'प्रधानमंत्री को हटाने के 2 ही तरीके', विपक्ष के प्रदर्शन पर क्या बोले निशिकांत दुबे
निशिकांत दुबे ने विपक्ष के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेतृत्व पूरी तरह बिखर चुका है और अब अभिजीत दीपके व शरजील इमाम जैसे लोग उसके नेता बन गए हैं। राहुल गांधी इन लोगों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1947 से आज तक क्या कभी किसी ने सुप्रीम कोर्ट में जाकर धरना-प्रदर्शन किया है? दुबे ने आरोप लगाया कि जिस तरह इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर संविधान को किनारे कर दिया था, उसी तरह उनके पोते राहुल गांधी भी भारतीय संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को हटाने के 2 ही तरीके हैं, चुनाव के जरिए या अविश्वास प्रस्ताव लाकर। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाना होता है। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जाती है और वकील अदालत में पक्ष रखते हैं, वहां धरना देने नहीं जाया जाता।
निशिकांत दुबे ने विपक्ष के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेतृत्व पूरी तरह बिखर चुका है और अब अभिजीत दीपके व शरजील इमाम जैसे लोग उसके नेता बन गए हैं। दुबे ने दावा किया कि राहुल गांधी इन लोगों के साथ प्रतिस्पर्धा करते नजर आ रहे हैं। इसी वजह से उनका रवैया और ज्यादा उग्र हो गया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो पहले उन्हें केरल, तमिलनाडु, झारखंड, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों का इस्तीफा दिलवाना चाहिए। दुबे ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का इस्तीफा दिलवाना चाहिए।
हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे: निशिकांत दुबे
निशिकांत ने विपक्ष के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर सब ठीक रहता है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं। बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि राहुल गांधी भी उनकी तरह संसद के सदस्य हैं और संविधान के तहत उनका दर्जा दूसरे सांसदों के बराबर ही है। राहुल गांधी अपनी पार्टी या परिवार में बड़े नेता हो सकते हैं, लेकिन संवैधानिक व्यवस्था में उन्हें दूसरे सांसदों से अलग दर्जा हासिल नहीं है। दुबे की ये टिप्पणियां इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन मार्च को लेकर आई हैं। विपक्षी दल चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहे हैं।
विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने वोट चोरी, मतदाता सूची के SIR में अनियमितताओं और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपने विरोध प्रदर्शन को तेज करते हुए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च निकाला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं की ओर से एससी में याचिका भी दायर की गई है जिसमें एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर हस्तक्षेप की मांग की गई है।

