भाजपा ने 5 राज्यों के चुनाव में फूंके 529 करोड़ रुपये, अकेले बंगाल पर खर्च कर दिए आधे से ज्यादा
BJP Election Spending: बीजेपी ने हालिया विधानसभा चुनावों में 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए। चुनावी खर्च रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल में पार्टी ने सबसे ज्यादा 286 करोड़ रुपये खर्च किए। जानें असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कितना पैसा खर्च हुआ।

भारतीय जनता पार्टी ने हाल में हुए विधानसभा चुनावों में 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए। पार्टी की चुनावी खर्च रिपोर्ट के मुताबिक, इस रकम का आधे से ज्यादा हिस्सा अकेले पश्चिम बंगाल में खर्च हुआ। बंगाल में पार्टी ने करीब 286 करोड़ रुपये खर्च किए। BJP की ओर से चुनाव आयोग को दी गई खर्च रिपोर्ट में असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों का ब्योरा शामिल है।
बंगाल में BJP ने कहां कितना खर्च किया?
बंगाल में BJP पहली बार सत्ता में पहुंची है। पश्चिम बंगाल में BJP ने कुल करीब 286 करोड़ रुपये खर्च किए। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें-
- 217.16 करोड़ रुपये सामान्य पार्टी चुनाव अभियान पर खर्च हुए।
- 69.83 करोड़ रुपये उम्मीदवारों से जुड़े खर्च में गए।
- इसमें 58.80 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को दिए गए।
दूसरे राज्यों में कितना खर्च हुआ?
BJP की केंद्रीय इकाई ने पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान अलग-अलग रकम खर्च की। रिपोर्ट में राज्यों के हिसाब से खर्च इस तरह बताया गया है-
असम: 96.26 करोड़ रुपये
केरल: 82.67 करोड़ रुपये
तमिलनाडु: 51.56 करोड़ रुपये
पश्चिम बंगाल: 286 करोड़ रुपये
पुडुचेरी: 11.89 करोड़ रुपये
इन सभी राज्यों में पार्टी का कुल खर्च 529.38 करोड़ रुपये रहा।
चुनावी खर्च के बाद BJP के पास कितनी रकम बची?
रिपोर्ट के मुताबिक, चुनावी अवधि के दौरान BJP को 1,494 करोड़ रुपये की प्राप्तियां हुईं। चुनावी चक्र खत्म होने के बाद पार्टी के पास बैंक बैलेंस और नकद के रूप में कुल 7,689.06 करोड़ रुपये का क्लोजिंग बैलेंस था।
पार्टियों और उम्मीदवारों के खर्च में क्या अंतर है?
चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के खर्च पर सीमा तय होती है, लेकिन राजनीतिक दलों के चुनावी खर्च पर ऐसी सीमा नहीं है। प्रत्येक चुनाव के बाद राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग के सामने अपने खर्च का विस्तृत ब्योरा देना होता है। इस खर्च में यात्रा, रैलियां, विज्ञापन और चुनाव प्रचार की सामग्री जैसी मदें शामिल होती हैं।

