
बिहार में बंपर वोटिंग, डिप्टी सीएम और आरजेडी MLC के बीच नोकझोंक; पढ़ें आज की बड़ी खबरें
Top News Today: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 25 साल बाद 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि, मतदान के बीच लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर अचानक हमला बोल दिया गया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 25 साल बाद 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, मतदान के बीच लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर अचानक हमला बोल दिया गया। वहीं, क्रिकेट मैदान पर भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को गुरुवार के चौथे टी20 मुकाबले में 48 रनों से धूल चटा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वे चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को फ्लैग-ऑफ करेंगे। दूसरी तरफ, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सट्टेबाजी के एक बड़े घोटाले में सख्त कार्रवाई की है और पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना व शिखर धवन की संपत्तियों को जब्त कर लिया। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...

बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण में भारी मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया, और 25 साल बाद वोटिंग का सारा रिकॉर्ड टूट गया, 60 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया। बता दें कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे समाप्त हो गई। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर लाखों मतदाता घरों से निकले और अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट दिए। हालांकि, कई स्थानों से हिंसक घटनाओं की खबरें भी सामने आईं। लखीसराय में भाजपा प्रत्याशी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ। वहीं, दरभंगा के घनश्यामपुर में बोगस वोटिंग करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पढ़ें पूरी खबर...
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और राजद MLC अजय सिंह के बीच तीखी नोकझोंक
पहले चरण की वोटिंग के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ। खोरियारी क्षेत्र में मतदाताओं को घरों से बाहर निकलने से रोका जा रहा था और एक बूथ पर राजद समर्थकों ने कब्जा जमा लिया था। इसकी जानकारी मिलते ही विजय सिन्हा मौके पर पहुंचे और लोगों से मतदान करने की अपील की। इससे नाराज लोगों ने उनकी गाड़ी पर गोबर, चप्पलें और पत्थर फेंके। विजय सिन्हा ने राजद कार्यकर्ताओं पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। पुलिस ने उनका काफिला आगे बढ़ाया, लेकिन तभी राजद MLC अजय सिंह भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सड़क पर ही उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और अजय सिंह के बीच जमकर बहस हुई, जो कैमरे में कैद हो गई। पढ़ें पूरी खबर...
लगातार दूसरी जीत के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 2-1 की बढ़त बनाई
भारत ने गुरुवार को खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत से पांच मैचों की सीरीज में भारत ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। गोल्ड कोस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 167 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 18.2 ओवरों में 119 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिशेल मार्श ने 24 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 3 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल व शिवम दुबे ने 2-2 विकेट हासिल किए। इससे पहले तीसरे मैच में भी भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। पढ़ें पूरी खबर...
8 नवंबर को चार वंदे भारत ट्रेनें होंगी लॉन्च
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। पीएमओ के बयान में कहा गया कि यह कदम प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करता है, जिसमें विश्वस्तरीय रेल सेवाओं से यात्रियों को तेज, सुगम व आरामदायक सफर उपलब्ध कराना शामिल है। इन चार ट्रेनों का एक साथ लॉन्च रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। पढ़ें पूरी खबर...
ED ने सुरेश रैना व शिखर धवन की 11 करोड़ की संपत्ति जब्त की
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सख्त कार्रवाई की। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई। ED अधिकारियों के मुताबिक, अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों से जुड़े इस केस की जांच में दोनों खिलाड़ियों का नाम सामने आया। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत शिखर धवन की 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...





