प्रशांत भूषण के रिजीम चेंज वाले बयान पर भाजपा का पलटवार- तख्तापलट की कोशिश में राहुल गांधी का इकोसिस्टम
भारतीय जनता पार्टी ने प्रशांत भूषण के ऊपर जबरदस्त हमला बोला है। भाजपा की तरफ से राहुल गांधी को भी इस मामले में लपेटते हुए कहा गया कि यह पूरा इकोसिस्टम देश में तख्ता पलट की कोशिश कर रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण द्वारा दिए गए 'रिजीम चेंज' वाले बयान से राजधानी दिल्ली की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से प्रशांत भूषण, नेहा बोरा समेत तमाम विपक्षी नेताओं के ऊपर जमकर हमला बोला गया। सत्ताधारी पार्टी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनका ''पूरा इकोसिस्टम'' केंद्र में सत्ता हासिल करने और ''तख्तापलट'' करने के लिए देश में ''बांग्लादेश जैसी अराजकता'' फैलाने की कोशिश कर रहा है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता नेहा बोरा की उस टिप्पणी को ''राहुल गांधी की साजिश का सबूत'' बताया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि वह बांग्लादेश में युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन से प्रेरित हैं। भंडारी ने आरोप लगाया, ''नेहा बोरा ने एक साक्षात्कार में कहा कि वह बांग्लादेश आंदोलन से प्रेरित हैं और जो बांग्लादेश में हुआ वह भारत में भी होना चाहिए। ये शब्द नेहा बोरा के हैं लेकिन इसके पीछे सोच राहुल गांधी की है।''
इनका मकसद भारत में तख्तापलट करना- भाजपा
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि वे (राहुल गांधी इकोसिस्टम) भारत में बांग्लादेश जैसा 'जेन जी' आंदोलन चाहते हैं और उनका मकसद ''तख्तापलट'' करना है। भाजपा नेता ने दावा किया कि बोरा की टिप्पणी और हाल ही में राहुल के विरोध मार्च में उनकी उपस्थिति से यह साबित होता है कि कांग्रेस नेता अपने ''पूरे इकोसिस्टम'' (उनके आसपास के लोगों) के साथ मिलकर देश में अराजकता भड़काकर लोकतंत्र को तबाह करने की ''साजिश'' रच रहे हैं, ताकि किसी भी तरह कांग्रेस को केंद्र में वापस सत्ता में लाया जा सके।
नेहा बोरा पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूरे समूह को विदेशी ताकतों का एजेंट करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने भारत माता को गिरवी रखने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, "नेहा बोरा ने कहा कि 'हमारा आंदोलन बांग्लादेश से शुरू हुआ था।' भारत में आपका आंदोलन भले ही जंतर-मंतर से शुरू हुआ हो, लेकिन यह जंतर-मंतर पर ही हवा में विलीन हो जाएगा। यह इससे आगे नहीं बढ़ेगा। जो जंतर-मंतर से शुरू हुआ है, वह वहीं खत्म हो जाएगा; यह एक किलोमीटर भी आगे नहीं बढ़ पाएगा। कभी यह सोचने की हिम्मत भी मत करना कि भारत सिर्फ जंतर-मंतर के दो किलोमीटर के दायरे में ही सिमटा हुआ है। भारत एक विशाल राष्ट्र है, जिसका निर्माण हजारों वर्षों की चेतना से हुआ है। भारत की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना कोई हंसी-मजाक की बात नहीं है।
संबित पात्रा ने साधा प्रशांत भूषण पर निशाना
भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने रिजीम चेंज वाले बयान को लेकर प्रशांत भूषण पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "प्रशांत भूषण ने कहा है कि यह संघर्ष सत्ता परिवर्तन के लिए है। मैं यह पूरी तरह से स्पष्ट कर दूं कि यह देश किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है। यह किसी एक परिवार की जागीर नहीं है। जब वह कहते हैं कि वह सत्ता परिवर्तन के लिए लड़ रहे हैं, तो इससे यह बात साबित होती है कि राहुल गांधी और उनके साथियों को SIR से लेना देना नहीं है। वह बच्चों के भविष्य के लिए नहीं लड़ रहे हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य सत्ता परिवर्तन करके सत्ता पर कब्जा करना है। वह किसी भी कीमत पर सरकार बनाना चाहते हैं। क्योंकि चुनाव लड़कर वह ऐसा नहीं कर पाते, जनता उन्हें बार-बार नकार रही है।
देश में सत्ता बदलने की एक प्रक्रिया- संबित पात्रा
प्रशांत भूषण के रिजीम चेंज वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि हमारे देश में सत्ता परिवर्तन की एक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, "हमारा संविधान सरकार बदलने की एक स्पष्ट प्रक्रिया तय करता है। इस देश में हर पांच साल में चुनाव होते हैं, जहां लोग अपने वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल करते हैं। सत्ता में बदलाव के लिए यही वैध तरीके हैं। लेकिन आप इस प्रक्रिया में विश्वास नहीं करते। आप अराजकता और अव्यवस्था में विश्वास करते हैं। आज, प्रशांत भूषण ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर यह बात स्वीकार कर ली है। यह स्पष्ट है और माना भी जा चुका है कि यह मानसिकता,चाहे वह राहुल गांधी की हो, प्रशांत भूषण की हो, या उनके पूरे समूह की एक खास तरह की सोच को दर्शाती है।"
क्या कहा था प्रशांत भूषण ने, जिस पर भड़की भाजपा?
भाजपा के धुर विरोधी माने जाने वाले वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी समेत अन्य घटकों के साथ मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कहा कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ असंतोष पैदा करना कोई अपराध नहीं है, और अब यह संघर्ष ''वास्तव में सत्ता परिवर्तन'' के लिए है।
भूषण ने कहा, ''सरकार का आरोप है कि विपक्ष सत्ता परिवर्तन चाहता है... हम अभी इस बात के लिए लड़ रहे हैं कि चुनाव ठीक ढंग से हों। लेकिन अगर इसी तरह की बर्बरता जारी रही, तो सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से होगा। हां, हम सभी सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। इसमें क्या गलत है? भाजपा ने सत्ता परिवर्तन के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। अब वे कह रहे हैं कि सत्ता परिवर्तन के लिए कोई साजिश रची जा रही है। सत्ता परिवर्तन हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। हमारे संविधान के अनुसार, सरकार के प्रति असंतोष पैदा करना कोई अपराध नहीं है।''
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी के भारतीय राजनीति में सामने आने के बाद प्रदर्शनों का दौर एक बार फिर से शुरू हुआ है। पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब एक खोजी रिपोर्ट के आधार पर सीईसी ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाया जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर में देश के वैध लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। इस मामले पर सरकार को लगातार घेरा जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को दिल्ली में नेहा बोरा, अभिजीत दीपके, प्रशांत भूषण समेत तमाम लोगों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें ही यह बयानबाजी हुई है।

