पेट्रोल 100 के पार... '3F' का जिक्र सर मनीष तिवारी का हरदीप पुरी पर तंज- भूखे पेट भजन न होय गोपाला
चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत चार साल बाद पहली बार 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 101.54 रुपये प्रति लीटर हो गई, जिससे आम जनता में चिंता बढ़ गई है।

चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत चार साल बाद पहली बार 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 101.54 रुपये प्रति लीटर हो गई, जिससे आम जनता में चिंता बढ़ गई है। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने इस पर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने हिंदी कहावत 'भूखे पेट भजन न होय गोपाला' का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, लेकिन आम आदमी पर बोझ बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान मनीश तिवारी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने 77280 करोड़ रुपये का संयुक्त शुद्ध लाभ कमाया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 130 प्रतिशत की भारी वृद्धि है। फिर भी हर कुछ दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर सवाल करते हुए पूछा कि जहां तेल कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं, वहीं दमनकारी मूल्य निर्धारण नीति के तहत आम लोग कुचले जा रहे हैं। क्या यही अच्छा शासन है?
तीसरी बार 100 पार
बता दें कि चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत इससे पहले केवल दो बार 100 रुपये के पार हुई थी, नवंबर 2021 और अप्रैल 2022 में। अब तीसरी बार यह 101.54 रुपये पर पहुंच गया है।
सोमवार को चौथी बढ़ोतरी
सोमवार को चंडीगढ़ में पेट्रोल 2.57 रुपये महंगा होकर 101.54 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जबकि डीजल 2.53 रुपये बढ़कर 89.47 रुपये प्रति लीटर हो गया। 15 मई को मूल्य वृद्धि पर लगी रोक हटने के बाद यह पिछले दस दिनों में चौथी बढ़ोतरी है। इस दौरान पेट्रोल में 7.50 रुपये और डीजल में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी हो चुकी है।
3F संकट का जिक्र
मनीष तिवारी ने इसे '3F समस्या' (Fuel, Fertilizer और Foreign Exchange) बताया। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों के आर्थिक कुप्रबंधन के कारण यह स्थिति बनी है। भारत अपनी 88 प्रतिशत कच्चे तेल की जरूरत आयात से पूरी करता है। रुपया 2014 के 58.50 रुपये प्रति डॉलर से गिरकर 95.32 रुपये प्रति डॉलर पहुंच गया है, जिससे आयात महंगा हो गया है।
ट्राइसिटी में कीमतों का अंतर
ट्राइसिटी (चंडीगढ़-मोहाली-पंचकुला) में वैट की अलग-अलग दरों के कारण कीमतों में भारी अंतर है
मोहाली: पेट्रोल 105.79 रुपये (चंडीगढ़ से 4.25 रुपये महंगा)
पंचकुला: डीजल 96.24 रुपये (सबसे महंगा)
चंडीगढ़: पेट्रोल 101.54 रुपये, डीजल 89.47 रुपये
बताया जा रहा है कि इस अंतर के कारण मोहाली और पंचकुला के वाहन चालक चंडीगढ़ के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगा रहे हैं। 40 लीटर पेट्रोल भरवाने पर मोहाली की तुलना में 170 रुपये की बचत हो रही है।
आमलोगों पर क्या असर?
टैक्सी चालक गुरप्रीत सिंह ने कहा कि ऐप किराया तय करता है, लेकिन ईंधन खर्च 10 दिनों में 1500 रुपये मासिक बढ़ गया है। इस रफ्तार से टैक्सी चलाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं, घरेलू कामगार पुष्पा देवी ने बताया कि ऑटो किराया भी बढ़ने वाला है। पंजाब विश्वविद्यालय की छात्रा नवनीत कौर ने कहा कि उनका मासिक ईंधन खर्च 5000 रुपये पार कर गया है और अब वे बस से यात्रा करने पर विचार कर रही हैं।
क्या कह रहे डीलर्स?
चंडीगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमनप्रीत सिंह ने कहा कि कंपनियां लंबे समय से घाटे में थीं। पेट्रोल पर 20 रुपये और डीजल पर 40 रुपये प्रति लीटर का नुकसान उठा रही थीं। अंतरराष्ट्रीय कीमतों और आपूर्ति लागत बढ़ने के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


