कैमरे को देखा, छिपकर लगाई कश… LS में सिगरेट पीते TMC सांसद का VIDEO वायरल; भड़की BJP
इससे पहले भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत सौंपकर सदन के अंदर ई-सिगरेट पीने वाले TMC सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा में बिना किसी सांसद का नाम लिए यह मुद्दा उठाया था।

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद के ई-सिगरेट पीने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत सौंपने के बाद अब भाजपा ने सदन के अंदर का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में TMC सांसद कथित तौर पर सिगरेट की कश लेते नजर आ रहे हैं। भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को यह वीडियो शेयर कर टीएमसी पर हमला बोला है। उन्होंने ममता बनर्जी से जवाब भी मांगा है।
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब 35 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने दावा किया है कि कीर्ति आजाद इस वीडियो में छिपकर ई सिगरेट की कश भर रहे हैं। वीडियो में पहले कीर्ति आजाद को कई बार कैमरे की ओर देखते हुए देखा जा सकता है। कुछ सेकेंड बाद वह अपना हाथ मुंह के पास ले जाते हैं, और फिर हटा लेते हैं। हालांकि वीडियो में ई-सिगरेट या धुआं दिखाई नहीं दिखा। लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
अमित मालवीय ने वीडियो के साथ लिखा, "भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा संसद के अंदर वेपिंग करने का आरोप जिस तृणमूल सांसद पर लगाया गया है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं। उनके जैसे लोगों के लिए नियम और कानून साफ तौर पर कोई मायने नहीं रखते। जरा सोचिए, सदन में रहते हुए अपनी हथेली में ई-सिगरेट छिपाने की हिम्मत।" उन्होंने आगे कहा, “धूम्रपान भले ही गैर कानूनी ना हो, लेकिन संसद में इसका इस्तेमाल बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। ममता बनर्जी को अपने सांसद की इस हरकत पर सफाई देनी चाहिए।”
बता दें कि पिछले सप्ताह लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा की कार्यवाही कुछ समय के तब बाधित हो गई जब अनुराग ठाकुर ने एक TMC सांसद पर कई दिनों से सदन में ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया। हालांकि, अनुराग ठाकुर ने किसी का नाम नहीं लिया था। उन्होंने इस मामले में जांच की मांग करते हुए कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है।
वहीं लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने का अनुरोध किया। और भाजपा सांसद से लिखित में शिकायत देने की बात कही। इसके बाद बीते शुक्रवार को अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपकर TMC सांसद पर कार्रवाई की मांग की।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

