कंगना रनौत थलपति विजय की दोस्त तृषा के सपोर्ट में उतरीं, भाजपा भी कर चुकी है अपमान
विजय और उनकी दोस्त तृषा को लेकर DMK से लेकर भाजपा तक के नेताओं ने अपमानजक बयान दिए हैं। अब कंगना रनौत ने कहा है कि महिलाओं के चरित्र हनन पर रोक लगनी ही चाहिए। उन्होंने कहा है कि दुनियाभर की महिलाओं के साथ ऐसा ही होता है।

तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री थलपति विजय और उनकी दोस्त तृषा के रिश्ते को लेकर मचे तूफान के बीच अब तृषा को कंगना रनौत का साथ मिला है। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को कहा है कि हमेशा से महिलाओं के चरित्र का इस्तेमाल उन्हें बर्बाद करने के लिए किया जाता है और अब समय आ गया है कि समाज अपने भीतर झांककर देखे कि महिलाओं के साथ कैसा बर्ताव किया जाता है।
गौरतलब है कि पूर्व में CM विजय और तृषा की जोड़ी कई तमिल फिल्मों में सुपरहिट रही थी। इसके बाद दोनों के बीच अफेयर की भी खबरें सामने आईं। हालांकि दोनों ने हमेशा इस तरह की खबरों को खारिज किया और एक दूसरे को अच्छा दोस्त ही बताया। हालांकि तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री के बाद से ही विरोधियों ने लगातार तृषा और विजय पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। इस लिस्ट में द्रमुक और AIADMK नेता के साथ साथ भाजपा नेता के भी नाम शामिल हैं। अब कंगना रनौत ने इसे लेकर ही तृषा का साथ दिया है।
क्या बोलीं कंगना?
सोमवार को कंगना से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के उस भाषण के बारे में सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने विपक्षी द्रमुक को निशाना बनाते हुए चेतावनी दी थी कि व्यक्तिगत हमले, दोहरे अर्थ वाले अपमानजनक शब्द या महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पर कंगना रनौत ने पत्रकारों से कहा, ''हम सभी जानते हैं कि यह केवल भारत तक सीमित नहीं है और दुनियाभर में ऐसा होता है कि कामकाजी महिलाओं, सफल महिलाओं, अभिनेत्रियों, राजनेताओं और सत्ता एवं अधिकार के पदों पर बैठी महिलाओं के चरित्र को निशाना बनाया जाता है ताकि उन्हें नीचे गिराया जा सके।''
आत्ममंथन की जरूरत- कंगना
विजय ने अपने भाषण में तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के साथ हुए दुर्व्यवहर का भी जिक्र किया था। 2021 में बनी जयललिता के जीवन पर आधारित फिल्म में उनकी भूमिका निभाने वाली कंगना रनौत ने कहा कि महिलाओं को इस तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ''तमिलनाडु में हमने देखा है कि एक बेहद प्रसिद्ध अभिनेत्री को उसके संबंधों को लेकर निशाना बनाया गया।'' उन्होंने कहा कि संबंध दोनों पक्षों से होते हैं लेकिन दुर्व्यवहार, 'चीरहरण' और चरित्र हनन के लिए केवल महिला को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा, ''हमें एक समाज के रूप में आत्ममंथन करना चाहिए कि हम महिलाओं को किस नजरिए से देखते हैं और क्या हम वास्तव में उनका सम्मान करते हैं या नहीं।''
तृषा को लेकर होती रही है बयानबाजी
इससे पहले तृषा और विजय के रिश्तों को लेकर कई बार अपमानजन बातें कही गई हैं। बीते दिनों स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में तृषा आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इसे DMK ने शर्मनाक बताया। वहीं इससे पहले तमिलनाडु ने तब बड़ा बवाल शुरू हो गया जब विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने तृषा को लेकर बेहद अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद चेन्नई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। विजय ने कई मौकों पर चेतावनी दी है कि महिलाओं के अपमान को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेता भी कर चुके हैं आपत्तिजनक टिप्पणी
इससे पहले भाजपा भी तृषा को लेकर अपमानजक भाषा का प्रयोग कर चुकी है। बीते फरवरी महीने में तमिलनाडु के बीजेपी चीफ नैनार नागेंद्रन ने विजय के राजनीतिक अनुभव पर सवाल उठाते हुए अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, "बेचारे विजय पूरी तरह राजनीति में अनुभवहीन हैं। पहले उन्हें अपने घर से बाहर निकलना चाहिए। पहले तृषा के घर से बाहर आइए, उसके बाद कुछ हो सकता है।" यह बात कहते हुए नागेंद्रन हंसते भी नजर आए। हालांकि विवाद बढ़ते ही उन्होंने माफी मांग ली थी।

