'राहुल गांधी ने की प्रेग्नेंट पत्रकार से बदसलूकी', बीजेपी का दावा; धक्का देकर गिरा दिया
एक महिला पत्रकार ने दावा किया है कि सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दे दिया और इसलिए उन्हें चोट आई है। उन्होंने कहा कि मुझे गिराने के बाद लोगों ने नारेबाजी की और किसी ने हाल भी नहीं पूछा।

कांग्रेस की अगुआई में विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट मार्च के बाद अब बीजेपी भी हमलावर है। बीजपी विधायक उमंग बजाज ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने एक प्रेग्नेंट पत्रकार के साथ बदसलूकी की और इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने कहा, स्थानीय विधायक होने के नाते मैं यहां आया। हमने उनका हाल-चाल पूछा और पत्रकार ऋचा पाराशर ऐडमिट करवाया। उनकी स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ने शर्मनाक हरकत की है।
बजाज ने कहा, अगर कोई पत्रकार कुछ पूछता है तो उसका जवाब देना चाहिए ना की जमीन पर गिरा देना चाहिए। देश के युवाओं को भी संदेश आपको देखना चाहिए कि भाषण से कुछ नहीं होता। ये कहते हैं कि हम महिलाओं को सम्मान करते हैं। लेकिन बोलने से कुछ नहीं होता, करने से होता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार सिर्फ अपना काम कर रही थी। राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए था।
बीजेपी नेता राजेश भाटिया ने भी कहा कि महिला पत्रकार को राहुल गांधी ने धक्का दिया। उन्होंने कहा, बात लगभग 8 या 8.30 बजे की है। मेरे राजेंद्र नगर वाले ऑफिस पर एक महिला आई और उसने कहा कि मेरी बहन की मदद करिए। महिला ने कहा कि राहुल गांधी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया है और वह प्रेग्नेंट हैं। उन्हें चोट आई है और इलाज की जरूरत है। प्रदीप भंडारी ने कहा कि ऋचा पाराशर तीन महीने की प्रेग्नेंट हैं। वह अस्पताल में भी ऋचा से मिलने पहुंचे।
पत्रकार ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप
पत्रकार ने कहा, मैं सुप्रीम कोर्ट के अंदर थी और गेट के पास खड़ी थी कि जब यहां से निकलेंगे तो राहुल गांधी की बाइट ले लूंगा। मैं कोई इनफ्लुएंशर नहीं हूं। राहुल गांधी आते हैं, मैंने जैसे ही माइक बढ़ाया। उन्होंने मेरा माइक हटा दिया। जब बाकी लोग माइक लगाने लगे तो मैंने फिर लगाया। मेरे कैमरामैन मेरे पीछे थे। राहुल गांधी ने मेरा हाथ पकड़ा और आगे की तरफ खींचा। तब तक उनके बॉडीगार्ड्स ने खींचकर धक्का दे दिया। मैं मुंह के बल सीढ़ियों पर गिर गई। सबसे पहले राहुल गांधी ने पकड़ा। इसका वीडियो है। राहुल गांधी ने खुद मेरे कैमरा पर्सन को धक्का दिया। उन्होंने फोन दिखाते हुए कहा, मेरा फोन भी टूट गया।
उन्होंने कहा, मैं यही बोल रही थी कि मुझे धक्का मत दीजिए। मैं कोई गुंडा मवाली नहीं हूं। उन्होंने कहा, मेरे गिरने के बाद मेरे ऊपर चार-पांच लोग गिर गए। उनके पास गुंडे थे जो कि जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, मैं चुप नहीं रहूंगी। मैं किनारे बैठ गई लेकिन कोई मेरे पास नहीं आया। राहुल गांधी तो मुझे जानते भी नहीं हैं। राहुल गांधी ने मुझे क्यों धक्का दिलवाया। उन्होंने कहा, मैं रो रही थी और लोग मुझपर आरोप लगा रहे थे।
पत्रकार ने कहा, मेरे पति आए और मेरी बहन आई। मेरी गर्दन में चोट लगी है और हाथ में चोट लगी है। अब मेरे पूरे शरीर में दर्द हो रहा है। डॉक्टर ने कहा कि अभी अस्पताल में रहना होगा। पत्रकार ने कहा, ये लोग महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं लेकिन इस तरह की हरकतें करते हैं। इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी के आसपास काफी भीड़ थी।


