यूपी में 100 विधायकों का कट सकता है टिकट, 2024 वाली गलती नहीं दोहराना चाहती है बीजेपी
उत्तर प्रदेश में इस बार बीजेपी 100 विधायकों का टिकट काट सकती है। पार्टी के आंतरिक सर्वे में जिन विधायकों का जनाधार कमजोर दिखाई देगा उनका टिकट काटने से कोई परहेज नहीं होगा।

उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल लोगों की नजरें राज्यसभा के चुनाव पर टिकी हुई हैं। वहीं विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी बीजेपी के साथ विपक्ष भी बिसात बिछाने लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार बीजेपी टिकट बंटवारे में काफी सतर्क रहने वाली है। इसलिए कम से कम 100 विधायकों के टिकट पर भी खतरा मंडरा रहा है। दरअसल पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण में बहुत सारी बातें निकलकर आ रही हैं। ऐसे में अगर किसी विधायक का स्थानीय पदाधिकारियों से ज्यादा तनाव या अनबन देखा जाता है या फिर एंटी इनकंबेंसी का फैक्टर ज्यादा है तो उसे इस बार मौका मिलने की गुंजाइश नहीं है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो बीजेपी के करीब 100 ऐसे विधायक हैं जिनपर जनता का भरोसा कम हो गया है। इसके साथ ही कई विधायकों का स्थानीय पदाधिकारियों से मतभेद रहता है। इसके साथ ही आरएसएस से भी विधायकों के बारे में राय ली गई है। इन सभी बातों को मिला-जुलाकर ही पार्टी आलाकमान कोई फैसला कर सकता है।
जनता से ली जा रही राय
सूत्रों का कहना है कि पार्टी विधानसभा के हिसाब से सर्वे करवा रही है। इसके अलावा इस बार सबसे ज्यादा प्रमुखता जीत की संभावना को ही दी जा रही है। किसी राजनेता की वरिष्ठता उसके बाद आंकी जा रही है। दरअसल उत्तर प्रदेश में बीजेपी की दो बार लगातार सरकार रही है। ऐसे में कई ऐसे विधायक भी हैं जो कि 10 साल से सीट पर काबिज हैं. इस वजह से एंटी इनकंबेंसी भी देखी जा रही है।
युवाओं पर भरोसा करेगी पार्टी
कई बार संगठन में भी अनबन देखने को मिलती है। पार्टी पदाधिकारियों के साथ अनबन होने पर उसका सीधा प्रभाव वोट पर नजर आता है। ऐसे में पार्टी ऐसे विधायकों को लेकर सजग हो गई है। इसके अलावा इस बार पार्टी नए चेहरों पर भी भरोसा कर सकती है। पिछले कुछ महीनों से देश में जिस तरह का माहौल है और जेन-जी की चर्चा हो रही है उससे निपटने के लिए पार्टी कुछ बदलाव लाना चाहती है। वह पुराने चेहरों को वरीयता देने की जगह पर नए और युवा चेहरों को प्रमुखता देना चाहती है।
2024 वाली गलती नहीं दोहराना चाहती बीजेपी
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की सीटों में 30 की गिरावट दर्ज की गई थी। पहले 62 सीटें थीं जो कि कम होकर 33 हो गई थी। यह एक बड़ी गिरावट थी। बीजेपी ने पुराने 49 सांसदों को फिर से टिकट दिया था जिनमें से 27 की हार हुई थी। ऐसे में अगर दो बार जीतने वाले विधायकों के खिलाफ जनता में असंतोष देखा जाएगा तो उनका टिकट कट सकता है। पार्टी के सीनियर नेताओं का कहना है कि अगर किसी ने अपना जनाधार पकड़कर रखा है और फिर से उसकी जीत की संभावना है तो यह नहीं देखा जाएगा कि वह कितनी बार विधायक रहा है।
क्या है चुनौती
बीजेपी के सामने इस बार एंटी इनकंबेंसी के साथ समाजिक समीकरण को साधने की भी चुनौती है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूपी में सवर्ण वोट इस बार छिटका है और इससे बीजेपी का नुकसान हुआ है। ऐसे में बीजेपी का फोकस दलित वोट पर भी रहने वाला है। वहीं समाजवादी पार्टी पहले से ही पिछड़ा, दलित और आदिवासी का फार्मुला लेकर चल रही है। ऐसे में बीजेपी के लिए रास्ता काफी चुनौतीपूर्ण है। नए चेहरों और लोकप्रियता को भी चुनाव में इस्तेमाल करना बीजेपी का समझदारी भरा कदम हो सकता है।


