बीजेपी ने GenZ को लेकर बनाया बड़ा प्लान, यूपी समेत 7 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर क्या है रणनीति

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

शनिवार को नई टीम बीजेपी की पहली बैठक के दौरान यह तह किया गया कि अब 14 से 25 साल तक के युवाओं से संपर्क बढ़ाना है। इसके लिए युवा संवाद अभियान शुरू किया जाएगा। पीएम मोदी के जन्मदिन से एक और अभियान शुरू करने की तैयारी है।

Pm Modi
बीजेपी की नई टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिंचवाई तस्वीर

भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय टीम की शनिवार को हुई पहली बैठक में संगठन विस्तार के साथ जेन-जी और युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष ‘युवा संवाद’ अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पांच नेताओं की टीम बनाई गई है।

युवाओं से संपर्क साधेगी बीजेपी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बैठक में लोगों से जुड़ाव और नए विचार को महत्व देते हुए युवाओं से संपर्क को काफी तवज्जो दिया। वहीं, नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच लगातार बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि युवाओं से संवाद केवल राजनीति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके मुद्दों, आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होनी चाहिए। बदलती पीढ़ी के साथ संवाद के नए माध्यम और तरीके अपनाने पर भी जोर दिया गया।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, युवा संवाद के लिए गठित टीम में नितिन नवीन के अलावा राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी एवं छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं।

युवाओं को सवाल पूछने का मौका

‘युवा संवाद’ में युवाओं से बातचीत कर उनकी सोच, समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने की कोशिश होगी। कार्यक्रमों में उन्हें भाजपा नेताओं से सीधे सवाल पूछने का माैका मिलेगा। कार्यक्रमों की तारीख और स्थान जल्द घोषित किए जाएंगे।

2027 के चुनावों पर भी नजर

भाजपा की यह पहल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और गोवा के विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, केंद्र सरकार भी ‘यूनिवर्सिटी आउटरीच’ के जरिये कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों से सीधे संवाद बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

सार्वजनिक जीवन में संयम-अनुशासन का ध्यान रखें

बैठक में पदाधिकारियों के आचरण को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया गया। कहा गया कि सार्वजनिक जीवन में संयम, अनुशासन और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। किसी पदाधिकारी का व्यक्तिगत व्यवहार भी संगठन की छवि से जुड़ा होता है, इसलिए सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

आक्रामक नीति, सहज अंदाज के साथ आगे बढ़ने का संदेश

नितिन नवीन ने सहज अंदाज के साथ पार्टी की आक्रामक रणनीति के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने पार्टी के एजेंडे को मजबूती से रखते हुए पदाधिकारियों को पार्टी को लगातार अपने कार्यक्रमों के जरिये जनता से जुड़े रहने का मंत्र दिया। भाजपा मुख्यालय में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष की नवनियुक्त टीम के पदाधिकारियों की पहली परिचय बैठक हुई। नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 पदाधिकारी हैं, जिनमें से 51 नए चेहरे हैं। बैठक में नए पदाधिकारियों के साथ पुराने पदाधिकारियों को भी बुलाया गया था। इसका उद्देश्य संगठन में निरंतरता बनाए रखने के साथ नए नेतृत्व और पुराने अनुभव के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन विस्तार, युवाओं खासकर जेन-जी के साथ संवाद बढ़ाने और पार्टी की रीति-नीति को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। एक पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में नितिन नवीन का अंदाज भले ही सहज और संवादात्मक रहा, लेकिन एजेंडा साफ था। भाजपा के नए नेतृत्व की यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक आने वाले समय में पार्टी की कार्यशैली और प्राथमिकताओं की दिशा का संकेत देती नजर आई।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से करें काम

बैठक में पदाधिकारियों को ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) की भावना के साथ काम करने का मंत्र दिया गया। पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष नितिन नवीन ने संकेत दिया कि संगठन की ताकत केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के हर वर्ग के बीच निरंतर संपर्क और सेवा के माध्यम से पार्टी की स्वीकार्यता और पहुंच को और बढ़ाया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन से विशेष अभियान शुरू होगा

पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर विशेष अभियान शुरू करेगी। प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को चिह्नित करने के लिए उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने यह जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस साल अक्तूबर में सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने सात अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्तूबर 2026 तक एक माह के देशव्यापी अभियान के तहत भाजपा युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित समाज के हर वर्ग तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचेगी। तावड़े ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता इस अवधि में सेवा कार्यों के साथ-साथ केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। भाजपा मुख्यालय में राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और संगठन मंत्रियों के साथ अभियान की योजना तैयार की गई।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबीजेपी ने GenZ को लेकर बनाया बड़ा प्लान, यूपी समेत 7 राज्यों की चुनावी रणनीति तय