
'ये मेरी घोटाले की फाइल है, इसे नहीं दूंगी'; ममता बनर्जी को लेकर BJP ने शेयर की यह तस्वीर
बीजेपी की ओर से शेयर की गई इस तस्वीर में ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए लिखा गया, 'ये मेरी घोटाले की फाइल है... मैं इसे नहीं दूंगी!' सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी वायरल हो रही है और यूजर्स इस पर ढेर सारे कमेंट्स कर रहे हैं।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शुक्रवार को तीखा हमला बोला। टीएमसी पर आई-पैक की ऑफिस में ईडी की छापेमारी को बाधित करने और साइट से मुख्य सबूत ले जाने का आरोप लगाया गया। इस घटना को लेकर एक कैरिकेचर बनाया गया, जिसे भाजपा ने एक्स पर पोस्ट किया है। इसमें ममता बनर्जी को सबूत की फाइल लेकर भागते हुए दिखाया गया है। एक ईडी अधिकारी उनका पीछा करते हुए चिल्ला रहा है कि यह जांच के लिए महत्वपूर्ण फाइल है।
बीजेपी की ओर से शेयर की गई इस तस्वीर में ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए लिखा गया, 'ये मेरी घोटाले की फाइल है... मैं इसे नहीं दूंगी!' सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी वायरल हो रही है और यूजर्स इस पर ढेर सारे कमेंट्स कर रहे हैं। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने शुक्रवार को गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। टीएमसी नेताओं ने दावा किया कि उन्हें जबरन उस स्थान से हटा दिया गया जहां वे प्रदर्शन कर रहे थे।
गृह मंत्रालय की ऑफिस के बाहर TMC का प्रदर्शन
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन और महुआ मोइत्रा के साथ पार्टी के अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘उन्हें जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।’ अधिकारी ने यह भी कहा कि निषेधाज्ञा और सुरक्षा चिंताओं के कारण गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। तख्तियां लिए और ED के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए टीएमसी के 8 सांसदों ने कर्तव्य भवन में प्रवेश करने की कोशिश की। गृह मंत्रालय का कार्यालय अब कर्तव्य भवन में है। अधिकारी ने बताया कि सांसदों को भवन में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके बाद उन्होंने गेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन प्रदर्शन स्थल से हटा दिया।





