली डील फाइनल करना जरूरी है।





