हम मस्जिदों के बाहर भीख मांग लेंगे... शराबबंदी के लिए सड़कों पर उतरी भाजपा; सीएम का घर घेरा
कश्मीर में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर BJP ने CM उमर अब्दुल्ला के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। BJP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर साधा निशाना, कहा- 'रेवेन्यू चाहिए तो हम भीख मांग लेंगे'। पढ़ें पूरी खबर।

श्रीनगर में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आवास के बाहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी नेता और कार्यकर्ता कश्मीर घाटी में पूर्ण रूप से शराबबंदी की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में भी लिया।
बीजेपी की चेतावनी- पूरे कश्मीर में होगा आंदोलन
बीजेपी ने चेतावनी दी है कि अगर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) की सरकार ने शराबबंदी पर कदम नहीं उठाया, तो पार्टी भविष्य में दूसरे चरण का विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। यह प्रदर्शन दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड शहर से लेकर उत्तर कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर स्थित करनाह इलाके तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा, 'बीजेपी हर तरह के नशे और शराब के सेवन के सख्त खिलाफ है। एनसी सरकार जम्मू-कश्मीर के युवाओं को शराब की ओर धकेलना चाहती है।'
ठाकुर ने आगे कहा कि एनसी नेताओं का शराब की बिक्री का समर्थन करना बिल्कुल अस्वीकार्य है। कश्मीर सूफियों और संतों की भूमि है, हम इस धरती पर शराब की दुकानें नहीं खुलने देंगे।
'पैसे चाहिए तो हम मस्जिदों के बाहर भीख मांग लेंगे'
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल बीजेपी महासचिव अनवर खान ने मुख्यमंत्री और एनसी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला को शराब की बिक्री से मिलने वाले राजस्व (रेवेन्यू) की ही चिंता है, तो बीजेपी कार्यकर्ता सत्तारूढ़ पार्टी के लिए 'मस्जिदों के बाहर बैठकर भीख मांग लेंगे', लेकिन युवाओं के भविष्य के साथ किसी को खेलने की इजाजत नहीं देंगे।
विरोध कर रहे कई बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा के 100 दिवसीय नशामुक्ति अभियान पर भी सवाल उठाए और पूछा कि इस अभियान में शराब की बिक्री को शामिल क्यों नहीं किया गया है। बता दें कि एलजी ने 11 अप्रैल को 100 दिनों का एंटी-ड्रग ड्राइव लॉन्च किया था, जिसके बाद से इसे शराब पर भी लागू करने की मांग उठ रही है।
पुलिस का एक्शन, 10 प्रदर्शनकारी लिए गए हिरासत में
हंगामे को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास के पास से खदेड़ दिया। बीजेपी प्रवक्ता साजिद यूसुफ शाह ने बताया कि पुलिस ने उनके समेत कम से कम 10 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। हालांकि, एक घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।
क्या है पूरा विवाद और किसने क्या कहा?
रविवार को ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में शराबबंदी की मांग को खारिज कर दिया था। उन्होंने विपक्षी पीडीपी के उस तर्क को भी नकार दिया था जिसमें कहा गया था कि शराब की बिक्री की अनुमति देने से इसके सेवन को बढ़ावा मिलेगा।
उमर के बयान के बाद उनके पिता व पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि 1977 में उनके पिता शेख मोहम्मद अब्दुल्ला ने भी शराब पर बैन लगाने से इनकार कर दिया था, क्योंकि इससे राज्य को भारी राजस्व मिलता था। फारूक ने कहा, 'अगर आज भी भारत सरकार हमारे राजस्व के नुकसान की भरपाई कर दे, तो मुझे यकीन है कि सरकार शराब पर बैन लगा देगी।' खुद के शराब न पीने का दावा करते हुए फारूक ने यह भी कहा था कि बैन लगाने से तस्करों को बाहर से शराब लाने से नहीं रोका जा सकेगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस का पलटवार
एनसी के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने इस मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि यह पीडीपी-बीजेपी की ही सरकार थी जिसने 2017 में नई आबकारी नीति लागू की थी। इसी नीति के तहत उन इलाकों में भी शराब की दुकानें खोलने का अनिवार्य प्रावधान किया गया था, जहां पहले से कोई सुविधा नहीं थी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ें

