‘राहुल गांधी कोई VVIP नहीं कि…’, गौरव भाटिया का SC पर बड़ा आरोप; CJI सूर्यकांत ने दिया जवाब

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में जल्द सुनवाई की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सभी बराबर हैं। कोर्ट ने शिकायतकर्ता से अर्ली हियरिंग एप्लिकेशन दाखिल करने को कहा। राहुल गांधी की अपील पिछले पांच महीने से सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई थी।

राहुल गांधी की याचिका पर क्यों नहीं हुई सुनवाई? सुप्रीम कोर्ट में शिकायतकर्ता ने उठाया सवाल
राहुल गांधी की याचिका पर क्यों नहीं हुई सुनवाई? सुप्रीम कोर्ट में शिकायतकर्ता ने उठाया सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे आपराधिक मानहानि मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई की मांग पर अहम टिप्पणी की। कोर्ट ने शिकायतकर्ता के वकील गौरव भाटिया से कहा कि अगर वह मामले की तत्काल सुनवाई चाहते हैं तो इसके लिए अर्ली हियरिंग एप्लिकेशन दाखिल करे। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने साफ कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सामने हर व्यक्ति बराबर है। पीठ में CJI सूर्यकांत के अलावा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे।

इससे पहले शिकायतकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपील पिछले पांच महीने से सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है। बता दें कि गौरव भाटिया भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं।

राहुल गांधी को VVIP बताकर उठाया गया सवाल

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के मामले को लंबे समय से लिस्ट नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा इसलिए नहीं हो रहा क्योंकि इसमें खुद (राहुल) गांधी शामिल हैं। गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी कोई VVIP नहीं हैं कि उनका मामला लिस्ट न किया जाए। उनकी ओर से दाखिल अपील पिछले पांच महीने से सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है। भाटिया ने कहा, "वे कोई VVIP नहीं हैं कि स्टे का फायदा उठाते हुए उनके मामले को लिस्ट ही न किया जाए। मामला 5 महीने पहले लिस्ट किया गया था, लेकिन उस पर सुनवाई नहीं हुई। यह संस्था के लिए अच्छी बात नहीं है।"

भाटिया ने 'The Wire' से जुड़े मानहानि मामले से राहुल गांधी के मामले को अलग (डी-टैग) करने की मांग की। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि इसे क्यों टैग किया गया था।" इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए और जल्द सुनवाई के लिए आवेदन दाखिल किया जाए। CJI ने कहा, “जल्द सुनवाई की मांग करते हुए आवेदन दाखिल कीजिए। हमारे सामने सभी बराबर हैं। आवेदन दाखिल कीजिए, हम इसे सुनवाई के लिए लेंगे।”

किस बयान से जुड़ा है मानहानि का मामला?

राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला उनके उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों की पिटाई कर रहे हैं।” यह टिप्पणी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीन की गतिविधियों को लेकर सरकार की आलोचना के संदर्भ में की गई थी।

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ पहले ही राहुल गांधी के खिलाफ मामले पर रोक लगा चुकी है। उस पीठ ने राहुल गांधी से यह भी पूछा था कि वह ऐसे मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठाने के बजाय संसद में क्यों नहीं उठाते। पीठ ने यह सवाल भी किया था कि क्या उनके बयान किसी विश्वसनीय सामग्री पर आधारित थे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को दी चुनौती

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें लखनऊ की अदालत की ओर से राहुल गांधी को जारी किए गए समन के मामले में उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।

यह मामला वकील विवेक तिवारी की ओर से बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव की तरफ से दाखिल शिकायत से जुड़ा है। श्रीवास्तव का रैंक सेना में कर्नल के बराबर था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने 16 दिसंबर 2022 को 9 दिसंबर 2022 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुई झड़प को लेकर टिप्पणी की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक ये टिप्पणियां भारतीय सैन्य बलों के प्रति अपमानजनक और मानहानिकारक थीं।

लखनऊ की अदालत ने राहुल गांधी को पेश होने को कहा था

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा ने राहुल गांधी को मानहानि मामले की सुनवाई के लिए 24 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया था। राहुल गांधी ने इस आदेश को इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनौती दी। हाई कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी।

हाई कोर्ट ने कहा कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 199(1) के तहत कोई व्यक्ति किसी अपराध का प्रत्यक्ष पीड़ित नहीं होने के बावजूद “पीड़ित व्यक्ति” माना जा सकता है, अगर उस अपराध से उसे नुकसान हुआ हो या वह उससे प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुआ हो।

कोर्ट ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता ने सेना के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया था और राहुल गांधी की टिप्पणियों से वह व्यक्तिगत रूप से आहत हुए थे। इसलिए वह CrPC की धारा 199 के तहत “पीड़ित व्यक्ति” की श्रेणी में आते हैं और शिकायत दर्ज करने के हकदार हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराहुल गांधी कोई VVIP नहीं कि… गौरव भाटिया का SC पर बड़ा आरोप; CJI ने दिया जवाब