SIR मामले का यूपी चुनावों पर होगा असर? भाजपा का इनकार; नए प्लान के साथ तैयार
पार्टी के नेता लोगों को बताएंगे कि चुनाव आयोग द्वारा अपनाई गई प्रक्रियाएं किसी भी तरह से कानून के खिलाफ नहीं। हालांकि पार्टी का मानना है कि विपक्षी पार्टियों के विरोध का अगले साल होने वाले चुनावों में कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।

एसआईआर के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर मोर्चा खोले विपक्ष के मंसूबों को भाजपा जनता के बीच जाकर उजागर करेगी। पार्टी देश भर में कार्यक्रमों के जरिए इन मुद्दों पर तथ्यों के साथ जाएगी। पार्टी लोगों को बताएगी कि एसआईआर न केवल पूरी तरह सही है, बल्कि कांग्रेस की सरकारों के समय से चली आ रही नीतियों के हिसाब से ही आगे बढ़ाया जा रहा।
पार्टी का मानना है कि इस तरह के विपक्षी प्रयासों से न तो आने वाले किसी चुनाव पर असर पड़ने वाला है और न ही जनता उनके झांसे में आने वाली है। इस कड़ी में भाजपा और सरकार के बड़े नेता अब मोर्चा संभालने लगे हैं। बता दें कि विपक्ष ने एकजुट होकर SIR के खिलाफ हल्ला बोला है और सड़को पर उतरी है।
गृह मंत्री ने हमला बोला
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस और विपक्ष को करारा जबाब देते हुए साफ किया था कि उनके अराजकतावादी रवैये का जनता करारा जवाब देगी और अगले लोकसभा चुनाव भी भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी। पार्टी ने संगठन स्तर पर विपक्ष के आरोपों का जनता के बीच जाकर पर्दाफाश करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी लोगों को बताएगी कि चुनाव आयोग द्वारा अपनाई गई प्रक्रियाएं किसी भी तरह से कानून के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन विपक्ष ने डर और भ्रम पैदा करने का रास्ता चुना है।
आगामी चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा
पार्टी का मानना है कि चुनाव आयोग और एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ विपक्षी पार्टियों के विरोध का अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। बता दें कि अगले साल की शुरुआत में पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में चुनाव होंगे। इनमें से चार राज्यों में भाजपा फिर से सत्ता में आने और पंजाब में पहली बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। साल के आखिर में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी चुनाव होंगे।
बिहार चुनाव में विपक्ष को नहीं मिला लाभ
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि चुनावी राज्यों में विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों का कोई असर नहीं दिख रहा है। इससे पहले बिहार में कांग्रेस का अभियान मतदाता सूची में गड़बड़ी पर केंद्रित था, लेकिन राजग भारी बहुमत से जीता। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों और आंदोलनों के बारे में भी सरकार का स्पष्ट मानना ही कि सीजेपी को विरोध-प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई थी, क्योंकि 20 जुलाई को उनका प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिससे शांतिपूर्ण विरोध की शर्त का उल्लंघन हुआ था। सरकार लोगों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और शहर में तैनात अतिरिक्त बल तब तक बने रहेंगे जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते।

