फ्लाईदुबई फ्लाइट में 'ओमानी कांड' के बाद बड़ा सवाल, क्या पाकिस्तानी पायलट भारत में उड़ा सकता है विमान?
फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट वाले मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या किसी पायलट की नागरिकता से यह तय हो सकता है कि वह दूसरे देश में विमान उड़ा सकता है या नहीं? इसी सवाल से जुड़ा यह भी पूछा जा रहा है कि क्या कोई पाकिस्तानी पायलट भारत में उड़ान भर सकता है?

फ्लाईदुबई की इजरायल जाने वाली फ्लाइट में ओमानी को-पायलट के हमले ने एक बड़ा सवाल फिर उठा दिया है। क्या पायलट की नागरिकता यह तय कर सकती है कि वह किसी दूसरे देश में विमान उड़ा सकता है या नहीं? इजरायल में जांच हो रही है कि ओमान के इजरायल से राजनयिक संबंध न होने के बावजूद ओमानी पायलट को इस रूट पर उड़ान भरने की इजाजत थी या नहीं। इसी घटना से भारत को लेकर भी सवाल खड़ा हो गया है कि क्या कोई पाकिस्तानी पायलट भारत में विमान उड़ा सकता है।
ओमानी को-पायलट पर भारतीय कैप्टन पर हमले का आरोप
बता दें कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में ओमानी को-पायलट पर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा। हमले के बाद विमान कुछ ही सेकंड में हजारों फीट नीचे चला गया। यात्रियों और क्रू ने को-पायलट को काबू किया और विमान सऊदी अरब में लैंड कराया गया। बाद में 174 यात्रियों को दूसरे विमान से इजरायल पहुंचाया गया। इस घटना ने सिर्फ कॉकपिट की सुरक्षा पर ही सवाल नहीं खड़े किए, बल्कि पायलट की नागरिकता से जुड़े नियमों को भी सुर्खियों में ला दिया।
इजरायल में अब यह जांच हो रही है कि यूएई-इजरायल एविएशन समझौते के तहत ओमानी नागरिक को इजरायल रूट पर पायलट के रूप में उड़ान भरने की इजाजत थी या नहीं। ओमान के इजरायल से राजनयिक संबंध नहीं हैं। इजरायली रिपोर्टों के मुताबिक, समझौते में शर्त है कि इजरायल के लिए उड़ान भरने वाले पायलट उन देशों के पासपोर्ट वाले हों, जिनके इजरायल से सामान्य संबंध हैं। ओमान इस श्रेणी में नहीं आता। इजरायल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने भी यह जांच कराने को कहा है कि फ्लाईदुबई का संचालन समझौते के हिसाब से था या नहीं।
पाकिस्तानी पायलट की क्या है स्थिति
दूसरी ओर इसी घटना ने भारत को लेकर भी एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। कई लोग पूछ रहे हैं कि अगर किसी देश में पायलट की नागरिकता पर रोक या शर्त लग सकती है, तो भारत में पाकिस्तानी पायलट की स्थिति क्या है। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ एयरस्पेस पर रोक लगा रखी है। इस रोक के तहत पाकिस्तान में रजिस्टर्ड विमान और पाकिस्तानी एयरलाइन या ऑपरेटर द्वारा चलाए गए, उनके स्वामित्व वाले या लीज पर लिए गए विमान भारतीय एयरस्पेस में नहीं आ सकते। रोक जमीन से अनलिमिटेड ऊंचाई तक लागू है और इसमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं।
लेकिन इस रोक के शब्दों को ध्यान से देखना जरूरी है। भारत की मौजूदा एयरस्पेस रोक सीधे किसी पायलट की नागरिकता पर नहीं, बल्कि विमान और ऑपरेटर पर है। यानी पाकिस्तानी एयरलाइन का विमान या पाकिस्तान में रजिस्टर्ड विमान भारत में नहीं उड़ सकता। ऐसे विमान के साथ काम करने वाला पाकिस्तानी पायलट भी भारत में उड़ान नहीं भर सकता। सवाल तब और पेचीदा हो जाता है, जब पायलट पाकिस्तानी हो, लेकिन एयरलाइन और विमान पाकिस्तानी न हों। अगर कोई पाकिस्तानी नागरिक यूएई, यूरोप या किसी दूसरी विदेशी एयरलाइन में काम करता है, उसके पास जरूरी लाइसेंस हैं, विमान पाकिस्तान में रजिस्टर्ड नहीं है और उसे कोई पाकिस्तानी ऑपरेटर नहीं चला रहा, तो मौजूदा एयरस्पेस नोटिस सिर्फ पायलट के पाकिस्तानी होने की वजह से उड़ान नहीं रोकता।
भारत में उड़ाने की छूट मिल गई?
हालांकि इसका मतलब यह भी नहीं कि उसे अपने आप भारत में उड़ाने की छूट मिल गई है। वीजा, इमिग्रेशन, सुरक्षा मंजूरी, विदेशी क्रू की अनुमति और एयरलाइन की ऑपरेटिंग मंजूरी अलग-अलग शर्तें हैं। 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा भी रोक दिए थे। 24 अप्रैल को वीजा सेवाएं स्थगित की गईं और 27 अप्रैल से कुछ छूटों को छोड़कर मौजूदा वीजा रद्द कर दिए गए। इसके अलावा सार्क वीजा छूट योजना के तहत आने पर भी रोक लगी।
इसलिए स्थिति साफ है। भारत की एयरस्पेस रोक मुख्य रूप से पाकिस्तानी विमान और पाकिस्तानी एयरलाइन पर है, सिर्फ पायलट की नागरिकता पर नहीं। लेकिन कोई पाकिस्तानी पायलट अपने आप भारत में प्रवेश नहीं कर सकता और न ही क्रू के रूप में काम कर सकता है। अगर वह विदेशी एयरलाइन के विदेशी रजिस्टर्ड विमान को उड़ा रहा है, तो विमान एयरस्पेस रोक के दायरे में नहीं आएगा। फिर भी भारत में आने और उड़ान भरने की उसकी अनुमति वीजा, इमिग्रेशन, सुरक्षा जांच और क्रू क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।

