तमिलनाडु चुनाव से पहले बड़ा फैसला, कांग्रेस और DMK में सीट बंटवारे पर मुहर; किसे कितनी सीट?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डीएमके ने कमर कस ली है। द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को सीट बंटवारे को अंतिम रूप देते हुए कांग्रेस को 28 सीट आवंटित की। इसके अलावा पार्टी को एक राज्यसभा सीट भी आवंटित की गई है

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डीएमके ने कमर कस ली है। द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK) ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को सीट बंटवारे को अंतिम रूप देते हुए कांग्रेस को 28 सीट आवंटित की। इसके अलावा पार्टी को एक राज्यसभा सीट भी आवंटित की गई है। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु में सत्ता के बंटवारे और सीटों की संख्या को लेकर पैदा हुए लंबे गतिरोध को देखते हुए वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के हस्तक्षेप के बाद सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस ने बुधवार रात राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे के समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए।
लंबी बातचीत के बाद हस्ताक्षरित समझौते के अनुसार, कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट आवंटित की गई है। समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागाई ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। ऐसा भी माना जा रहा है कि डीएमके ने 2028 में एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया है, हालांकि दोनों दलों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि या घोषणा नहीं की गई है। राज्य विधानसभा से राज्यसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन की पूर्व संध्या पर पिछले दो दिनों में हुई गहन चर्चा के बाद इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन और सेल्वापेरुन्थागाई के बीच हस्ताक्षरित समझौते के तहत कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट मिली है। कांग्रेस किन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेगी, इसकी पहचान अगले दौर की बातचीत में की जाएगी। दोनो दल राज्यसभा उम्मीदवारों का नामांकन गुरूवार को दाखिल करेंगे। सेल्वापेरुन्थागाई ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा करेगी और पार्टी इस समझौते से पूरी तरह संतुष्ट एवं खुश है।
गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा 39 विधानसभा और दो राज्यसभा सीटों की मांग पर अड़े रहने के कारण संबंधों में तनाव आ गया था। हालांकि, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के अनुरोध पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने हस्तक्षेप किया और मंगलवार को स्टालिन के साथ बातचीत की, जिसका मुख्य केंद्र बिंदु भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराना था। इसके बाद डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंततः 28 सीटें और एक राज्यसभा सीट देने पर सहमति व्यक्त की।
डीएमके ने मंगलवार रात अपने नए सहयोगी, दिवंगत अभिनेता-राजनेता विजयकांत की पार्टी देशिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) को एक राज्यसभा सीट आवंटित की थी। अगले महीने खाली होने वाली राज्यसभा की कुल छह सीटों में से डीएमके आसानी से चार सीटें जीत सकती है, जिनमें से एक वह डीएमडीके को दे चुकी है।
मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) अन्य दो सीटें जीत सकती है, जिसने कथित तौर पर अपनी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके-अंबुमणि) को एक सीट देने पर सहमति जताई है। अंततः द्रमुक ने अपने पुराने सहयोगी कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे का समझौता कर लिया है, जिससे दोनों पक्षों के बीच संबंध और मजबूत हुए हैं। दोनों पक्षों ने 2021 के चुनावों की तरह एक बार फिर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


