सोसायटी में कुर्बानी के लिए रखे गए थे बकरे? बकरीद से पहले मुंबई में बवाल; पूरा मामला क्या

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
Follow us on Google News
share

मुंबई में बकरीद से पहले खासा बवाल मच गया। मामला मीरा रोड स्थित पूनम स्टेट क्लस्टर-1 का है। बताया जाता है कि यहां पर सोसायटी के अंदर कुर्बानी के लिए बकरे लाए जा रहे थे। इसको लेकर यहां के निवासियों ने आपत्ति जताई।

मुंबई में बकरीद से पहले खासा बवाल मच गया। मामला मीरा रोड स्थित पूनम स्टेट क्लस्टर-1 का है। बताया जाता है कि यहां पर सोसायटी के अंदर कुर्बानी के लिए बकरे लाए जा रहे थे। इसको लेकर यहां के निवासियों ने आपत्ति जताई। इनका कहना था कि हाई कोर्ट का आदेश है कि रहवासी इलाके में बिना अनुमति कुर्बानी नहीं दी जा सकती। इसकी शुरुआत सोमवार को ही हुई थी, जब सोसायटी परिसर में 25 बकरियां लाई गईं और उन्हें एक अस्थायी टीन शेड में रखा गया।

सोसायटी में शुरू हो गया विरोध
इसको लेकर सोसायटी में रहने वालों ने विरोध शुरू कर दिया। इन लोगों का आरोप था कि यह टीन शेड बनाने से पहले यहां के लोगों से बात भी नहीं की गई। इनका यह भी कहना था कि सोसायटी में बिना किसी आधिकारिक मीटिंग के ही इसे तैयार कर दिया गया। कुछ निवासियों ने कहाकि यहां पर बकरों की मौजूदगी से काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय भाजपा नेताओं, हिंदू संगठनों और रहवासियों की शिकायतों के बाद सिविक बॉडी के अधिकारियों ने अस्थायी शेड को गिरा दिया।

रात में बढ़ा विवाद
हालांकि सोमवार रात फिर विवाद बढ़ गया। अस्थायी टीनशेड हटाए जाने के बाद भी बकरे सोसायटी के परिसर में ही रह गए थे। इसी दौरान तेज बहस और झगड़े के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से एक युवक पर हमला बोल दिया। इस हमले में वह युवक घायल हो गया। बाद में पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया। इसके बाद सोसायटी के बाहर सुरक्षा की कड़ी कर दी गई, ताकि मामला आगे न बढ़े।

पदाधिकारियों ने क्या कहा
सोसायटी के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोसायटी परिसर के अंदर कुर्बानी देने के लिए किसी तरह की इजाजत नहीं ली गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह अस्थायी टीनशेड सिर्फ बकरियों को वहां पर रखने के लिए बनाया गया था। वहीं, मंगलवार को यहां के निवासियों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान इन लोगों ने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला दिया। निवासियों का कहना है कि किसी रहवासी इलाके में बिना इजाजत कुर्बानी पर हाई कोर्ट ने पाबंदी लगा रखी है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें