टॉप 1,2,3 को छोड़ दिया और 4,5,6 को बना दिया SC जज; सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर उठ रहे गंभीर सवाल
SC News: भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के अलावा जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बी वी नागरत्ना, जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस पी एस नरसिम्हा उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम के सदस्य हैं।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सोमवार (28 सितंबर) को तीन हाई कोर्ट्स के मुख्य न्यायाधीशों को शीर्ष अदालत में जज नियुक्त करने की अनुशंसा की है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से पेश प्रस्ताव के अनुसार, कॉलेजियम ने गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुनीता अग्रवाल को शीर्ष न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की है। इसके अलावा कॉलेजियम ने दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाई कोर्ट के के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को भी SC में न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की है।
यह अनुशंसा सोमवार को हुई कॉलेजियम की बैठक में की गई। भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के अलावा जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बी वी नागरत्ना, जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस पी एस नरसिम्हा उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम के सदस्य हैं। दूसरी तरफ, कॉलेजियम की इस अनुशंसा पर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि जजों की वरिष्ठता सूची को नजरअंदाज कर इन जजों के नामों की सिफारिश की गई है।
‘वरिष्ठता में बदलाव संस्थागत क्षरण’
कॉलेजियम की इस सिफारिश पर सवाल उठाने वालों में पूर्व नौकरशाह से लेकर पत्रकार तक शामिल हैं। पूर्व नौकरशाह और हाल के दिनों में चर्चा में रहे आशीष जोशी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की इस सिफारिश पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, 'वरिष्ठता में बदलाव संस्थागत क्षरण है।' उन्होंने पत्रकार मनीष छिब्बर की एक पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है, “जब कॉलेजियम ऑल-इंडिया सीनियरिटी में टॉप तीन हाई कोर्ट चीफ जस्टिस को छोड़कर चौथे, पांचवें और छठे नंबर के जजों को प्रमोट करता है, तो यह देश के हर जज को यह संदेश देता है कि बंद दरवाजों के पीछे सीनियरिटी, सर्विस और उम्मीदों का कोई मतलब नहीं रह जाता। आप न्यायपालिका की आजादी की बात तो करते हैं, लेकिन वही अपारदर्शिता और पक्षपात अपनाते हैं जिसकी आप दूसरी संस्थाओं में आलोचना करते हैं।”
जोशी ने आगे लिखा, “सेना, सिविल सर्विस और न्यायपालिका में किसी को नजरअंदाज करके उससे जूनियर को प्रमोट करना (सुपरसेशन) किसी भी बाहरी खतरे से ज़्यादा तेजी से मनोबल गिराता है। जब लोगों को यह समझ आ जाता है कि मेरिट और सीनियरिटी जरूरी नहीं हैं, तो संस्था काबिलियत के बजाय आज्ञाकारिता के आधार पर लोगों को चुनना शुरू कर देती है। इसी तरह संस्थाएं अंदर से खोखली हो जाती हैं। या तो हर सुपरसेशन के लिए साफ और रिकॉर्डेड कारण बताएं या फिर यह दिखावा करना बंद करें कि यह प्रक्रिया पारदर्शी है। चुप्पी आज़ादी नहीं है। यह बस बिना जवाबदेही वाली ताकत है।”
नंबर 1, 2 और 3 नजरअंदाज
उनसे पहले छिब्बर ने इस मुद्दे को उठाते हुए एक्स पर लिखा, "सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 3 हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट में प्रमोट करने के लिए उनके नामों की सिफारिश की है। दिलचस्प बात यह है कि ऑल इंडिया सीनियरिटी के हिसाब से नंबर 1, 2 और 3 को नजरअंदाज कर दिया गया है, जबकि नंबर 4, 5 और 6 पर रहने वाले नामों की सिफारिश की गई है।" बता दें कि अगर केंद्र सरकार इन सिफारिशों को मान लेती है तो सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी। महिला जजों की संख्या भी बढ़कर दो से तीन हो जाएगी। SC में CJI समेत 38 अधिकतम जज हो सकते हैं।


